Responsive Scrollable Menu

Captain Smit Machhar की बहादुरी ने टाला बड़ा विमान हादसा, PM Modi और नेताओं ने की तारीफ

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने फ्लाईदुबई के विमान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-चालक की कोशिश को नाकाम करने वाले भारतीय पायलट की बृहस्पतिवार को जमकर सराहना की और कहा कि देश को उनकी बहादुरी पर गर्व है, जिसने सैकड़ों लोगों की जान बचाई तथा एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्मित मच्छार एक नायक हैं और उन्होंने 9/11 (अमेरिका में वर्ष 2001 में हुआ बड़ा आतंकवादी हमला) जैसी बड़ी त्रासदी को टाल दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘राष्ट्र कैप्टन स्मित मच्छार के साथ खड़ा है और उनके असाधारण साहस पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘‘मैं भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार, चालक दल के सदस्यों और हमले के दौरान अदम्य साहस तथा सूझबूझ दिखाने वाले सभी लोगों को सलाम करता हूं, जिन्होंने बहुमूल्य जिंदगियां बचाने में मदद की।’’ दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे।

इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरकर 17,000 फुट पर आ गया। बाद में उसका मार्ग बदलकर उसे सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। इस विमान में 27 बच्चों सहित कुल 174 यात्री सवार थे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘राष्ट्र को कैप्टन स्मित मच्छार पर गर्व है। उनके वीरतापूर्ण साहस और अद्भुत सूझबूझ ने हम सभी को गहराई से प्रभावित किया है।’’ मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गंभीर खतरे के क्षण में बुरी तरह घायल होने के बावजूद वह दूसरों की जान बचाने के लिए दृढ़ संकल्पित रहे। उनके साहस और त्वरित प्रतिक्रिया से बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली और कई अनमोल जिंदगियां बच गईं।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं उनकी अदम्य भावना को नमन करती हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हूं।’’ उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि गंभीर खतरे के बीच कैप्टन मच्छार के असाधारण साहस और सूझबूझ ने सम्मान और प्रशंसा अर्जित की है। राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘भारत को इस असाधारण नायक पर गर्व है।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनके दृढ़ संकल्प और उड़ान के दौरान निर्णायक कार्रवाई ने एक बड़ी त्रासदी को टालने और विमान में सवार लोगों की जान बचाने में मदद की।’’ मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उपराष्ट्रपति ने ‘‘भारत के वीर पुत्र’’ के प्रति गहरा सम्मान और आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहसिक कृत्य से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कैप्टन मच्छार ने अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘और जैसा कि इजराइल के प्रधानमंत्री (बेंजामिन नेतन्याहू) ने आज कहा कि इस भारतीय ने 9/11 जैसे हमले को नाकाम कर दिया। स्मित की बहादुरी से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’ उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मच्छार पर गर्व हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे स्मित मच्छार के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।

भारत का गौरव बढ़ाने के लिए हम उनकी सराहना करते हैं।’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्र कैप्टन स्मित मच्छार के साथ खड़ा है और उनके असाधारण साहस पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है। अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने कर्तव्य और सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को कायम रखा और विमान में सवार सभी लोगों की जान बचाने में मदद की।’’ सिंह ने कहा, ‘‘मच्छार का साहस, संयम और कर्तव्य के प्रति निष्ठा राष्ट्र के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। मैं उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि गंभीर खतरे के बीच भी कैप्टन मच्छार के असाधारण साहस और अद्भुत सूझबूझ ने कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई तथा एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

उन्होंने कहा, उनके इस साहस को नमन करने और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने में दुनिया भर की अनगिनत आवाजों के साथ जुड़िए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मच्छार ने दुनिया को दिखाया कि ‘‘सच्चा साहस’’ कैसा होता है और उनकी कार्रवाई से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली। नवीन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘चाकू से हमला किए जाने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा।

उन्होंने अपनी सुरक्षा से ऊपर दूसरों की सुरक्षा को रखा। भारत को उनकी बहादुरी पर गर्व है और सेवा तथा जिम्मेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देश हमेशा याद रखेगा।’’ खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मैं भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार, चालक दल के सदस्यों और हमले के दौरान अदम्य साहस तथा सूझबूझ दिखाने वाले सभी लोगों को सलाम करता हूं, जिन्होंने बहुमूल्य जिंदगियां बचाने में मदद की।’’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय मीडिया एवं संचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘असाधारण साहस के लिए कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम। उनके कर्तव्य से बढ़कर किए गए प्रयास ने 170 से अधिक लोगों की जान बचाने में मदद की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मच्छार वास्तव में एक नायक हैं और उनकी बहादुरी तथा समय पर की गई कार्रवाई के लिए पूरा देश उन पर गर्व कर रहा है।

मैं उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दुबई से तेल अवीव की उड़ान के दौरान स्मित ने जिस सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है।’’ फडणवीस कहा, सलाम! हमारे मुंबई के बेटे कैप्टन स्मित मच्छार पर बेहद गर्व है, जो एक सच्चे ‘नायक’ हैं - जिन्होंने इतने असाधारण और अद्भुत तरीके से सैकड़ों लोगों की जान बचाई। उन्होंने मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, ‘‘आप प्रेरणास्रोत हैं।

महाराष्ट्र और भारत को आप पर गर्व है।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गंभीर खतरे का सामना करते हुए कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा दिखाई गई बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत प्रशंसनीय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उड़ान के दौरान संकट में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार दृढ़ रहे और विमान में सवार लोगों की जान बचाने में मदद करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’ योगी ने कहा, ‘‘कैप्टन मच्छार की बहादुरी, सूझबूझ और कर्तव्य के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। जय हिंद!’’ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पायलट को खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की गैलरी में पीठ के बल लेटे हुए देखा जा सकता है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा कि एक इजराइली यात्री ने उन्हें बताया कि विमान हवा में अनियमित तरीके से चक्कर लगाने लगा था और खतरनाक तरीके से नीचे गिरने लगा था। इसके बाद वह यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तथा दोनों ने मिलकर चाकू से हमला करने वाले और विमान की प्रणालियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़कर उसे काबू में किया। नेतन्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक अन्य सदस्य कॉकपिट में दाखिल हुआ और उसने विमान को संभालने में मदद की।

उन्होंने कहा, मैं इन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई लोगों की जान बचाई और एक बड़ी आपदा को टाल दिया। स्थिति पर चर्चा करने के लिए अपने सुरक्षा प्रमुखों के साथ बैठक करने वाले नेतन्याहू ने बताया कि विमान तबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री खतरे से बाहर हैं।

Continue reading on the app

Delhi-NCR में आज से पेट्रोल पंपों पर कैमरा कर रहा हर गाड़ी की पहचान, No PUCC No Fuel नियम लागू हुआ

सर्दियों की दस्तक के साथ दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के खिलाफ अब कार्रवाई का दायरा बेहद व्यापक कर दिया गया है। 1 अक्टूबर यानि आज से ‘पीयूसी नहीं, ईंधन नहीं’ व्यवस्था सख्ती से लागू कर दी गई है। यानी वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं है तो पेट्रोल, डीजल और सीएनजी लेने में मुश्किल होगी। इसके साथ ही वाहन, उद्योग, पराली, सड़क की धूल और निर्माण गतिविधियों, यानि हर मोर्चे पर निगरानी और कार्रवाई तेज की जा रही है।

हम आपको बता दें कि दिल्ली-एनसीआर के पेट्रोल पंपों और सीएनजी स्टेशनों पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली लगाई जा रही है। वाहन के पंप में प्रवेश करते ही कैमरा उसकी नंबर प्लेट पढ़ेगा और प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता की जांच की जाएगी। दिल्ली में करीब 500 पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं। वैध प्रमाणपत्र नहीं होने पर ईंधन देने से इंकार किया जाएगा। वैध पीयूसी के बिना वाहन चलाने पर मोटर वाहन कानून के तहत 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लग सकता है और चालक का लाइसेंस निलंबित करने का प्रावधान भी है। इसके अलावा, 1 नवंबर से दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-6 से नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहनों के दिल्ली प्रवेश पर भी रोक का प्रावधान है। सीएनजी और विद्युत वाहन इससे बाहर रखे गए हैं।

