योगी सरकार बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को देगी बड़ा तोहफा, मासिक पेंशन में करने जा रही बढ़ोतरी
UP News: उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन के लाभार्थियों को योगी सरकार बड़ा तोहफा देने जा रही है. दरअसल, यूपी की योगी सरकार इन योजनाओं के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि बढ़ाने पर विचार कर रही है. प्रस्ताव के मुताबिक, अभी मिल रही 1,000 रुपये की पेंशन को बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रति माह किए जाने की योजना है.
सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति मिलने की जानकारी है, लेकिन अंतिम फैसला होना अभी बाकी है. बताया जा रहा है कि प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जल्द ही कैबिनेट के समक्ष रखा जा सकता है. अगर मंत्रिमंडल से इसे हरी झंडी मिल जाती है, तो राज्य के लाखों पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
हर महीने मिलेगी 500 रुपये ज्यादा पेंशन
बता दें कि वर्तमान में यूपी में पात्र बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं के तहत हर महीने 1,000 रुपये दिए मिलते हैं. प्रस्ताव लागू होने पर यह राशि बढ़कर 1,500 रुपये होने की उम्मीद है. यानी लाभार्थियों को मौजूदा रकम के मुकाबले हर महीने 500 रुपये अधिक मिलेंगे. बढ़ती महंगाई के बीच पेंशन की राशि में इजाफा होने से इन लोगों के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है.
दरअसल, नियमित आय का साधन न होने की वजह से कई लाभार्थी अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सरकारी सहायता पर निर्भर रहते हैं. ऐसे में पेंशन बढ़ने से दवाइयों, खाने-पीने और दूसरे जरूरी खर्चों को पूरा करने में उन्हें कुछ मदद मिल सकती है.
अनुपूरक बजट में हो सकता है अतिरिक्त धन का प्रावधान
माना जा रहा है कि पेंशन की राशि बढ़ाने के लिए सरकार को अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों की जरूरत होगी. जानकारी के मुताबिक, दिसंबर में पेश किए जाने वाले दूसरे अनुपूरक बजट में इस मद के लिए धनराशि की व्यवस्था किए जाने की संभावना है. हालांकि, बजट में प्रावधान और कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही योजना को लागू करने की प्रक्रिया स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल लाभार्थियों को बढ़ी हुई पेंशन मिलने की तारीख को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है.
युवाओं को नौकरी और पेंशनधारकों को राहत देने की तैयारी
बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से पेंशन बढ़ाने की संभावित योजना ऐसे समय सामने आई है, जब अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का एलान भी किया गया है. पेंशन में बढ़ोतरी और रोजगार से जुड़े इन कदमों को अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. फिलहाल बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को अंतिम निर्णय का इंतजार है. पेंशन में बढ़ोतरी तभी लागू मानी जाएगी, जब सरकार की ओर से जरूरी मंजूरियां और औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी.
रियाद एयरपोर्ट पर हमले से भड़के ट्रंप, बोले- जल्द पता चलेगा अमेरिका क्या करेगा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए जानलेवा हमले की निंदा करते हुए इसे 'बेहद भयानक' बताया. इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है. जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत भयानक है." अमेरिका की संभावित प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "आपको जल्द ही पता चल जाएगा, लेकिन मैं इतना कह सकता हूं कि यह बहुत भयानक घटना है."
ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात करने की बात कही. सऊदी अरब में जो हुआ है, वह स्वीकार नहीं किया जा सकता. सऊदी अरब की रक्षा क्षमता पर ट्रंप ने कहा, "वे अपनी रक्षा करने में सक्षम हैं. सऊदी अच्छे लड़ाके हैं, लेकिन यह हमला बेहद गंभीर और दुखद है." हूती समूहों के साथ अमेरिका के संपर्क को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, "हमारी हूती समूहों के साथ बातचीत हो रही है और देखते हैं आगे क्या होता है." सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए हैं. मारे गए लोगों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी नागरिक और अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फिलिस्तीन तथा सूडान का एक-एक नागरिक शामिल है. मृतकों में किसी भारतीय नागरिक का नाम नहीं है.
ये भी पढ़ें: यूक्रेन में अब राष्ट्रपति बदलने का समय, वैश्विक तेल समस्या के लिए जेलेंस्की जिम्मेदार : ट्रंप
ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वह इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या अमेरिका को हूती समूहों के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई में शामिल होना चाहिए. उन्होंने कहा, "संभव है. हम इस पर विचार करेंगे." ईरान से जुड़े एक सवाल पर ट्रंप ने कहा, "हम अभी पीछे हट सकते हैं लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में उनके पास परमाणु हथियार न हो." उन्होंने ईरान को लेकर कहा, "स्थिति कुछ शांत होती दिख रही है. चुनाव से पहले वे शायद कुछ अतिरिक्त कदम उठाएं, यह सोचकर कि इससे हमें नुकसान होगा लेकिन हम इसे बहुत जल्दी खत्म कर सकते हैं."
हालांकि, सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने हमले के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के अधिकारियों और एक राजनयिक सूत्र ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हमले का आरोप लगाया है. हूती समूह ने इस सप्ताह एयरपोर्ट पर पहले हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन शनिवार के हमले को लेकर तुरंत कोई दावा नहीं किया.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation








