नेशंस लीग-बाल खींचने पर 2 रेड कार्ड:एंग्विला के एक ही खिलाड़ी के एंटीगुआ एंड बारबुडा के दो खिलाड़ियों ने मैच में बाल खिंचे
कॉन्काकैफ नेशंस लीग के एक मुकाबले में अजीब घटना देखने को मिली। एंग्विला के फॉरवर्ड ईडन सिपिओ के करीब 1.5 मीटर लंबे बाल खींचने पर एंटीगुआ एंड बारबुडा के दो खिलाड़ियों को सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। दोनों घटनाएं अलग-अलग समय पर हुईं। एंटीगुआ एंड बारबुडा ने इसके बावजूद मैच 5-0 से जीता। 69वें मिनट में मैदान पर आए सिपिओ सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए मैच में सिपिओ 69वें मिनट में सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर आए। उस समय एंग्विला 0-5 से पीछे थी। सिपिओ अपने लंबे बाल के लिए पहचाने जाते हैं। खुले रखने पर उनके बाल टखनों तक पहुंचते हैं। बांधने पर इन्हें कमर के चारों ओर लपेटना पड़ता है। मैच के 71वें मिनट में सिपिओ अपने डिफेंस एरिया में गेंद लेकर थे। तभी एंटीगुआ एंड बारबुडा के मिडफील्डर कियोन ग्रीन ने पीछे से उनके बाल पकड़कर खींच दिए। सिपिओ ने इसका विरोध किया। रेफरी ने ग्रीन को सीधे रेड कार्ड दिखा दिया। स्टॉपेज टाइम में फिर बाल खींचे मैच के स्टॉपेज टाइम में ऐसी ही घटना दोबारा हुई। इस बार एंटीगुआ एंड बारबुडा के शालोन नाइट ने सिपिओ के बालों का एक हिस्सा पकड़ लिया। बाल खिंचने के बाद सिपिओ मैदान पर गिर गए। रेफरी ने नाइट को भी सीधे रेड कार्ड दिखाया। इसके बाद एंटीगुआ एंड बारबुडा को मैच के आखिरी पलों में 9 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। बाल खींचने पर रेड कार्ड क्यों? फुटबॉल के नियमों के तहत जानबूझकर किसी खिलाड़ी के खिलाफ हिंसक आचरण करना रेड कार्ड का कारण बन सकता है। बाल खींचना भी परिस्थितियों और इस्तेमाल की गई ताकत के आधार पर इसी श्रेणी में आ सकता है। एंटीगुआ ने 9 खिलाड़ियों के साथ भी मैच जीता दो खिलाड़ियों के रेड कार्ड के बावजूद एंटीगुआ एंड बारबुडा ने मैच 5-0 से जीता। टीम ने सिपिओ के मैदान पर आने से पहले ही पांच गोल की बढ़त बना ली थी। कियोन ग्रीन और शालोन नाइट को रेड कार्ड मिलने के कारण अगले मैच में निलंबन का सामना करना पड़ सकता है। ------------------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… FIDE अवॉर्ड्स - दिव्या देशमुख बनीं बेस्ट फीमेल चेस प्लेयर:भारत की ओपन-विमेंस टीम बेस्ट टीम चुनी गई; लगातार तीसरी बार नोना गैप्रिंडाशविली ट्रॉफी जीती भारतीय चेस ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख को FIDE एक्सीलेंस अवॉर्ड्स में बेस्ट चेस प्लेयर (फीमेल) चुना गया है। पिछले एक साल में विमेंस वर्ल्ड कप में उनके खिताबी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिला। उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को बेस्ट चेस प्लेयर (मेल) चुना गया। पूरी खबर
वेब-सीरीज को सिटी पैलेस में शूटिंग की परमिशन नहीं मिली:अब मूंडोता फोर्ट में शूट करेंगे एक्टर ईशान खट्टर, जयपुर पहुंचे
नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग 18 सितंबर से राजस्थान में शुरू हो गई थी। यूनिट जैसलमेर के बाद अब जयपुर में शूटिंग के लिए पहुंच चुकी हैं। एक्टर ईशान खट्टर और जीनत अमान मंगलवार को पिंक सिटी पहुंच गए हैं। वे एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हो गए। एक्ट्रेस नोरा फतेही भी जल्द यूनिट में शामिल होंगी। वेब सीरीज की शूटिंग के लिए जयपुर के पास स्थित मूंडोता फोर्ट में भी शूटिंग की विशेष तैयारियां की गई हैं। ऐसे में इस बार ‘द रॉयल्स’ में जयपुर की रॉयल विरासत का एक नया अंदाज देखने को मिल सकता है। वेब सीरीज में ईशान खट्टर महाराज अविराज ‘फिजी’ सिंह के किरदार में नजर आएंगे। वहीं नोरा फतेही आयशा धोंडी के किरदार में होंगी। वहीं पहले सीजन का हिस्सा रही भूमि पेडनेकर दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं है। सिटी पैलेस की जगह इस बार मूंडोता फोर्ट ‘द रॉयल्स’ के पहले सीजन में जयपुर की रॉयल लोकेशन को प्रमुखता से दिखाया गया था। सीरीज की शूटिंग सिटी पैलेस जयपुर में भी हुई थी। इसकी भव्यता को कहानी के रॉयल परिवेश का हिस्सा बनाया गया था। पहले सीजन की शूटिंग लोकेशंस में सिटी पैलेस के अलावा राजस्थान और देश के अन्य प्रमुख पैलेस व एस्टेट भी शामिल थे। जानकारी अनुसार- इस बार सिटी पैलेस में शूटिंग की अनुमति नहीं मिल पाई है। ऐसे में प्रोडक्शन टीम ने जयपुर के पास स्थित मूंडोता फोर्ट को नई लोकेशन के तौर पर चुना है। यहां शूटिंग के लिए तैयारियां की जा रही हैं। मूंडोता की ऐतिहासिक और रॉयल आर्किटेक्चर सीरीज के दूसरे सीजन के विजुअल्स में खास भूमिका निभा सकती है। जैसलमेर में शुरू हुआ था दूसरा सीजन ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग 18 सितंबर 2026 से राजस्थान में शुरू हुई थी। ईशान खट्टर ने सोशल मीडिया पर राजस्थान से तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी थी। उन्होंने घुड़सवारी की तैयारी से जुड़े दृश्य भी साझा किए थे। नोरा फतेही ने भी अपनी शूट डायरी की झलक सोशल मीडिया पर दी और दूसरे सीजन में आयशा धोंडी के रूप में वापसी की जानकारी दी है। ईशान फिर बनेंगे महाराज अविराज दूसरे सीजन में ईशान खट्टर एक बार फिर महाराज अविराज ‘फिजी’ सिंह के किरदार में नजर आएंगे। पहले सीजन में उनका किरदार एक ऐसे युवा राजकुमार का था, जो अपने आर्थिक संकट से जूझ रहे शाही परिवार और उसकी विरासत को संभालने की कोशिश करता है। पहले सीजन में अविराज की मुलाकात सोफिया कनमनी शेखर से होती है, जिसका किरदार भूमि पेडनेकर ने निभाया था। सोफिया एक महत्वाकांक्षी उद्यमी थी और दोनों मिलकर शाही संपत्ति को लग्जरी बीएंडबी में बदलने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान दोनों के बीच रोमांस और पारिवारिक उलझनों की कहानी आगे बढ़ती है। नेटफ्लिक्स के अनुसार पहले सीजन में कुल आठ एपिसोड थे। भूमि पेडनेकर नहीं होंगी दूसरे सीजन में दूसरे सीजन में सबसे बड़ा बदलाव इसकी कास्ट में देखने को मिलेगा। भूमि पेडनेकर अब इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक दूसरे सीजन की कहानी को अविराज और शाही परिवार की आंतरिक दुनिया की ओर ज्यादा केंद्रित किया जा रहा है। भूमि की जगह सिनी शेट्टी और गुरफतेह पीरजादा नए महत्वपूर्ण किरदारों में शामिल हुए हैं। कुछ रिपोर्टों में ईशान, सिनी और गुरफतेह के बीच नए रिश्तों और कहानी के नए समीकरणों की बात कही गई है, हालांकि निर्माताओं की ओर से कहानी का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। नोरा फतेही की भी वापसी नोरा फतेही पहले सीजन में आयशा धोंडी के किरदार में नजर आई थीं। दूसरे सीजन में वह इसी भूमिका में वापस आ रही हैं। उन्होंने शूटिंग शुरू होने के बाद अपनी शूट डायरी से कुछ झलकियां भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। दूसरे सीजन में साक्षी तंवर, जीनत अमान, वियान समत, डिनो मोरिया, मिलिंद सोमन, काव्या त्रेहन, लिसा मिश्रा और चंकी पांडे समेत पहले सीजन के कई कलाकारों की वापसी की जानकारी है। वहीं सिनी शेट्टी और गुरफतेह पीरजादा नए कलाकारों के तौर पर जुड़े हैं। पहले सीजन में दिखा था जयपुर का रॉयल अंदाज ‘द रॉयल्स’ का पहला सीजन 9 मई 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था। सीरीज की कहानी काल्पनिक शहर मोरपुर के एक आर्थिक संकट से जूझ रहे शाही परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। कहानी में पुराने शाही वैभव और आधुनिक कारोबारी दुनिया का मेल दिखाया गया था। पहले सीजन की शूटिंग राजस्थान के कई रॉयल लोकेशंस पर हुई थी। जयपुर का सिटी पैलेस सीरीज की प्रमुख शूटिंग लोकेशंस में शामिल था। इसके अलावा देश के अन्य महलों और एस्टेट्स को भी सीरीज में रॉयल दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के तौर पर इस्तेमाल किया गया। सीरीज का पहला सीजन प्रियंका घोष और नूपुर अस्थाना ने निर्देशित किया था, जबकि इसे रांगिता प्रीतिश नंदी और इशिता प्रीतिश नंदी ने बनाया था और प्रोडक्शन प्रीतिश नंदी कम्युनिकेशंस का था। दूसरे सीजन में बदला निर्देशन दूसरे सीजन के निर्माण के दौरान निर्देशन टीम में भी बदलाव की खबर सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक जसमीत के. रीन शूटिंग शुरू होने के कुछ दिनों बाद प्रोजेक्ट से अलग हुईं और मिताक्षरा कुमार के निर्देशन संभालने की खबर है। हालांकि इस बदलाव को लेकर अलग-अलग रिपोर्टें सामने आई हैं और निर्माताओं ने कहा है कि जसमीत का अलग होना आपसी निर्णय था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others