इसे भी पढ़ें: Supreme Court का रुख: दिल्ली में पटाखों पर न पूरी पाबंदी होगी, न 24 घंटे की छूट

साथ ही वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दस वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को जब्त कर कबाड़ में भेजने की कार्रवाई तेज करने को कहा है। बीएस-4 और उससे नीचे के मालवाहक वाहनों के दिल्ली प्रवेश पर प्रतिबंध की स्थिति की भी समीक्षा की गई है। एनसीआर से दिल्ली आने वाली अंतरराज्यीय बसों को भी विद्युत, सीएनजी और बीएस-6 जैसे स्वच्छ विकल्पों की ओर ले जाने की योजना पर काम हो रहा है। एनसीआर में डीजल ऑटो रिक्शा को 31 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रगति भी देखी गई है। वहीं उबर, ओला, डिलीवरी सेवाओं और ई-कॉमर्स कंपनियों के वाहनों की अचानक जांच कर यह देखा जाएगा कि उनके बेड़े कितनी तेजी से स्वच्छ ईंधन वाले वाहनों में बदल रहे हैं।

इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पराली प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयोग ने इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। फसल विविधीकरण, सीधे बीज वाली धान तकनीक, फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों और किसानों के बीच जागरूकता अभियान को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। साथ ही एनसीआर के पत्थर तोड़ने वाले संयंत्रों को निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण मानकों का तत्काल पालन करना होगा। उत्सर्जन मानकों का उल्लंघन करने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर कानूनी और आर्थिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, सड़क की धूल और निर्माण गतिविधियों से पैदा होने वाले सूक्ष्म कणों पर नियंत्रण के लिए चिन्हित धूल वाले इलाकों में अतिरिक्त यांत्रिक सफाई मशीनें सर्दी शुरू होने से पहले लगाई जाएंगी। निर्माण एवं ध्वस्तीकरण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और डीजल जनरेटरों पर अचानक जांच भी जारी रहेगी।

दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर के यातायात जाम वाले इलाकों की पहचान कर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान आधारित यातायात प्रबंधन और स्वचालित चालान व्यवस्था लागू करने की तैयारी भी चज रही है, ताकि जाम में बेवजह जल रहे ईंधन और उससे होने वाले उत्सर्जन को कम किया जा सके।

उधर, पेट्रोल पंप कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच इस व्यवस्था को लेकर समर्थन दिखाई दिया। कई लोगों का कहना है कि सर्दियों से पहले ही प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। हालांकि पंप संचालकों ने चेताया है कि बिना स्पष्ट लिखित निर्देश के अचानक ईंधन रोकने पर वाहन मालिकों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो सकता है। उन्होंने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की पर्याप्त व्यवस्था की मांग की है।

बहरहाल, इस बार दिल्ली की जहरीली हवा से निपटने की रणनीति सिर्फ सड़क पर वाहनों की जांच तक सीमित नहीं है। ईंधन पंप से लेकर खेत, कारखाने से लेकर निर्माण स्थल और सड़क की धूल से लेकर यातायात जाम तक, प्रदूषण के हर स्रोत पर एक साथ शिकंजा कसने की तैयारी है। अब असली परीक्षा आदेशों की नहीं, बल्कि उनके जमीन पर ईमानदार और समयबद्ध अमल की होगी।

Continue reading on the app

  Sports

Irani Cup: जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों का कहर, ऋषभ पंत की अगुआई वाली रेस्ट ऑफ इंडिया पहली पारी में पस्त

ईरानी कप में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही. रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम पहली पारी में सिर्फ 237 रन के स्कोर पर सिमट गई. आकिब नबी की गैर-मौजूदगी में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया. रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से कप्तान ऋषभ पंत सबसे बड़े आकर्षण थे, लेकिन खराब शॉट सिलेक्शन के कारण वह सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. Thu, 1 Oct 2026 23:28:45 +0530

  Videos
See all

विधायक Anant Singh बोले- '500% उम्मीद है कि हम जीतेंगे' | #AnantSingh #JDU #JanSuraaj #BiharPolitics #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-01T19:39:22+00:00

MS Dhoni पत्नी साक्षी के साथ Hyderabad पहुंचे | #MSDhoni #SakshiDhoni #Hyderabad #Cricket #ytshorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-01T19:41:18+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers