Responsive Scrollable Menu

₹2,700 से सीधे ₹27,000! दवा की कीमत देखकर सुप्रीम कोर्ट भी हैरान, पूछा सवाल

Supreme Court on Medicine Price:₹2,700 की दवा की MRP ₹27 हजार होने पर सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाए। कोर्ट ने सभी दवाओं पर 16% मार्जिन सीमा की संभावना और DPCO के नियमों पर केंद्र से जवाब मांगा।

Continue reading on the app

दवाओं की MRP और PTR में भारी अंतर पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, रिटेलर मार्जिन 16 प्रतिशत तक रखने का सुझाव

दवाओं की कीमत और मरीजों से वसूली जाने वाली रकम के बीच बड़े अंतर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि जरूरी दवाओं के मामले में जिस तरह रिटेलर का मार्जिन 16 प्रतिशत तय किया जाता है, क्या दूसरी दवाओं के लिए भी ऐसी ही सीमा तय नहीं की जा सकती।

अदालत ने यह सवाल दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य यानी एमआरपी और रिटेलर को मिलने वाली कीमत यानी पीटीआर के बीच अंतर को लेकर उठाया। हालांकि, 16 प्रतिशत की सीमा को लेकर अभी कोई अंतिम आदेश नहीं दिया गया है मामले पर अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी।

2700 रुपये की दवा की एमआरपी 27 हजार

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दवाओं की कीमतों में भारी अंतर का एक उदाहरण भी सामने आया। कोर्ट को बताया गया कि कैंसर की एक दवा रिटेलर को करीब 2700 रुपये में मिलती है, लेकिन उसकी एमआरपी 27 हजार रुपये है। पिछली सुनवाई में इसी अंतर पर कोर्ट ने बेहद कड़ी टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था कि मरीजों से इस तरह पैसे लेना दिनदहाड़े डकैती और उगाही जैसा है। कोर्ट की चिंता खासतौर पर उन मरीजों को लेकर है, जिन्हें लंबे इलाज के दौरान लगातार महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।

16 प्रतिशत का सवाल क्यों उठा

मामला ड्रग्स प्राइस कंट्रोल ऑर्डर यानी डीपीसीओ, 2013 की व्यवस्था से जुड़ा है। इसके तहत सरकार कुछ जरूरी दवाओं की अधिकतम कीमत तय करती है। कीमत तय करने की प्रक्रिया में रिटेलर के लिए 16 प्रतिशत मार्जिन का प्रावधान है। लेकिन सभी दवाएं इस मूल्य नियंत्रण के दायरे में नहीं आतीं। गैर निर्धारित दवाओं की शुरुआती कीमत तय करने में सरकार की भूमिका सीमित है। हालांकि, इन दवाओं के एमआरपी में एक साल में 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की जा सकती।

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यही व्यवस्था दवाओं की कीमतों में बड़े अंतर की वजह बन रही है। उनका कहना है कि जब जरूरी दवाओं के लिए रिटेलर मार्जिन तय है तो बाकी दवाओं के मामले में भी कीमत और मार्जिन को लेकर स्पष्ट सीमा होनी चाहिए।

केंद्र ने भी माना, अंतर का मुद्दा विचार योग्य

केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा कि दवाओं की कीमतों में अंतर का मुद्दा गलत नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसका समाधान निकालते समय दवा बनाने वाली कंपनियों से लेकर वितरकों, रिटेलरों और मरीजों तक सभी के हितों को ध्यान में रखना होगा।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल आगे बढ़ाते हुए पूछा कि जब जरूरी दवाओं के लिए 16 प्रतिशत मार्जिन का मॉडल मौजूद है, तो दूसरी दवाओं के लिए भी एमआरपी और पीटीआर के बीच अंतर की कोई सीमा तय करने पर विचार क्यों नहीं किया जा सकता।

मेडिकल डिवाइस की कीमतों पर भी सवाल

सुनवाई में मेडिकल डिवाइस की कीमतों का मुद्दा भी उठा। याचिकाओं में दवाओं के साथ-साथ मेडिकल डिवाइस की खरीद कीमत और मरीजों से वसूली जाने वाली कीमत के बीच अंतर को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट अब इस मामले में आगे की दलीलें सुनेगा। फिलहाल अदालत का 16 प्रतिशत वाला सुझाव कोई नया नियम नहीं है। अगली सुनवाई में यह साफ होगा कि कीमतों और रिटेलर मार्जिन को लेकर मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

