Working Couple: पति-पत्नी दोनों हैं वर्किंग? जानें घर के खर्च किस प्रकार चलाने चाहिए
Working Couple: पति-पत्नी दोनों ही वर्किंग हों तो घर के खर्चों को लेकर दोनों के बीच एक स्पष्टता, पारदर्शिता बहुत जरूरी है। किसी एक पर आर्थिक भार नहीं होना चाहिए। नीतू और राजेश की शादी को दस साल हो चुके थे। नीतू एक शिक्षिका थी और अपनी पूरी कमाई घर की जरूरतों, उसको बनाने- संवारने में खर्च कर देती थी। राजेश एक निजी कंपनी में मैनेजर था, लेकिन अपनी तनख्वाह को हमेशा ‘भविष्य की बचत’ के नाम पर अलग रखता था। शुरुआत में नीतू को यह सामान्य लगा। उसे लगा कि परिवार के लिए वह जो कर रही है, वह अपना ही तो कर रही है, लेकिन धीरे-धीरे उसकी शिकायतें और तनाव बढ़ने लगा। राजेश उसे इस मामले में यह कहकर चुप करा देता, ‘ये तो तुम्हारी जिम्मेदारी है।’ लेकिन एक दिन, एक छोटी सी बहस ने बड़ा रूप ले लिया।
राजेश ने साफ कहा, ‘मैंने अपनी कमाई से जो बचत की है, वह सिर्फ मेरी है। तुम्हें अपने पैसे का हिसाब रखना चाहिए था।’ यह सुनकर नीतू को झटका लगा। नीतू को एहसास हुआ कि उसने जो भी किया, उसका कोई मूल्यांकन नहीं हुआ। राजेश के पास संपत्ति और बचत थी, लेकिन नीतू बिलकुल खाली हाथ थी। वह ठगी सी महसूस कर रही थी, अपने ही विश्वास और प्यार से। यह एक अकेले नीतू-राजेश भर की कहानी नहीं है। बहुत सारे काम-काजी दंपतियों की यह साझी कहानी है। इसके चलते तलाक तक हो जाते हैं।
साझा स्पष्टता जरूरी है:
जीवन स्तर और बढ़ती महंगाई को देखते हुए यह जरूरी हो गया है कि पति-पत्नी दोनों ही नौकरी करें। लेकिन समस्याएं तब खड़ी होती हैं, जब दोनों में से कोई एक, चाहे वह पति हो या पत्नी, घर के साझे भविष्य के नाम पर अपनी कमाई को तो जमा कर रहा होता है और दूसरा अपनी सारी कमाई घर पर खर्च कर देता है। यह स्थिति भविष्य के लिए कई बार खतरनाक स्थितियां पैदा कर देती हैं, इसलिए जब पति-पत्नी दोनों ही काम-काजी हों तो घर के खर्चों को लेकर एक स्पष्टता जरूरी है। दांपत्य जीवन में वित्तीय निर्णय मिलकर लिए जाने चाहिए। पति-पत्नी के बीच नियमित रूप से पैसे की योजना और बचत पर चर्चा होनी चाहिए।
बनाए रखें आर्थिक स्वतंत्रता:
अपनी कमाई का एक हिस्सा हमेशा अपनी बचत के लिए अलग रखें। यह ना केवल आर्थिक सुरक्षा देता है, बल्कि आत्मनिर्भरता का भी एहसास कराता है।
कानूनी अधिकारों की जानकारी:
हर महिला को अपने वित्तीय और कानूनी अधिकार पता होने चाहिए। तलाक की स्थिति में महिलाओं को पति की संपत्ति में हिस्सेदारी का अधिकार है, जो कानून द्वारा संरक्षित है।
साझा जिम्मेदारी का करें आग्रह:
अगर कोई काम-काजी दंपति है तो परिवार चलाने का भार अकेले ना सिर्फ पति पर हो और ना ही अकेली महिला पर। पति-पत्नी दोनों को ही यह जिम्मेदारी समान रूप से निभानी चाहिए।
पेशेवर मार्गदर्शन लें:
यदि आप पैसे के प्रबंधन में अनिश्चित हैं तो किसी वित्तीय सलाहकार की मदद लें। महिलाओं को यह समझना चाहिए कि आर्थिक आत्मनिर्भरता केवल उनकी सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि आत्मसम्मान और पहचान के लिए भी जरूरी है।
एडवाइस
नम्रता नदीम
New Car: 5 वेरिएंट और पेट्रोल-सीएनजी इंजन के साथ टाटा एरिस की एंट्री, जानें प्राइस
New Car: टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में अपनी नई कॉम्पैक्ट सेडान टाटा एरिस को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। एरिस को मौजूदा टिगोर के फेसलिफ्ट मॉडल के तौर पर पेश किया गया है, हालांकि इसके डिजाइन में बड़े बदलाव किए गए हैं। इसका बाहरी डिजाइन टाटा टियागो से प्रेरित नजर आता है, जबकि इसके मैकेनिकल हिस्सों को पुराने मॉडल के समान रखा गया है। कंपनी ने इसे स्मार्ट, प्योर, प्योर+, क्रिएटिव और एकॉम्प्लिश्ड समेत पांच वेरिएंट में पेश किया है।
नया हुआ फ्रंट डिजाइन
टाटा एरिस को पहले की तुलना में ज्यादा शार्प और आधुनिक डिजाइन दिया गया है। इसमें स्लीक एलईडी हेडलाइट्स के साथ आइब्रो जैसी एलईडी डीआरएल और ग्लॉस ब्लैक ग्रिल मिलती है। फ्रंट बंपर पर ब्लैक एलिमेंट्स के साथ पिक्सेल डिजाइन वाले एलईडी फॉग लैंप दिए गए हैं।
साइड प्रोफाइल में 15-इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील मिलते हैं। हालांकि, स्मार्ट और प्योर वेरिएंट के साथ सभी सीएनजी वेरिएंट में 14-इंच के पहिए दिए गए हैं। कार में व्हील आर्च पर स्लिम क्लैडिंग, क्रोम डोर हैंडल और विंडो लाइन पर क्रोम ट्रिम भी मिलता है।
रियर डिजाइन और रंग
पीछे की तरफ लाल ट्रिम से जुड़ी पतली एलईडी टेललाइट्स दी गई हैं। रियर विंडस्क्रीन की पूरी चौड़ाई में हाई-माउंटेड स्टॉप लैंप दिया गया है। बंपर को पहले की तुलना में ज्यादा सरल डिजाइन दिया गया है और इसके बीच में रिवर्स पार्किंग लाइट लगाई गई है।
एरिस को नाइट्रो क्रिमसन, प्योर ग्रे, डंडेली ड्रिजल, प्रिस्टीन व्हाइट, डेटोना ग्रे और ड्यून ग्लो समेत छह रंगों में पेश किया गया है।
केबिन और फीचर्स
केबिन में हल्के रंग की थीम दी गई है। इसमें सेमी-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और भौतिक बटन वाले 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील का इस्तेमाल किया गया है। नए फीचर्स में वायरलेस फोन चार्जर, हवादार आगे की सीटें और लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री शामिल हैं।
एरिस में चारों तरफ लगे कैमरों को डैशकैम के तौर पर इस्तेमाल करने वाला डैशकैम रिकॉर्डिंग फीचर भी दिया गया है।
सुरक्षा फीचर्स
सुरक्षा के लिए एरिस में 6 एयरबैग मानक तौर पर दिए गए हैं। इसमें ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर के साथ 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इंजन और सीएनजी विकल्प
टाटा एरिस में 1.2-लीटर, 3-सिलिंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन पेट्रोल मोड में 86 एचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है।
सीएनजी मोड में यही इंजन 76 एचपी की पावर और 97 एनएम का टॉर्क देता है। सीएनजी मॉडल में भी मैनुअल और एएमटी दोनों गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। यही इंजन विकल्प पहले टिगोर और मौजूदा टियागो में भी इस्तेमाल किया जाता है।
टाटा एरिस की वेरिएंट के हिसाब से कीमत
वेरिएंट पेट्रोल एमटी सीएनजी एमटी
स्मार्ट ₹5.29 लाख ₹6.29 लाख
प्योर ₹6.14 लाख ₹7.14 लाख
प्योर+ ₹6.74 लाख ₹7.74 लाख
क्रिएटिव ₹7.49 लाख ₹8.49 लाख
एकॉम्प्लिश्ड ₹8.19 लाख ₹9.19 लाख
नोट: सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।
(मंजू कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi









