INDIA Bloc की बैठक में शामिल नहीं हुआ Shiv Sena UBT, जानें क्या है पूरा मामला
सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना (UBT) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बताया है कि उसके प्रतिनिधि शुक्रवार रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उन्हें महाराष्ट्र MLC चुनाव से जुड़े पहले से तय कामों में व्यस्त रहना है। हालांकि, पार्टी ने विपक्षी गठबंधन और इस मुद्दे पर उसके अभियान को अपना पूरा समर्थन दिया है। INDIA ब्लॉक के नेता, वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के सिलसिले में राष्ट्रपति से रात 8 बजे मिलने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार सुबह इस मुलाकात की पुष्टि की।
इसे भी पढ़ें: J&K के Kishtwar में PDP Leader Abdul Kabir गिरफ्तार, Burhan Wani को शहीद बता कर खड़ा किया था विवाद
खरगे को लिखे एक पत्र में, शिवसेना (UBT) के नेताओं संजय राउत और अरविंद सावंत ने कहा कि वे अपनी पार्टी की ओर से आपकी लीडरशिप में INDIA ब्लॉक और राहुल गांधी जी के नेतृत्व वाले मोर्चे को पूरी और बिना किसी शर्त के अपना समर्थन देना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम भारत के चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त और BJP सरकार में उन लोगों को बेनकाब करने और हटाने के लिए उठाए जा रहे हर कदम और कोशिश का मज़बूती से समर्थन करते हैं, जो हमारे लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थानों को कमज़ोर कर रहे हैं।
अपनी गैर-मौजूदगी के बारे में बताते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि महाराष्ट्र में होने वाले MLC चुनावों के सिलसिले में पहले से तय कार्यक्रमों की वजह से, हम आज रात 8:00 बजे राष्ट्रपति भवन में माननीय राष्ट्रपति जी से मिलने के लिए मौजूद नहीं रह पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमारी गैर-मौजूदगी के लिए हमें माफ़ किया जाए। कृपया माननीय राष्ट्रपति तक INDIA ब्लॉक की इस मुहिम के प्रति हमारा पूरा समर्थन पहुंचाएं। लोकतंत्र और संविधान को बचाने की इस ऐतिहासिक लड़ाई में हमारी पार्टी गठबंधन के साथ है।
इसे भी पढ़ें: Nagaon Lok Sabha Bypoll: BJP प्रत्याशी देवाशीष शर्मा बदरुद्दीन अजमल से 1.46 लाख मतों से आगे
राष्ट्रपति से मिलने वाले विपक्षी प्रतिनिधिमंडल में खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, TMC प्रमुख ममता बनर्जी, CPI(M) के महासचिव MA बेबी और RJD नेता तेजस्वी यादव के शामिल होने की उम्मीद है। महाराष्ट्र में अपने कार्यक्रमों के कारण बैठक से दूर रहने के बावजूद, शिवसेना (UBT) ने कहा कि वह इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के साथ पूरी तरह से खड़ी है।
TCS और Wipro समेत IT कंपनियों पर अमेरिकी Green Card रोक का भारत ने किया विरोध
नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर भारत ने शुक्रवार को अमेरिका के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और विप्रो जैसी बड़ी वैश्विक एवं भारतीय आईटी कंपनियों के लिए अहम ग्रीन-कार्ड प्रक्रिया कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस कदम से दोनों देशों के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद नहीं मिलेगी। इसके साथ ही, भारत ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस द्वारा विदेशी पेशेवरों को ‘बंधुआ मज़दूर’ बताए जाने को पूरी तरह ‘‘निराधार और अत्यंत अपमानजनक’’ करार दिया।
अमेरिका में विदेशी कर्मचारियों की संख्या कम करने की व्यापक कोशिशों के तहत, ट्रंप प्रशासन ने आठ बड़ी आईटी कंपनियों के लिए ‘स्थायी श्रम प्रमाणन’ (पीईआरएम) कार्यक्रम को निलंबित कर दिया और कई विश्वविद्यालयों में जांच शुरू कर दी। यह निर्णय भारत और अमेरिका के रिश्तों में जारी तनाव के बीच लिया गया। जिन कंपनियों पर कार्रवाई हो रही है, उनमें इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब, कैपजेमिनी और कॉग्निजेंट शामिल हैं।
