G20 Meet: Piyush Goyal ने फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब और दक्षिण कोरिया संग Trade पर की चर्चा
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब तथा दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों से मुलाकात की और इन देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। गोयल ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के मिल्वॉकी में जी20 के सदस्य देशों के व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर चारों देशों के व्यापार मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए लिखा, ‘‘जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर फ्रांस के विदेश व्यापार और आर्थिक मामलों के मंत्री निकोलस फोरिसियर से मुलाकात की।’’
गोयल ने कहा कि उन्होंने और फोरिसियर ने व्यापार एवं निवेश संबंधों का विस्तार करने, भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जल्द हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा भारत में वैमानिकी विनिर्माण, यूपीआई एकीकरण एवं संयुक्त नवाचार पहलों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस साल के अंत में भारत में उनका स्वागत करने और द्विपक्षीय आर्थिक एजेंडे को आगे बढ़ाने को लेकर उत्सुक हूं।’’
गोयल ने कहा कि उनकी कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ ‘‘सार्थक बैठक’’ हुई जिसमें भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के लिए जारी बातचीत की समीक्षा की गई। भारत-कनाडा सीईपीए की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मार्च में की थी। इसका लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है।
वाणिज्य मंत्री ने कहा, ‘‘मुंबई में हाल में हुई हमारी बैठक को आगे बढ़ाते हुए हमने बातचीत में तेजी लाने और समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’ गोयल ने कहा कि उन्हें सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल-कसाबी से मुलाकात कर खुशी हुई। उन्होंने कहा, ‘‘हमने भारत-खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए जारी बातचीत में प्रगति पर चर्चा की तथा दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के अवसर तलाशे।’’
उन्होंने दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री पार्क जंग-सुंग से भी मुलाकात की और भारत-कोरिया व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (आईकेसीईपीए) को उन्नत करने, संतुलित व्यापार वृद्धि, भारतीय कृषि, दवा व समुद्री उत्पादों के लिए बाजार पहुंच तथा भारत में कोरियाई विनिर्माण निवेश पर चर्चा की।
Rajya Sabha चुनाव में सपा उतारेगी तीसरा उम्मीदवार, सांसद वीरेंद्र सिंह ने किया ऐलान
चंदौली (उप्र), दो अक्टूबर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। सपा के इस ऐलान से 10 सीट के लिए होने वाले चुनाव में मुकाबले की स्थिति बन गई है। चंदौली के सांसद ने दिल्ली से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि तीसरे उम्मीदवार के नाम का फैसला शुक्रवार को किया जाएगा और पांच अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इन चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है। सपा ने 30 सितंबर को पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह के अध्यक्ष धनराज परिमल नाथवानी को चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। बाद में दोनों ने लखनऊ में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
तीसरे सपा उम्मीदवार के मैदान में उतरने के बाद मुकाबले की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई विधायक 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं और वे उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सपा उसी रणनीति का इस्तेमाल करेगी, जिसका इस्तेमाल भाजपा ने पिछले राज्यसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए किया था। सिंह ने कहा, ‘‘हम अपने तीनों उम्मीदवारों को उसी तरीके से जिताएंगे, जैसे भाजपा ने पिछले राज्यसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जिताया था।’’ सपा सांसद ने भरोसा जताया कि पार्टी का तीसरा उम्मीदवार चुनाव जीतेगा।
भाजपा नीत गठबंधन के पास फिलहाल सात सीट आसानी से जीतने के लिए जरूरी संख्या बल है, जबकि मौजूदा विधानसभा के आंकड़ों के अनुसार, सपा के पास कांग्रेस के समर्थन से दो सीट जीतने की ताकत है। सपा के तीसरे उम्मीदवार के उतरने से शेष बची सीट के लिए मुकाबला अतिरिक्त वोट और ‘क्रॉस-वोटिंग’ पर निर्भर हो जाएगा। सपा का यह कदम पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया था कि पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी या नहीं।
अखिलेश ने कहा था कि भाजपा ‘‘नौ या 10 उम्मीदवार भी उतार सकती है।’’ उत्तर प्रदेश में 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने उन सभी आठ सीट पर जीत दर्ज की थी जिस पर उसने उम्मीदवार घोषित किए थे, जबकि सपा के तीन में से दो उम्मीदवार जीते थे और उसके तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन हार गए थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










