MITS के इंजीनियरिंग छात्रों ने नगर निगम के 'स्वच्छता संवाद' में लिया हिस्सा, कार्यक्रम में दिए अहम सुझाव
ग्वालियर नगर निगम और न्यूज़ नेशन के संयुक्त तत्वावधान में एमआईटीएस (MITS) डीम्ड यूनिवर्सिटी कैंपस में एक विशेष 'स्वच्छता संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए अपने विचार रखे.
कार्यक्रम के दौरान, छात्रों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली, जिसमें साल में 100 घंटे (प्रति सप्ताह 2 घंटे) श्रमदान करने का संकल्प दोहराया गया. संवाद सत्र के दौरान छात्रों ने नगर निगम के अधिकारियों के सामने कई व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव रखे. एक छात्रा ने सुझाव दिया कि जिन इलाकों में कचरे की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच पाती है, वहां बड़े कचरा बॉक्स की व्यवस्था होनी चाहिए. वहीं दूसरे छात्र ने तंबाकू और गुटखा खाने से सार्वजनिक स्थानों पर फैलने वाली गंदगी की समस्या को उठाया.
इसके अलावा, एनएसएस के छात्रों ने पौधे लगाने के लिए जीआईएस (GIS) तकनीक आधारित उपयुक्त जगहों की जानकारी मांगी, जबकि एक अन्य छात्र ने कांच और ब्लेड जैसे खतरनाक कचरे को अलग करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही. इस संवाद से यह स्पष्ट हो गया कि ग्वालियर के युवा शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए पूरी तरह अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं.
UP: RSS कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में 16 पर केस, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आरएसएस स्वयंसेवक रामेश्वर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने लार थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित किए गए अन्य पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक राम मूरत और कांस्टेबल चंद्रभान व प्रीतम शामिल हैं. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति है.
लाठी-डंडों से हमला कर दिया
घटना लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई गई सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर रामेश्वर तिवारी का अपने पट्टीदारों से विवाद हो गया था. विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. आरोप है कि इसके बाद रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया.
मारपीट में रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया.
10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रामेश्वर तिवारी की मौत के बाद उनकी पत्नी अमृता देवी की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. परिजनों का कहना था कि अगर समय रहते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती.
कांस्टेबल को निलंबित करने का आदेश
एसपी ने परिवार को मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी पड़ताल की गई. प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद एसपी ने लार थाना प्रभारी, एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को निलंबित करने का आदेश दिया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. नामजद और अज्ञात आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल होगी. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation








