Responsive Scrollable Menu

पड़ोसी देश के आतंकवाद पर साझीदार देश ध्यान नहीं देंगे तो संबंधों पर असर पड़ेगा: S Jaishankar

(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 29 सितंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पड़ोसी देश से उत्पन्न होने वाला आतंकवाद भारत की प्रमुख चिंताओं में से एक है और यदि नयी दिल्ली के साझेदार इस चिंता को पूरी तरह नहीं समझते हैं, तो इसका द्विपक्षीय संबंधों पर असर पड़ता है। उनका यह बयान अमेरिका और पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकी के बीच भारत-अमेरिका संबंधों के संदर्भ में आया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के उच्चस्तरीय सप्ताह के सोमवार को समापन के अवसर पर एशिया सोसाइटी की ओर से आयोजित एक विशेष संवाद में जयशंकर ने भारतीय-अमेरिकी और प्रवासी भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ-साथ नीति विशेषज्ञों को संबोधित किया।

पूर्व अमेरिकी राजनयिक और ‘एशिया सोसाइटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट’ के विशिष्ट फेलो डेनियल रसेल द्वारा संचालित इस संवाद के दौरान जयशंकर से भारत-अमेरिका संबंधों के बारे में सवाल किया गया। उनसे खासतौर पर पिछले एक वर्ष के दौरान व्यापार और शुल्कों से जुड़े घटनाक्रम तथा द्विपक्षीय संबंधों को ‘‘बेहतर दिशा’’ में ले जाने के लिए क्या किए जाने की जरूरत है, इस बारे में पूछा गया। जयशंकर ने कहा, ‘‘अगर मैं व्यापक नजरिए से देखूं... तो मैं देखता हूं कि दुनिया के कई देशों के अमेरिका के साथ संबंध अधिक कठिन रहे हैं।

मेरा मतलब है कि इससे हमें सांत्वना शायद न मिले, लेकिन यह एक वास्तविकता है।’’ इसके बाद उन्होंने अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संबंधों का जिक्र किया, जिनमें पिछले एक वर्ष के दौरान सुधार आया है, खासकर जनवरी 2025 में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के कुछ ही महीनों बाद। जयशंकर ने कहा कि एक मुद्दा ‘‘हर देश की संवेदनशीलताओं से जुड़ा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए जो बात विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, वह आतंकवाद का मुद्दा है। हमारा मानना है कि... शायद बहुत कम ऐसे देश हैं, जिन्हें कई दशकों से किसी पड़ोसी देश की ओर से जानबूझकर और सुनियोजित नीति के तहत उस तरह के आतंकवाद का सामना करना पड़ा है, जैसा हमने किया है।’’ पाकिस्तान का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अब, अगर जो बात हमारे लिए इतनी महत्वपूर्ण है, उसके बारे में पर्याप्त समझ या सराहना या सहानुभूति नहीं है, तो मुझे लगता है कि इससे भी एक समस्या पैदा होती है।

यदि मेरी प्रमुख चिंताओं में से किसी एक को मेरा साझेदार पूरी तरह नहीं समझता है, तो स्पष्ट रूप से इसका संबंधों पर असर पड़ता है।’’ व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के कुछ ही महीनों बाद भारत-अमेरिका संबंधों में शुल्क, व्यापार, नयी दिल्ली द्वारा रूसी ईंधन की खरीद और वाशिंगटन की पाकिस्तान के साथ फिर से बढ़ती भागीदारी जैसी चुनौतियों को लेकर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पिछले साल मई में भारत ने, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस हमले को पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने अंजाम दिया था और इसमें 26 लोग मारे गए थे जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे।

पिछले पूरे साल और यहां तक कि गत सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन में भी ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रुकवाया था। भारत लगातार किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार करता रहा है। पिछले साल जून में कनाडा के कनानास्किस में आयोजित जी7 नेताओं के शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद ट्रंप ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर की व्हाइट हाउस में दोपहर के भोजन पर मेजबानी की थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मुनीर ने पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के दौरान व्हाइट हाउस में ट्रंप से फिर मुलाकात की थी। ट्रंप ने विभिन्न मौकों पर सार्वजनिक रूप से मुनीर की प्रशंसा की और उन्हें ‘‘महान जनरल, महान फील्ड मार्शल, एक महान व्यक्ति’’ बताया।

जयशंकर ने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से उम्मीद करेंगे और अपेक्षा करेंगे कि भारत-अमेरिका संबंध आगे बढ़ते हुए बेहतर दिशा में जाएं। लेकिन मुझे सामने मौजूद मुद्दों को लेकर वास्तविकता को ध्यान में रखना होगा और जिस हद तक हम इनमें से कुछ मुद्दों पर आगे बढ़ने में सक्षम होंगे, मुझे लगता है कि हमारे संबंध बेहतर होंगे।

Continue reading on the app

New York में Asia Society के मंच से बोले S Jaishankar, पहले से बेहतर हुए India-China रिश्ते

