भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबलों पर विवाद कोई नई बात नहीं है, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 से पहले यह मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पाकिस्तान सरकार द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की आधिकारिक पुष्टि के बाद पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी इस बहस के केंद्र में आ गए हैं।
बता दें कि टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित था। हालांकि, मौजूद जानकारी के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने कप्तान सलमान अली आगा की टीम को भारत के खिलाफ मैदान में न उतरने का निर्देश दिया है, जबकि बाकी टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी गई है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पहले से ही इस मुकाबले को लेकर असमंजस में था, खासकर तब जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। इसी पृष्ठभूमि में सरकार का यह फैसला सामने आया है।
पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी, जो लंबे समय से खेल और राजनीति को अलग रखने की वकालत करते रहे हैं, ने इस फैसले पर निराशा जरूर जताई, लेकिन सरकार की आलोचना करने से परहेज किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि क्रिकेट अक्सर वहां रास्ते खोलता है, जहां राजनीति दरवाजे बंद कर देती है, लेकिन मौजूदा हालात में वह सरकार के फैसले के साथ खड़े हैं।
अफरीदी के इस बयान ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दौरान भारत लीजेंड्स द्वारा पाकिस्तान लीजेंड्स के खिलाफ मैच से हटने पर उन्होंने राजनीतिक हस्तक्षेप पर सवाल उठाए थे। उस समय उनके बयान को पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन पर तंज के तौर पर भी देखा गया था।
अब, अफरीदी का रुख कुछ अलग नजर आ रहा है, जिसे लेकर क्रिकेट जगत में चर्चाएं तेज हैं। उन्होंने ICC से यह भी अपील की है कि वह बयानों के बजाय अपने फैसलों से यह साबित करे कि संस्था सभी सदस्य देशों के लिए निष्पक्ष, स्वतंत्र और न्यायपूर्ण है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह टी20 विश्व कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। पाकिस्तान की टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगी। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, अमेरिका और नामीबिया की टीमें शामिल हैं।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का बहिष्कार केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर प्रसारण, प्रायोजन और ICC के आंतरिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है, जिस पर आने वाले दिनों में और तस्वीर साफ होने की संभावना हैं।
Mon, 02 Feb 2026 22:58:27 +0530