पीईआरएम को अमेरिका में स्थायी निवास और नागरिकता पाने का एक रास्ता माना जाता है। अमेरिका के इस कार्यक्रम को रोकने के फ़ैसले का असर हज़ारों भारतीय प्रौद्योगिकी पेशेवरों पर पड़ने की उम्मीद है, जो एच1बी वीज़ा पर अमेरिका आने के बाद वहाँ स्थायी रूप से रहने के लिए नियोक्ता प्रायोजित ग्रीन कार्ड पर निर्भर रहते हैं। अपनी प्रतिक्रिया में, माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में उसने जो 6,000 एच1-बी वीज़ा आवेदन जमा किए थे, उनमें से 80 प्रतिशत मौजूदा कर्मचारियों का स्तर बढ़ाने या बदलने के लिए थे, न कि नए लोगों को नौकरी पर रखने के लिए।
इसने कहा, ‘‘हमें अमेरिकी कार्यबल की ताकत और प्रतिभा पर भरोसा है। इसीलिए अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट के अधिकतर कर्मचारी अमेरिकी ही हैं। हम प्रशासन को और जानकारी देने के लिए तैयार हैं।’’ कंपनी ने कहा, ‘‘उदाहरण के लिए पिछले वित्त वर्ष में एच-1बी वीजा के लिए दाखिल किए गए लगभग 6,000 आवेदनों में से 80 प्रतिशत माइक्रोसॉफ्ट के मौजूदा कर्मचारियों की वीजा अवधि बढ़ाने या उनकी स्थिति में बदलाव के लिए थे।
ये आवेदन नए लोगों को नौकरी पर रखने के लिए नहीं थे।’’ नए कर्मचारियों के लिए किए गए शेष आवेदन उन लोगों के लिए थे जो पहले से ही कानूनी रूप से अमेरिका में रह रहे थे और जिन्होंने कंपनी के लिए काम करने का फैसला किया। ऐसे लोग अमेरिकी कार्यबल का केवल एक प्रतिशत हिस्सा ही हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘‘वे हमारे देश में आने वाले नए लोग नहीं हैं।’’ कंपनी ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट एच-1बी वीजा के लिए केवल उन्हीं लोगों के आवेदन दाखिल करती है, जो इस वीजा श्रेणी के कड़े मानकों पर खरे उतरते हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह भी साफ़ होना चाहिए कि प्रतिभा गतिशीलता दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए फ़ायदेमंद है। इससे भारतीयों के लिए तो मौके बनते ही हैं, साथ ही यह अमेरिकी कंपनियों को बेहतरीन प्रतिभा, नवोन्मेष, अनुसंधान, उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता और नौकरी के मौके पैदा करने में भी मदद करता है, तथा इसके अलावा अमेरिका में शेयर धारकों की संपत्ति भी बढ़ाता है।’’ इसने कहा, ‘‘इसलिए, यह दोनों देशों के लिए बहुत अधिक आपसी लाभ वाला क्षेत्र है और हमें उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्ष इस बात को समझेंगे। अमेरिका की ओर से घोषित किए गए कदम दोनों देशों की साझा महत्वाकांक्षाओं को आगे नहीं बढ़ाते हैं।’’ भारत ने दिल्ली ने अमेरिका में काम कर रहे विदेशी पेशेवरों के बारे में वेंस की टिप्पणियों पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हमने इस संदर्भ में अमेरिकी उपराष्ट्रपति की कुछ टिप्पणियां भी देखी हैं। हमारा मानना है कि ऐसी बातें बेबुनियाद हैं और इस तथ्य की अनदेखी करती हैं कि अमेरिका में भारतीय पेशेवर वहां की अर्थव्यवस्था और नवोन्मेष तंत्र में उच्च शिक्षित और कुशल योगदानकर्ता हैं।’’ इसने एक बयान में कहा, ‘‘सच तो यह है कि खुद अमेरिका का इतिहास उन पीढ़ियों के प्रवासियों से बना है, जिनकी मेहनत, उद्यम और नयी सोच ने इसके विकास और समृद्धि में योगदान दिया है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल करना, जो दर्दनाक ऐतिहासिक और औपनिवेशिक विरासत की याद दिलाती हो, बेहद अपमानजनक है।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस मामले से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा। अमेरिका के श्रम मंत्री कीथ सोंडरलिंग ने बृहस्पतिवार को नए उपायों की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘हम इन कंपनियों से जुड़े किसी भी नए स्थायी श्रम प्रमाणन आवेदन को स्वीकार नहीं करेंगे और न ही किसी लंबित आवेदन पर कोई कार्रवाई करेंगे।’’ वेंस ने विदेशी कर्मचारियों को भर्ती करने वाली आईटी कंपनियों की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि यहाँ मौजूद हर कोई उस खेल को समझता है, जो खेला जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप देश के बाहर से बंधुआ मज़दूरों को लाते हैं, अमेरिकी कर्मचारियों को नौकरी से निकालते हैं और अगर आप एक कॉर्पोरेशन हैं, तो अमेरिकी कर्मचारियों की मज़दूरी कम करके और उनकी जगह ऐसे लोगों को रखकर बहुत सारा पैसा कमाते हैं, जिन्हें शायद शुरू से ही अमेरिका में नहीं होना चाहिए था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











