Kotdwar: व्यापारी से मारपीट और धमकी के आरोप में 'मोहम्मद दीपक' गिरफ्तार
(कल देर रात जारी खबर को पुन: जारी करते हुए) देहरादून, दो अक्टूबर ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार को एक व्यापारी के साथ कथित तौर पर अभद्रता एवं मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, दीपक को कोटद्वार निवासी व्यापारी संजीव टोंक की शिकायत पर की गई जांच के बाद शाम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि टोंक ने कोटद्वार कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि दीपक ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरों और अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 196 (धर्म, जाति, आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने या सौहार्द बिगाड़ने संबंधी अपराध) और धारा 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) भी जोड़ी गईं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपी की गतिविधियों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दीपक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 (संज्ञेय अपराध को होने से रोकने के लिए गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला। दीपक कुमार इस साल जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब कोटद्वार में कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। दीपक ने दुकानदार के समर्थन में हस्तक्षेप किया और विरोध कर रहे लोगों से बहस के दौरान अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद वह इसी नाम से चर्चित हो गए।
Gandhi Jayanti: PM Narendra Modi ने दी श्रद्धांजलि, खादी उत्पाद खरीदने का किया आह्वान
नयी दिल्ली, दो अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका शाश्वत संदेश बेहतर समाज और विकसित भारत की दिशा में मार्गदर्शन करता रहेगा। मोदी ने कहा कि बापू का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा की मिसाल था जो हर दौर में मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बापू का शाश्वत संदेश हमें एक बेहतर समाज और ‘विकसित भारत’ की दिशा में मार्गदर्शन करता रहेगा।’’ प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से यह भी कहा कि देश के लिए इस दिन के महत्व से सभी लोग परिचित हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘बापू की विचारधारा ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। महात्मा गांधी एक ऐसी शख्सियत हैं जो सत्ता से दूर रहने के बावजूद करोड़ों लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भी महात्मा गांधी की विचारधारा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेगी और प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने हमेशा सभी को ‘स्वदेशी’ अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस प्रक्रिया में खादी हमेशा प्राथमिकता रही है। मैं सभी से अपील करता हूं कि दो अक्टूबर को कम से कम एक खादी उत्पाद खरीदें और गर्व से कहें कि यह ‘स्वदेशी’ है।’’ गांधी का जन्म दो अक्टूबर 1869 को पोरबंदर में हुआ था और 30 जनवरी 1948 को दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










