MP Travel Mart 2026 में 3,729 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10 हजार से ज्यादा B2B मीटिंग्स; पर्यटन में बड़े विस्तार की तैयारी
भोपाल। मध्य प्रदेश में पर्यटन के बढ़ते कारोबार के बीच MP Travel Mart 2026 से 3,729 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। तीन दिन के इस आयोजन में 10,263 B2B मीटिंग्स हुईं, जहां देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, होटल कारोबारी और निवेशक प्रदेश के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों से सीधे मिले। पिछले साल करीब 9 हजार B2B मीटिंग्स हुई थीं, इस बार यह संख्या करीब 14 प्रतिशत बढ़ी है।
Travel Mart का दायरा भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ा। इस बार 34 देशों के 100 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स पहुंचे, जबकि पिछले साल 27 देशों से 90 प्रतिनिधि शामिल हुए थे। देश के भीतर 15 राज्यों से 180 टूर ऑपरेटर्स ने हिस्सा लिया, जिनकी संख्या पिछले संस्करण में 150 थी। प्रदेश के 250 से ज्यादा टूर ऑपरेटर्स, होटल कारोबारी और एग्जिबिटर्स सहित आयोजन में 600 से ज्यादा स्टेकहोल्डर्स जुड़े।
तीन दिनों की इन बैठकों से निकले निवेश प्रस्ताव केवल नए होटल बनाने तक सीमित नहीं हैं। लक्जरी होटल और रिसॉर्ट के साथ गोल्फ कोर्स, वेलनेस, वॉटरफ्रंट और वन्यजीव पर्यटन से जुड़े प्रोजेक्ट भी इसमें शामिल हैं। सबसे बड़ा प्रस्ताव सीहोर के रामगढ़ के लिए सामने आया है, जहां ARM Foods Private Limited ने 848.40 करोड़ रुपये के निवेश का MoU किया है। यहां गोल्फ कोर्स, विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल विकसित करने की योजना है, जिससे 920 से ज्यादा लोगों को सीधे रोजगार मिलने की बात कही गई है।
बांधवगढ़, सतपुड़ा और कान्हा में 520 करोड़ का निवेश
वन्यजीव पर्यटन में राजसन होटल्स ने 520 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है। कंपनी बांधवगढ़, सतपुड़ा और कान्हा टाइगर रिजर्व के आसपास वन्यजीव रिसॉर्ट विकसित करेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 375 प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा Atmosphere Group ने उज्जैन, इंदौर और वन्यजीव क्षेत्रों में 500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। Reini Group ने मांडू की करीब 350 साल पुरानी लुनेरा सराय को ‘Welcomhotel by ITC’ के रूप में विकसित करने और खजुराहो के कुटनी डैम पर वॉटरफ्रंट रिसॉर्ट सहित 290 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश का प्रस्ताव रखा है। Sarv Group ने मढ़ई में ‘Taj Safaris’ के साथ 100 करोड़ रुपये के अल्ट्रा-लक्जरी रिसॉर्ट सहित कुल 300 करोड़ रुपये के निवेश की योजना रखी है।
ओंकारेश्वर में MRVH Resorts का 200 करोड़ रुपये का ‘Ramada Resort by Wyndham’ भी तैयार हो रहा है। इसे सिंहस्थ 2028 से पहले वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने की बात कही गई है। कंपनी ने दूसरे स्थानों पर भी 150 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की योजना बताई है। Ramco Group ने 120 से 140 करोड़ रुपये के रिसॉर्ट, Varay Hotels ने उज्जैन में 80 करोड़ रुपये के होटल और Evolve Back ने मांडू में 50 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर अपनी योजना सामने रखी।
ओरछा से पन्ना तक नए पर्यटन प्रोजेक्ट
नए प्रस्तावों के साथ कुछ परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए Letter of Award भी दिए गए। ओरछा में Palia Construction को 50 करोड़ रुपये के रिसॉर्ट के लिए LOA मिला है, जबकि पन्ना के लक्ष्मीपुर पैलेस को 10 करोड़ रुपये के निवेश से हेरिटेज होटल के रूप में विकसित किया जाएगा। ओरछा, बैतूल, नीमच, मंदसौर, रायसेन और सागर में भी रिसॉर्ट, वेलनेस और ईको-टूरिज्म से जुड़े प्रोजेक्ट के लिए LOA जारी किए गए हैं।