Continue reading on the app

  Sports

IPL में CSK के नए Bowling Coach बनेंगे Mohit Sharma, CEO ने की पुष्टि

चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा अगले सीजन से टीम के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। वह मुख्य कोच जहीर खान की अगुवाई वाले सहयोगी स्टाफ का हिस्सा होंगे। इस नियुक्ति की पुष्टि चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने की है।

काशी विश्वनाथन ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि मोहित शर्मा को नए गेंदबाजी कोच के रूप में टीम में शामिल किया जा रहा है। उनके नाम की सिफारिश मुख्य कोच जहीर खान ने की है। उन्होंने कहा कि मोहित बतौर खिलाड़ी भी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ शानदार रहे हैं और टीम को उम्मीद है कि वह गेंदबाजी कोच के रूप में भी अच्छा काम करेंगे।

बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स के बाकी सहयोगी स्टाफ में भी आने वाले हफ्तों में बदलाव देखने को मिल सकता है। काशी विश्वनाथन के अनुसार, नए कोचिंग स्टाफ की नियुक्तियां भी जहीर खान की सिफारिश के आधार पर की जाएंगी। मोहित शर्मा टीम के गेंदबाजी कोच के तौर पर एरिक सिमंस की जगह लेंगे।

मोहित का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पुराना रिश्ता रहा है। वह टीम के लिए 2 अलग-अलग दौर में कुल 4 सीजन खेल चुके हैं। आईपीएल में उनका आखिरी कार्यकाल दिल्ली कैपिटल्स के साथ रहा था। उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए भी 2016 से 2018 तक खेला है।

गौरतलब है कि मोहित शर्मा ने आईपीएल में 120 मुकाबले खेले हैं और उनके नाम 134 विकेट हैं। गुजरात टाइटंस के साथ उनका प्रदर्शन खास तौर पर चर्चा में रहा था। टीम के साथ बिताए 2 सत्रों में उन्होंने 41 विकेट लिए और अपनी सटीक गेंदबाजी तथा अलग-अलग तरह की गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया था।

आईपीएल में मोहित का सबसे यादगार सीजन2014 रहा था। उस समय चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 23 विकेट हासिल किए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को मिलने वाली पर्पल कैप अपने नाम की थी। यही प्रदर्शन उनके आईपीएल करियर के सबसे खास दौर में शामिल है।

भारतीय टीम के साथ भी मोहित का सफर खास रहा है। 2015 विश्व कप में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे मोहित टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल थे। उन्होंने भारत के लिए 26 एकदिवसीय और 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। एकदिवसीय मैचों में उनके नाम 31 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 6 विकेट हैं।

मोहित ने पिछले साल दिसंबर में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। अपने भावुक संदेश में उन्होंने हरियाणा से लेकर भारतीय टीम और आईपीएल तक के सफर को याद किया था। उन्होंने हरियाणा क्रिकेट संघ, बीसीसीआई, अपने कोच, साथियों, आईपीएल टीमों और सहयोगी स्टाफ का आभार जताया था।

अब क्रिकेट से खिलाड़ी के रूप में विदाई लेने के बाद मोहित के सामने कोच के रूप में नई जिम्मेदारी होगी। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका पुराना अनुभव और जहीर खान के साथ काम करने का मौका टीम की गेंदबाजी व्यवस्था में उनके लिए अहम भूमिका बना सकता है। अगले सीजनसे वह मैदान के बाहर रहकर गेंदबाजों की तैयारी और रणनीति में योगदान देते नजर आने वाले हैं।

Tue, 29 Sep 2026 19:59:00 +0530

  Videos
See all

कुत्ते का मीट बैन होने से पहले हुआ रेस्क्यू [Dogs rescued in final mission as dog meat ban] #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-29T14:47:02+00:00

Sahil Joshi | मैं EC पर एक और खुलासा कर देता हूं - कांग्रेस प्रवक्ता | #BJP #Congress #Shorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-29T14:45:52+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers