Dehradun में BJP पार्षद के घर चोरी मामले में नौकर का साथी गिरफ्तार
देहरादून, सात अक्टूबर देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने के बाद लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने परिवार के फरार घरेलू सहायक भरत थापा के एक साथी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 29 और 30 सितंबर की मध्यरात्रि बल्लीवाला चौक के पास अमिता सिंह के घर में कथित रूप से चोरी करने वाले भरत थापा समेत चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चोरी में शामिल दिनेश सुनार (27) को मंगलवार रात बसंत विहार चौक से गिरफ्तार किया गया। वह अपनी गाड़ी में सवार होकर मामले में चल रही पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में उसके हुलिए की पहचान के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
सुयाल ने बताया कि दिल्ली में टैक्सी चलाने वाले सुनार ने पूछताछ में कहा कि भरत थापा लगातार अपने चार साथियों के संपर्क में था और उसने आदित्य के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। उसके अनुसार, भरत और आदित्य पहले भी इस तरह के कृत्य कर चुके हैं। सुनार के मुताबिक, आरोपियों ने पार्षद के घर से दो लाख रुपये नकद, कीमती घड़ियां, आभूषण और अन्य सामान चोरी किया था।
चोरी के बाद सभी आरोपी देहरादून से चले गए और उसे 50 हजार रुपये देने के बाद बाकी रकम बाद में देने की बात कही थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हरियाणा नंबर की कार, 27,500 रुपये नकद और सुनार के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सुयाल ने बताया कि भरत थापा, आदित्य, दिनेश सुनार, अभिषेक और एलेक्स नेपाली मूल के हैं।
उनके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार का अधिक से अधिक सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। सुयाल ने बताया कि आपराधिक इतिहास होने के बावजूद भरत थापा को बिना सत्यापन के नौकरी देने वाली एएस सिक्योरिटीज एजेंसी को काली सूची में डालने के लिए दिल्ली सरकार को सूचित किया गया है।
परिवार ने थापा को घटना से केवल 20 दिन पहले काम पर रखा था।
Rajasthan Panchayat Raj Polls में Congress उतारेगी शीर्ष नेतृत्व, तय हुई प्रचार रणनीति
जयपुर, सात अक्टूबर कांग्रेस पार्टी की राजस्थान इकाई ने आगामी पंचायत राज चुनाव में प्रचार के लिए अपने दिग्गज नेताओं को लगाने का फैसला किया है। साथ ही पार्टी की जिला इकाइयों से कहा गया है कि वे उम्मीदवार चुनने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाएं। राजस्थान में आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों में प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाने के लिये अभियान (कैंपेन) समिति की बैठक यहां पार्टी के वार रूम में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा तथा राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा की अगुवाई में हुई।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, अभियान की बैठक में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव हेतु कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार की वृहद रणनीति के लिये सभी के सुझावों से तैयार की गई। पार्टी ने निर्णय किया है कि सभी शीर्ष नेता अपने प्रभार वाले जिलों के अतिरिक्त जिस क्षेत्र से चुनाव प्रचार हेतु जिला कांग्रेस कमेटी के आग्रह पर बुलाया जायेगा, वहॉं जाकर जनसभा करने सहित प्रचार-प्रसार में शामिल रहेंगे।
बैठक में डोटासरा ने कहा कि सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिले की राजनीतिक मामलों की समिति को सम्बद्ध जिले के विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं से संबंधित पूर्व जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों तथा विभागों/प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल करते हुये पारदर्शिता के साथ प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत समितियों एवं जिला परिषदें में कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी हों इसके लिये एकजुटता के साथ सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को काम करना होगा। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी तथा अभियान समिति के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सभी जिलों में समय-समय पर आवश्यकतानुसार प्रचार के लिए जायेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










