बंगला साहिब मामले में Arvind Kejriwal और AAP नेताओं पर FIR, Delhi Police ने शुरू की जांच
दिल्ली पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित तौर पर हंगामा करने के मामले में दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार को दर्ज कराई गई शिकायत में डीएसजीएमसी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश किया और वहां विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी और अशांति पैदा हुई।
इस तरह गुरु घर की पवित्रता का राजनीतिक गतिविधियों के लिए दुरुपयोग करने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आप नेताओं और विधायकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित किए, जिनमें घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति पर आरोप लगाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए फुटेज की जांच की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारी शनिवार को बड़ी संख्या में गुरुद्वारा परिसर में एकत्र हुए थे। हालांकि, पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के कारण उनके प्रयास विफल कर दिए गए थे।
राजस्थान Panchayat Polls में BJP प्रशासन का दुरुपयोग दोहराएगी, Ashok Gehlot का दावा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सोमवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायती राज चुनावों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। गहलोत ने साथ ही चेतावनी दी कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनावों में ‘‘पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग दोहराएगी।’’ राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों में होंगे। गहलोत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शहरी निकाय चुनावों की तरह भाजपा पंचायती राज चुनावों में भी प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग निश्चित रूप से दोहराएगी।
हमें लोगों को साथ लेकर इस बेईमानी का मुकाबला करना होगा।’’ उन्होंने दावा किया कि कथित अनियमितताओं के बावजूद कांग्रेस ने शहरी निकाय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया और उसे भाजपा के लगभग बराबर वोट मिले। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस हमेशा से ग्रामीण इलाकों में मजबूत रही है और इसलिए पार्टी चुनाव जीतेगी।’’ गहलोत ने कहा कि ये चुनाव पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं है।
यह हम सभी की लड़ाई है। मैं जनप्रतिनिधियों से फोन पर बात भी कर रहा हूं और कई साथियों से पहले ही बात कर चुका हूं।’’ उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांवों का दौरा करने, लोगों के बीच रहने और भाजपा की उन गतिविधियों को उजागर करने का आग्रह किया, जिन्हें उन्होंने अलोकतांत्रिक बताया। गहलोत ने कहा, ‘‘जब लोग हमारे साथ होते हैं, तो कोई भी प्रशासन या पुलिस उनसे उनका जनादेश नहीं छीन सकती।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








