जनसेवा में 25 साल पूरे होने पर PM Narendra Modi के सम्मान में छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने पारित किया प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर जनसेवा के 25 साल पूरे करने की बधाई देते हुए रविवार को एक प्रस्ताव पारित किया। साय ने रायपुर में मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता के बाद सिविल लाइंस इलाके में अपने आवास पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और कद काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह राष्ट्र प्रथम , जनसेवा, सुशासन, गरीबों के कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के सिद्धांतों से प्रेरित एक असाधारण यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।’’ साय ने सहकारी संघवाद के जरिये छत्तीसगढ़ को सहयोग देने, अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने और आवास, नल से पानी, साफ-सफाई, राशन, स्वास्थ्य सेवा और खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन जैसी जरूरी सुविधाएं आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करने के लिए केंद्र का आभार भी जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ता कूटनीतिक प्रभाव जी20 की अध्यक्षता, ब्रिक्स में प्रभावी भूमिका, जी20 में अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्यता दिलाने की पहल और ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने की कोशिशों में साफ तौर पर दिखाई दिया। यह बात भी उनके वैश्विक कद को रेखांकित करती है कि 36 देशों ने मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है।’’ साय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष सरीखी पहल से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी लाभ हुआ है। उन्होंने मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने कोविड-19 महामारी से लेकर वैश्विक ऊर्जा संकट तक, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना किया है।
साय ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के मोदी के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ नाम से एक रोडमैप तैयार किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए साय ने कहा कि उस दौरान राज्य में प्रौद्योगिकी, जनभागीदारी और परिणामोन्मुख प्रशासन से जुड़ी कई सुशासन संबंधी पहल शुरू की गई थीं, जिन्हें बाद में देशभर में अपनाया गया। उन्होंने कहा, “वर्ष 2000 में स्थापित छत्तीसगढ़ राज्य ने भी अपने विकास के शुरुआती वर्षों में गुजरात मॉडल के सफल अनुभवों से सीख ली और तेजी से प्रगति की।
गरीबों का कल्याण मोदी की नीतियों के केंद्र में रहा है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देता है।
Bokaro के ESL Steel संयंत्र में गैस रिसाव से 2 कर्मचारियों की मौत
झारखंड के बोकारो जिले में ईएसएल स्टील संयंत्र में रविवार को गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हादसे की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी और उसके निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
ईएसएल के एक प्रवक्ता ने कहा, “संयंत्र में गैस की चपेट में आने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक अधिकारी और एक कारोबारी साझेदार इंजीनियर की मौत हो गई।” बोकारो स्थित ईएसएल स्टील लिमिटेड, वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (वीआईएसएल) की अनुषंगी कंपनी है। कंपनी के प्रवक्ता ने हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पीटीआई-को बताया कि मृतकों की पहचान बोकारो के रामगढ़ निवासी सोहन महतो और धनबाद जिले के समीर अंसारी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि यह हादसा बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड में सियालजोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंपनी के कार्यस्थल पर हुआ। सियालजोरी थाने के प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुआवजे के भुगतान को लेकर श्रमिक संघ और कंपनी के अधिकारियों के साथ बातचीत की जा रही है।
राज्य के मुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष कुमार सिन्हा ने पीटीआई-को बताया कि बोकारो के कारखाना निरीक्षक शिवानंद लगुरी को घटनास्थल का दौरा करने, विस्तृत जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। सिन्हा ने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई। हालांकि, हम कोई टिप्पणी करने से पहले जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi




