Bhubaneswar बम विस्फोट कांड में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, दो आरोपी नामजद
भुवनेश्वर, एक अक्टूबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जनवरी में भुवनेश्वर में हुए बम विस्फोट के मामले में दो लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। एनआईए ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। इस बम विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी और एक इमारत क्षतिग्रस्त हुई थी।
आरोपियों की पहचान सानू उर्फ रोहन रंजन राउत और अमिया रंजन मल्लिक के रूप में हुई है, जिन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। मामला एयरफील्ड थाना क्षेत्र के सुंदरपाड़ा इलाके के न्यू आजादनगर में 27 जनवरी को हुए विस्फोट से जुड़ा है। एनआईए के अनुसार, दोपहर करीब 2:45 बजे चार लोग कथित तौर पर अपराध को अंजाम देने के इरादे से बम तैयार कर रहे थे, तभी विस्फोट हुआ।
चारों घायल हो गये और बाद में इनमें से दो की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी सहनवाज मलिक, उसकी मां लिजातुन बीबी, मंगेतर तृप्तिमयी महल और मल्लिक घर की छत पर विस्फोटक तैयार कर रहे थे, तभी धमाका हुआ। मल्लिक की चार फरवरी और उसकी मां की 10 फरवरी को मौत हो गई।
महल और मल्लिक गंभीर रूप से झुलस गए। एनआईए ने चार अप्रैल को जांच अपने हाथ में लेकर मामला दोबारा दर्ज किया। राउत को 18 जुलाई को गिरफ्तार किया गया, जबकि मल्लिक को उड़ीसा उच्च न्यायालय ने गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री अवैध तरीके से हासिल करने की साजिश में शामिल थे और बम तैयार करते समय विस्फोट हुआ।
सस्ते US Dollar का लालच देकर 25 लाख रुपये ठगने वाला Surat से गिरफ्तार
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर दिल्ली पुलिस ने अमेरिकी डॉलर कम दर पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 25 लाख रुपये की कथित ठगी करने के मामले में 32-वर्षीय एक आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को तिलक मार्ग थाने में वसंत पंचाल की शिकायत पर करीब 25 लाख रुपये की ठगी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के संपर्क में एक व्यक्ति आया था, जिसने अपना नाम ‘‘चिराग पटेल’’ बताया और अमेरिकी दूतावास तथा जेएलएल कंपनी में काम करने वाले लोगों से संपर्क होने का दावा किया था। नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को कम दर पर अमेरिकी डॉलर उपलब्ध कराने और बाद में उन्हें अधिक दर पर बदलकर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शिकायतकर्ता से दूतावास या वाणिज्य दूतावास के किसी व्यक्ति से मुलाकात कराने और रुपये को अमेरिकी डॉलर में बदलने के बहाने करीब 25 लाख रुपये नकद लिये गए।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे सूरत से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फेरिन हर्षदराय पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से ठगी की रकम का कुछ हिस्सा, ठगी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, मुंबई और सूरत में ठगी तथा इसी तरह के मामलों से जुड़े छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि ठगी की बाकी रकम बरामद करने तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi












