उज्जैन शाही मस्जिद में निर्माण हटाने के दौरान मीनार का हिस्सा टूटा, छत पर गिरा मलबा, प्रशासन ने मरम्मत शुरू कराई
उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद में गुरुवार को निर्माण हटाने की कार्रवाई के दौरान मीनार का एक हिस्सा टूटकर मस्जिद की छत पर गिर गया। वहीं हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं है। हालांकि छत और मस्जिद के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू करा दी है और लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
दरअसल सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग को चौड़ा करने की योजना के तहत शाही मस्जिद का करीब 6 फीट हिस्सा सड़क की जद में आ रहा था। इस प्रभावित हिस्से को हटाने को लेकर प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के बीच बातचीत हुई थी। बातचीत के बाद प्रभावित हिस्सा हटाने पर सहमति बनी थी। इसी सहमति के तहत गुरुवार को निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान मीनार का एक हिस्सा अचानक टूटकर मस्जिद की छत पर गिर गया।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
वहीं मीनार का हिस्सा गिरने के बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और स्थिति को संभाला। कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि मस्जिद के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू करा दी गई है। अधिकारियों की मौजूदगी में मौके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन के मुताबिक हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल पूरा फोकस क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कराने और मौके पर स्थिति सामान्य रखने पर है। मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने को लेकर पहले से सहमति बनने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ी थी। हाईकोर्ट में भी मुस्लिम पक्ष की ओर से सहयोग की बात कही गई थी। ऐसे में गुरुवार की घटना निर्माण हटाने के दौरान हुए हादसे के रूप में सामने आई है। प्रशासन की ओर से लोगों से मौके पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और स्थिति को लेकर किसी तरह की गलत जानकारी पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
जानिए शाही मस्जिद विवाद में 28 सितंबर को क्या हुआ था?
दरअसल शाही मस्जिद को लेकर 28 सितंबर को भी विवाद की स्थिति बनी थी। उस समय सोशल मीडिया पर मस्जिद को पूरी तरह तोड़े जाने से जुड़ी भ्रामक और AI से तैयार सामग्री वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस के मुताबिक भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से हटाया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कई FIR दर्ज कीं। सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच के साथ-साथ CCTV और ड्रोन फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से सोशल मीडिया पर सामने आने वाली गलत जानकारी और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। 30 सितंबर को इस मामले में गिरफ्तार 9 आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 12 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। विवाद के बाद शाही मस्जिद और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात है। बाजार के कुछ हिस्सों में दुकानें भी बंद रहीं।
Korba Gangrape Case Verdict: छत्तीसगढ़ में गैंगरेप के दरिंदो को 20-20 साल की सजा, घर घुसकर की थी हैवानियत, ऐसे पलटा पूरा फैसला
Korba Gangrape Case Verdict: छत्तीसगढ़ में गैंगरेप के दरिंदो को 20-20 साल की सजा, घर घुसकर की थी हैवानियत, ऐसे पलटा पूरा फैसला
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News
IBC24









