उत्तराखंड में एक लाख युवाओं को ‘Young Eco-preneur’ बनाने की तैयारी, नेचर गाइड से ड्रोन पायलट तक रोजगार से जुड़ेंगे युवा
देहरादून। उत्तराखंड में प्रकृति और वन्यजीव पर्यटन अब युवाओं के लिए रोजगार का भी बड़ा जरिया बनेगा। राज्य सरकार एक लाख युवाओं को ‘CM Young Eco-preneur’ बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत युवाओं को नेचर गाइड, ड्रोन पायलट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन से जुड़े कामों से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के FRI कैंपस में वन्यजीव सप्ताह-2026 की शुरुआत करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जंगलों और वन्यजीवों के आसपास रोजगार के ऐसे अवसर तैयार किए जाएं, जिनसे स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़े और वे प्रकृति के संरक्षण में भी भागीदार बनें।
स्नो लेपर्ड टूरिज्म से भी युवाओं को रोजगार
सीएम धामी ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्नो लेपर्ड टूरिज्म को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके जरिए हिम तेंदुए के संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सरकार इको-टूरिज्म और होमस्टे जैसी गतिविधियों को भी स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से हर जिले में कम से कम एक नया पर्यटन स्थल तलाशने और वहां प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने को कहा।
वन्यजीव बचाने वाले 18 लोगों को मिलेंगे ₹51-51 हजार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संघर्ष के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाने वाले 18 लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने इन सभी को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
सीएम ने बताया कि वन्यजीव हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर मिलने वाली राशि को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है। वन्यजीव हमले में घायल लोगों के इलाज का खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन की परियोजना का दूसरा चरण भी शुरू होने जा रहा है। वहीं कॉर्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के गठन की दिशा में भी फैसला लिया गया है।
मैदान में उतरे CM धामी, खिलाड़ियों संग खेला क्रिकेट; युवाओं को दिलाया ‘नशे को ना’ का संकल्प
पंचकूला। नमो क्रिकेट लीग में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अलग अंदाज में नजर आए। पंचकूला के ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे सीएम धामी खुद बल्ला लेकर मैदान में उतर गए और खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला। इसके बाद उन्होंने युवाओं को ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का संकल्प दिलाया।
नमो क्रिकेट लीग में देश के अलग-अलग हिस्सों से 30 से ज्यादा टीमें शामिल हुईं। मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग आनंद है। खेल हमें टीम भावना, लगातार प्रयास, अनुशासन और पूरे समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना सिखाता है।
“लत लगानी है तो खेल और फिटनेस की लगाएं”
सीएम धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर जीवन में कोई लत लगानी ही है तो खेल और फिटनेस की लगाएं। जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्य को हासिल करने का जुनून पालें। युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।
उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। सीएम ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल नारा नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवन से जोड़ने का संकल्प है।
“खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब”
सीएम धामी ने पुराने समय की कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर में कहा जाता था, ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब।’ अब देश में खेलों को लेकर सोच बदल चुकी है और आज कहा जा सकता है कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।’
उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना भी विकसित करता है। मैदान में खिलाड़ी जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखता है।
हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनसे गांवों और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि नशा व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, जबकि खेल जीवन को सकारात्मक दिशा देता है। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News













