'लड़कों से बात करती है, तुम्हारी लड़की गलत जा रही':ग्रामीण ने झूठ बोल खेल छुड़वाया, पतंजलि स्टोर पर नौकरी की; एशियन गेम्स मेडलिस्ट किरण की कहानी
हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली एथलीट किरण पहल मंगलवार को एशियन गेम्स में रिले इवेंट में गोल्ड और टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर देश-दुनिया में छा गईं। गन्नौर एरिया के गांव गुमड़ की गलियों में भागदौड़ से शुरु हुआ किरण का यह सफर कभी भी आसान नहीं रहा। तीसरी कक्षा में जिम्नास्टिक करतीं लड़कियों को देखकर खेलों की ओर आकर्षित हुई। स्कूल का मैदान दूर था तो पिता ने 300 रुपए में कबाड़ी से पुरानी साइकिल दिलवा दी, ताकि प्रैक्टिस न छूटे। मगर, इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने पिता और चाचा से झूठी शिकायत कर दी कि तुम्हारी लड़की तो लड़कों से बात करती है, गलत जा रही है। इस पर परिवार ने खेल बंद कर दिया। किसी तरह परिवार को मनाया और पांच माह बाद दोबारा मैदान पर लौटीं। प्रैक्टिस के लिए एथलीटों वाले जूते चाहिए थे। बाजार में पता चला कि कीमत 11 हजार रुपए है। ऐसे में सहारा बनी दादी, जिन्होंने अपनी बुढ़ापा पेंशन के रुपए पोती को दे दी। गांव से निकलकर रोहतक स्टेडियम पहुंची तो डाइट और किराए की समस्या खड़ी हो गई। इसका समाधान निकाला पंतजलि स्टोर पर काम करके, जहां से मिलने वाले 4 हजार रुपए से खेल, रहने-खाने की जरूरत पूरी की। साल 2022 में किरण के पिता ओमप्रकाश बीमार हुए तो वह प्रैक्टिस छोड़कर उनके पास पहुंची। पिता ने उससे पूछा कि क्या वह ओलंपिक में जाकर मेडल नहीं ला सकती। किरण ने वादा किया कि वह जरूर मेडल लेकर आएगी। मगर, इसी साल पिता का निधन हो गया। पिता से किया यही वादा किरण के लिए प्रेरणा बन गया। हरियाणवी छोरी के गोल्डन गर्ल बनने की पूरी कहानी… खेल के मैदान में आईं हर मुश्किलों से लड़कर पाया मुकाम… बहन बोलीं- चने के लड्डू पसंद, ओलंपिक में भी साथ ले गई थी किरण की बहन तमन्ना के अनुसार, वह बहुत आध्यात्मिक है और खेल को लेकर पूरी तरह समर्पित रहती है। वह सामान्य तौर पर सुबह-शाम तीन से चार घंटे प्रैक्टिस करती है। बड़ी प्रतियोगिता आने पर वह दूसरी चीजों को पीछे छोड़कर सिर्फ ट्रेनिंग पर ध्यान देती है। किरण को चने के लड्डू बेहद पसंद हैं। वह ओलंपिक के दौरान भी अपने साथ घर के बने चने के लड्डू लेकर गई थी। अब घर लौटने पर मां अपनी बेटी के लिए फिर से चने के लड्डू बनाएंगी। किरण 2023 तक पूरी तरह शाकाहारी रही। पेरिस ओलंपिक के दौरान पोलैंड में रहने के समय खाने को लेकर उसे परेशानी हुई। वहां उपलब्ध भोजन में नॉनवेज अधिक होने के कारण डाइट संभालना मुश्किल हुआ। इसके बाद उसने नॉनवेज खाना भी शुरू कर दिया। 1 अक्टूबर को गांव पहुंचेगी मेडल विजेता बेटी एशियाई खेलों में गोल्ड और सिल्वर जीतने के बाद अब गुमड़ गांव में किरण के स्वागत की तैयारी है। वह 1 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेगी, जिसके बाद उसे गांव लाकर भव्य स्वागत किया जाएगा। ----------------------------------- ये खबर भी पढ़ें…. जींद की नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड:उधार की गन से शुरू की थी प्रैक्टिस; राशन लेने गई मां को फोन पर मिली खुशखबरी जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में जींद के गांव संगतपुरा की 26 वर्षीय शूटर नीरू ढांडा ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं। (पूरी खबर पढ़ें)
सचिन-कोहली के क्लब में आ सकते हैं रोहित शर्मा:वनडे में 12 हजार रन से 73 रन दूर; आज भारत-वेस्टइंडीज दूसरा मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच दोपहर 2 बजे से गुवाहाटी में खेला जाएगा। ओपनर रोहित शर्मा 12 हजार वनडे रन से 73 रन दूर हैं। रोहित के इस आंकड़े तक पहुंचते ही ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के पहले मैच में विराट कोहली ने वनडे में सबसे तेज 15 हजार रन पूरे किए थे। भारत ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। रोहित-कोहली ने 2018 में इसी मैदान पर शतक लगाया गुुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 2 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। 2018 में भी भारत-वेस्टइंडीज का वनडे मैच यहां खेला गया था। वेस्टइंडीज ने 323 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारत ने रोहित और कोहली के शतकों की मदद से 8 विकेट रहते जीत दर्ज की। रोहित ने 117 गेंद पर नाबाद 152 रन बनाए थे। वहीं कोहली ने 107 गेंद पर 140 रन की पारी खेली थी। कुलदीप 200 वनडे विकेट से 2 कदम दूर कुलदीप यादव वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं। यह उपलब्धि हासिल करते ही वे 200 वनडे विकेट लेने वाले 9वें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। भारत की ओर से वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। उन्होंने 269 मैचों में 334 विकेट लिए हैं। कुलदीप से आगे भारतीय गेंदबाजों में रवींद्र जडेजा 232 विकेट और मोहम्मद शमी 206 विकेट के साथ मौजूद हैं। वेस्टइंडीज से पिछले 12 वनडे में भारत सिर्फ 1 मैच हारा वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले पिछले 12 वनडे मुकाबलों में भारत ने 11 मैच जीते हैं। वहीं वेस्टइंडीज सिर्फ 1 मैच जीत सका। दोनों टीमों के बीच कुल 143 वनडे खेले गए। भारत ने 73 मैच जीते, जबकि वेस्टइंडीज ने 64 मुकाबले अपने नाम किए हैं। गिल ने इस साल 95 के एवरेज से रन बनाए इस साल वेस्टइंडीज के टॉप वनडे प्लेयर्स भारत पहले वनडे में 3 ऑलराउंडर्स के साथ खेला था भारत ने पहले वनडे में तीन ऑलराउंडर्स के साथ टीम उतारी थी। इसमें नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा और नमन धीर शामिल रहे। भारत के पास तेज गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और मोहम्मद सिराज के विकल्प हैं। पहले वनडे में सिराज प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। अगर सिराज को मौका मिलता है, तो भारत ऑलराउंडर्स में से एक को बाहर कर सकता है। शतक लगाने वाले जस्टिन ग्रीव्स चोटिल हुए मैच से पहले वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। पिछले मैच में 101 रन की पारी खेलने वाले ओपनर जस्टिन ग्रीव्स चोट की वजह से इस मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें काफ इंजरी हुई है। ग्रीव्स की जगह शेरफेन रदरफोर्ड को मौका दिया जा सकता है। गुवाहाटी में हर पारी में 300+ स्कोर बना बरसापारा स्टेडियम में अब तक 2 वनडे खेले गए हैं। इन चारों पारियों में 300 से ज्यादा रन का स्कोर बना है। गुवाहाटी में मैच के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने थंडरस्टॉर्म की संभावना भी जताई गई है। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-XI भारत- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा। वेस्टइंडीज- शाई होप (कप्तान-विकेटकीपर), जॉन कैंपबेल, केसी कार्टी, अमीर जांगू, शेरफेन रदरफोर्ड, जेवेल एंड्रयू, रॉस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेयडन सील्स।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 