पर्यटकों की सड़क यात्रा को बेहतर बनाने के लिए खजुराहो-पन्ना, जबलपुर-भोपाल और उज्जैन-मक्सी मार्ग पर आधुनिक सुविधा केंद्र बनाने को भी मंजूरी दी गई है। यहां यात्रियों के लिए शौचालय, खानपान और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
QR Code से मिलेगी जानकारी, ग्रामीण होमस्टे की ऑनलाइन बुकिंग
निवेश के साथ Travel Mart में पर्यटन को तकनीक से जोड़ने के लिए भी कई समझौते हुए। Explurger के साथ हुए MoU के तहत प्रदेश के 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एक हजार QR Code बोर्ड लगाए जाएंगे और AI आधारित बहुभाषी पर्यटक सहायता विकसित की जाएगी। ‘Gram Stay’ के साथ हुए समझौते के जरिए ग्रामीण होमस्टे को अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है।
MP Tourism की वेबसाइट का बहुभाषी संस्करण भी लॉन्च किया गया है। हिंदी और अंग्रेजी के साथ अब जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषा में भी जानकारी उपलब्ध होगी। डिजिटल MP Travel Handbook में 360 डिग्री व्यू, VR Links और AI Storytelling को शामिल किया गया है। Travel Mart में AI अवतार ‘मोगली’ भी आकर्षण रहा, जो पर्यटकों की पसंद के आधार पर यात्रा कार्यक्रम तैयार करने में मदद करता है।
‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ के बाद TVF से करार
मध्य प्रदेश में फिल्म और डिजिटल कंटेंट की शूटिंग को बढ़ाने के लिए The Viral Fever (TVF) और KRARK Family Office के साथ भी समझौता किया गया। TVF के संस्थापक अरुणाभ कुमार ने ‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ जैसी वेब सीरीज की मध्य प्रदेश में हुई शूटिंग का जिक्र किया। इस समझौते में फिल्म पर्यटन के साथ स्थानीय युवाओं को सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन से जुड़ी ट्रेनिंग देने की बात भी शामिल है।
Adventure Tourism को व्यवस्थित करने के लिए Adventure Tour Operators Association of India के साथ MoU हुआ है। इसके तहत सुरक्षा मानक, SOP और स्थानीय गाइडों के प्रमाणन पर काम किया जाएगा। NATRAX के साथ हुए समझौते में मोटरस्पोर्ट्स और ऑटो-टूरिज्म को आगे बढ़ाने पर फोकस रहेगा। पर्यटन सचिव और MP Tourism Board के MD डॉ. इलैयाराजा टी. ने 2027 को ‘Adventure Year’ के रूप में मनाने की बात भी कही है।
10 साल में 3,963 करोड़ का निवेश, अब 15 और फाइव स्टार होटल की तैयारी
Travel Mart में आए नए प्रस्ताव उस निवेश के अतिरिक्त हैं, जो पिछले एक दशक में प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में आया है। पर्यटन विभाग के मुताबिक बीते 10 वर्षों में 91 सरकारी भूमि खंड और 12 हेरिटेज संपत्तियां लीज पर देकर 3,963 करोड़ रुपये का निजी निवेश आया है। इससे 9,608 नए कमरे जुड़े और 38,432 रोजगार पैदा होने की जानकारी दी गई है।
प्रदेश में फिलहाल 18 फाइव स्टार होटल संचालित हैं। सरकार का लक्ष्य 2027 तक 15 और फाइव स्टार होटल विकसित करने का है। यानी नए प्रस्ताव जमीन पर उतरते हैं तो आने वाले वर्षों में प्रदेश की होटल क्षमता के साथ वन्यजीव, वेलनेस, हेरिटेज, ग्रामीण और एडवेंचर टूरिज्म का दायरा भी बढ़ेगा।
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हुए सातवें MP Travel Mart में पर्यटन कारोबार के साथ प्रदेश की संस्कृति और स्थानीय अनुभवों को भी जगह मिली। 177 स्टॉल वाली प्रदर्शनी में होटल-रिसॉर्ट, ट्रैवल कंपनियों, ग्रामीण होमस्टे और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। आयोजन को सिंगल-यूज प्लास्टिक मुक्त और अधिक से अधिक पेपरलेस रखा गया, जबकि अतिथियों की आवाजाही के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल किया गया।
बीड में तलवार से केक काटकर रील बनाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार; घर से तीन फीट की तलवार और दो खंजर जब्त
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News







