T20 World Cup से पहले Team India को बड़ा झटका, Injury के कारण Harshit Rana बाहर, Mohammed Siraj की एंट्री।
भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में घुटने की चोट के कारण शुक्रवार को टी20 विश्व कप से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इससे पहले स्वीकार किया था कि इस 24 साल के गेंदबाज की स्थिति “अच्छी नहीं लग रही।” अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘45 टेस्ट, 50 वनडे और 16 टी20 मैच खेल चुके सिराज को राणा के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
राणा को चार फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान दाहिने घुटने में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें बाहर होना पड़ा।’’ भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भी विज्ञप्ति जारी कर राणा के टीम से बाहर होने और सिराज को टीम में शामिल करने की पुष्टि की। सूर्यकुमार की बातों से पहले ही लगा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल इस गेंदबाज के लिए समय पर ठीक होना मुश्किल है। भारतीय टीम विश्व कप में अपना अभियान शनिवार को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगी। सूर्यकुमार ने शुक्रवार को मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ राणा को अभी बाहर नहीं किया गया है, हमारे फिजियो उनका आकलन कर रहे हैं, लेकिन उनके चोट की स्थिति अच्छी नहीं लग रही है।” सूर्यकुमार यादव ने हालांकि इसे ज्यादा बड़ी समस्या नहीं माना था।
उन्होंने कहा, ‘‘चिंता की बात नहीं है, हमारे पास कल (शनिवार) के लिए 11 खिलाड़ी हैं। यह हालांकि निश्चित रूप से एक बड़ा झटका होगा क्योंकि 15 खिलाड़ियों की टीम बहुत सोच-विचार के बाद बनाई जाती है और उसे भी काफी सोच-विचार के बाद ही शामिल किया गया था।’’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘ वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हम अलग-अलग संयोजन अपनाएंगे। हमारे पास इस टूर्नामेंट में सभी टीम के खिलाफ खेलने के लिए पर्याप्त खिलाड़ी और संयोजन मौजूद हैं। वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हमें उनकी कमी निश्चित रूप से खलेगी।’’ राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए। राणा हालांकि भारत की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे।
नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका इकोनॉमी रेट भी 10.60 का है। वह हालांकि विशिष्ट परिस्थितियों में एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते थे। वह निचले क्रम में भी बल्ले से योगदान देने में सक्षम है। इसके साथ ही हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूर्यकुमार ने उपलब्ध विकल्पों के बारे में कहा, ‘‘हम देखेंगे कि पिछले एक-दो वर्षों में किन (अन्य) तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है या क्या कोई ऐसा गेंदबाज है जो बल्लेबाजी भी कर सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ कोई जरूरी नहीं है कि वह बल्लेबाजी करने में सक्षम हो। आप अगर नौवें क्रम पर क्रीज पर आने वाले से छक्का लगाने की उम्मीद कर रहे हैं तो फिर उनसे से पहले के आठ बल्लेबाज क्या करेंगे। हम देखेंगे, हमारे पास कुछ विकल्प हैं लेकिन हम सबसे अच्छे विकल्प का चयन करेंगे।
U-19 World Cup Final में Team India बनी चैंपियन, वैभव सूर्यवंशी के 175 रनों से थर्राया इंग्लैंड
चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने भारतीय टीम को अंडर 19 विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। चौदह वर्ष के वैभव सूर्यवंशी के 80 गेंद में 175 रन की मदद से भारत ने फाइनल में नौ विकेट पर 411 रन बनाकर इंग्लैंड को सौ रन से हराया। 2008 में अंडर 19 खिताब जीत चुके कोहली ने एक्स पर लिखा ,‘‘ भारत की अंडर 19 टीम को फिर विश्व कप जीतने पर बधाई। आयुवर्ग क्रिकेट में हमारा दबदबा कायम है। पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई।’’ भारत के मुख्य कोच गंभीर ने कहा ,‘‘ तुम सभी पर गर्व है। भविष्य उज्ज्वल है। इंडिया अंडर 19।’’
वहीं महान बल्लेबाज तेंदुलकर ने लिखा ,‘‘ चैम्पियंस। इस युवा टीम और इसके बेखौफ खेल पर गर्व है। पूरी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को बधाई।’’ उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ आपके पास एक सूर्यवंशी है तो इस तरह का ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन लाजमी है। शानदार प्रदर्शन वैभव।’’ भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने लिखा ,‘‘ प्रतिभा, निडरता औरदृढता के साथ बेदाग प्रदर्शन। अंडर 19 टीम ने बता दिया कि वे क्या कर सकते हैं। जबर्दस्त आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन।’’ भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सूर्यवंशी की खास तौर पर तारीफ करते हुए लिखा ,‘‘ वैभव का शानदार प्रदर्शन। क्या खास सोचकर उतरते हो। फाइनल में क्लास पारी।’’ अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने भी भारत के युवा खिलाड़ियों के अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में रिकॉर्ड छठी बार जीत हासिल करने पर हमारी भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह वास्तव में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धि है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने अपनी उम्र से कहीं अधिक साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ खेला है। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं है, बल्कि यह युवा भारत की भावना का सशक्त प्रतीक है। यह बेखौफ महत्वाकांक्षा, एकजुट टीम वर्क और उत्कृष्टता की खोज जारी रखने जैसा है।’’ उन्होंने ने कहा, ‘‘ उम्मीद है कि यह जीत आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत होगी। आपके कारण भारतीय क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल है।” भारतीय अंडर-19 टीम को साल 2000 में इस विश्व कप चैंपियन बनाने में अहम योगदान देने वाले पूर्व कप्तान मोहम्मद कैफ ने सूर्यवंशी की तारीफ की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के शामिल थे। क्या हम क्रिकेट के भविष्य को देख रहे हैं? अगर वह और कुछ समय और खेलते, तो 300 रन भी बना सकते थे। भारत धन्य है, क्योंकि वह लगातार विश्व स्तरीय बल्लेबाजों को उभरते हुए देख रहा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi





















