Jamshedpur News: मां दुर्गा के आगमन से झूमा जुगसलाई, महालया पर निकली भव्य शोभायात्रा
Jamshedpur News: लौहनगरी जमशेदपुर की फिजाओं में अब शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की भक्ति घुलने लगी है. महालया के पावन अवसर पर जुगसलाई इलाके में मां दुर्गा के आगमन का स्वागत बेहद भव्य और भावुक अंदाज में किया गया. जुगसलाई दुर्गा बाड़ी ट्रस्ट की ओर से रविवार की सुबह एक विशाल और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई. पूरे रास्ते में ढाक की गूंज, शंख की पवित्र ध्वनि और मां दुर्गा के चंडी पाठ के श्लोकों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया. पारंपरिक परिधानों में सजे महिला, पुरुष और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. हर कोई मां भगवती की अगवानी में डूबा नजर आया और पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया.
ढाक की थाप और चंडी पाठ से गूंजा पूरा शहर
सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालु दुर्गा बाड़ी परिसर में जुटने लगे थे. शोभायात्रा शुरू होते ही पारंपरिक बाजे और ढाक की लयबद्ध थाप ने श्रद्धालुओं के पैरों में थिरकन ला दी. महिलाओं ने लाल पाड़ वाली सफेद और पीली साड़ियों में सजकर मां की स्तुति की, वहीं पुरुष और युवा भी पारंपरिक बंगाली कुर्ते और धोती में भक्ति गीतों पर झूमते दिखाई दिए. रास्ते भर गूंजते चंडी पाठ के मंत्रोच्चार ने आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया. शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए अपने परिवार, समाज और सगे संबंधियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की. मां के जयकारों से पूरा जुगसलाई गूंजता रहा.
1936 से चली आ रही गौरवशाली परंपरा
इस पावन मौके पर दुर्गा बाड़ी ट्रस्ट के वरिष्ठ ट्रस्टी शंभूनाथ बोस ने आयोजन के ऐतिहासिक महत्व पर रोशनी डाली. उन्होंने बताया कि जुगसलाई दुर्गा बाड़ी ट्रस्ट का यह सिलसिला कोई नया नहीं है, बल्कि वर्ष 1936 से यह अटूट परंपरा लगातार चली आ रही है. उन्होंने कहा कि महालया का दिन हमारे लिए बेहद खास होता है, क्योंकि इसी दिन से धरती पर मां दुर्गा के आगमन की विधिवत शुरुआत मानी जाती है. नगर भ्रमण के जरिए हम जनमानस को यह संदेश देते हैं कि जगतजननी मां दुर्गा आ चुकी हैं और अब अगले नौ दिनों तक शक्ति की विशेष आराधना का पर्व नवरात्रि पूरे विधि विधान के साथ मनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड में राशन वितरण को मिलेगी नई रफ्तार, जमशेदपुर में ग्रेन एटीएम का ट्रायल सफल; 5 मिनट में मिलेगा 50 किलो अनाज
झारखंड में राशन वितरण को मिलेगी नई रफ्तार, जमशेदपुर में ग्रेन एटीएम का ट्रायल सफल; 5 मिनट में मिलेगा 50 किलो अनाज
झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. जमशेदपुर में स्थापित ग्रेन एटीएम यानी ‘अन्नपूर्ति मशीन’ का ट्रायल सफल रहा है. इस आधुनिक तकनीक से राशन कार्डधारकों को निर्धारित कोटे के अनुसार गेहूं और चावल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. मशीन की मदद से महज पांच मिनट में 50 किलोग्राम तक अनाज प्राप्त किया जा सकेगा.
तकनीक से मजबूत होगी राशन व्यवस्था
जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित इस मशीन का शुक्रवार को परीक्षण किया गया. इस दौरान अनाज निकालने और उसके वजन की सटीकता की जांच की गई. ट्रायल सफल होने के बाद अब मशीन के औपचारिक उद्घाटन और नियमित संचालन की तैयारियां की जा रही हैं.
सरकार की पहल से लाभुकों को मिलेगी राहत
झारखंड सरकार की इस पहल का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और लाभुकों को होने वाली परेशानियों को कम करना है. पारंपरिक राशन दुकानों पर लंबी कतारों, समय की बर्बादी और तौल में गड़बड़ी जैसी शिकायतों से राहत मिलने की उम्मीद है. स्वचालित मशीन से अनाज मिलने पर निर्धारित मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी.
बायोमेट्रिक सत्यापन से मिलेगा राशन
ग्रेन एटीएम के जरिए राशन प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा. सत्यापन पूरा होने के बाद मशीन से निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे थैले में निकलेगा. इससे वितरण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और व्यवस्था की जवाबदेही बढ़ सकती है.
रांची और धनबाद तक विस्तार की योजना
झारखंड में ग्रेन एटीएम परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है. इसके लिए जमशेदपुर के साथ रांची और धनबाद को भी चुना गया है. जमशेदपुर में सफल परीक्षण राज्य में डिजिटल और तकनीक आधारित राशन वितरण व्यवस्था को विस्तार देने की दिशा में अहम कदम है. भविष्य में इस मॉडल की सफलता के आधार पर अन्य क्षेत्रों में भी इसका विस्तार किया जा सकता है.
इस पहल से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को तकनीक से जोड़ने, राशन वितरण को अधिक प्रभावी बनाने और पात्र लाभार्थियों तक अनाज पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