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत-चीन के रिश्ते कुछ साल पहले की तुलना में आज बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे सीमा विवाद सुलझ रहे हैं, रिश्ते सामान्य हो रहे हैं। वे सोमवार को न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी द्वारा आयोजित एक बातचीत के दौरान बोल रहे थे। हाल के समय में भारत-चीन संबंधों में आए सुधार पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए जयशंकर ने कहा कि अगर आप मुझसे पूछें कि 2025 की स्थिति की तुलना में आज रिश्ते बेहतर हैं या नहीं, तो मैं कहूंगा कि हां। 2024 की तुलना में तो ये और भी बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई ढांचागत बदलाव नहीं था, बल्कि रिश्ते इसलिए बेहतर हुए क्योंकि 2020 में सीमा पर हुए तनाव के बाद वे "काफी पटरी से उतर गए" थे। उन्होंने कहा जैसे ही स्थिति स्थिर हुई, सुधार होना ही था, क्योंकि 2020 की घटनाओं और सीमा पर लंबे समय तक चले तनाव से रिश्तों पर वाकई असर पड़ा था।

इसे भी पढ़ें: जयशंकर ने टेबल पर मारा हाथ, बदतमीज पाकिस्तानी का दिमाग ही घूम गया


जयशंकर ने कहा कि 2020 के तनाव के बाद दोनों देशों के बीच सभी सामान्य संपर्क बंद हो गए थे। व्यापार तो जारी रहा, लेकिन सरकारी बातचीत, वीज़ा जारी करने और उड़ानों पर असर पड़ा। उन्होंने कहा इसलिए जब सीमा पर तनाव सुलझ गया, तो यह स्वाभाविक था कि हालात बेहतर होने लगेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने बीजिंग को लंबे समय से यह बात समझाई थी कि गतिरोध और रिश्तों में गिरावट से किसी भी पक्ष को फ़ायदा नहीं होता, बल्कि इससे दूसरों को ही लाभ मिलता है। उन्होंने कहा, "हमने कूटनीति के एक बहुत ही बुनियादी सिद्धांत का भी लगातार पालन किया है - ऐसी किसी समस्या में न उलझें जिससे दूसरों को फ़ायदा हो। उन्होंने कहा कि चीनी पक्ष को सहमत होने में समय लगा, लेकिन लंबे गतिरोध से किसी भी देश का हित नहीं सधता। उन्होंने कहा हमारे रिश्तों में जितना सुधार होगा, मुझे लगता है कि इससे निश्चित रूप से हमारी स्थिति मज़बूत होगी, न केवल चीन के मामले में बल्कि बाकी दुनिया के सामने भी। उन्होंने कहा कि क्योंकि मैं किसी एक खास रिश्ते और मुद्दे पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करके अपना नुकसान नहीं करना चाहता। अगर मुझे कोई ऐसा समाधान मिल जाए जो मेरे लिए कारगर हो, तो मैं उसे ही चुनूंगा।

इसे भी पढ़ें: S Jaishankar ने UNGA में बहुध्रुवीय दुनिया का किया आह्वान, वैश्विक शांति और सुधार पर दिया जोर


जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन एक बुनियादी सिद्धांत पर सहमत हुए हैं। सीमा की स्थिति ही रिश्तों की स्थिति तय करती है। उन्होंने कहा कि आप सीमा पर तनाव बनाए रखकर यह नहीं कह सकते कि रिश्ते सामान्य होने चाहिए। इसलिए, जैसे-जैसे सीमा पर हालात सामान्य होते हैं, रिश्ते भी सामान्य होते जाते हैं, और अगर रिश्ते सामान्य होते हैं, तो इससे हम दोनों को ही फ़ायदा होता है। भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रमुख सदस्यों की मौजूदगी में बोलते हुए, जयशंकर ने यह भी कहा कि दुनिया साफ़ तौर पर ज़्यादा 'मल्टीपोलैरिटी' (बहु-ध्रुवीयता) की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश जो अब तक आधार रहा है या जिसने 'मौजूदा व्यवस्था को आकार दिया है' वहाँ अब गठबंधनों में कमी और अकेले काम करने की प्रवृत्ति देखी जा रही है, जिसका असर बाकी दुनिया की सोच पर भी पड़ रहा है।

Continue reading on the app

  Sports

सिराज- नबी को मिल सकती है प्लोइंग XI में जगह, आंकड़े और पिच करेगी टीम इंडिया को मजबूर, गिल भी चाहते है 6 बॉलिंग ऑप्शन

siraj-nabi in playingXI: तिरुवनंतपुरम में अधिक अनुभवी सिराज के बजाय ऑलराउंडर रेड्डी के साथ गेंदबाजी की शुरुआत करने का भारत का फैसला कई लोगों को हैरान कर गया और यह प्रयोग योजना के अनुसार नहीं चला. एक अस्थिर तेज गेंदबाजी कांबिनेशन चिंता का विषय होगा जब मेजबान बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला को सील करने की कोशिश करेंगे. Tue, 29 Sep 2026 14:16:09 +0530

  Videos
See all

Gorakhpur: महंत Digvijaynath की 57वीं पुण्यतिथि पर CM Yogi ने उनके योगदान को याद किया #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-29T08:41:55+00:00

Bangladesh Rooppur Nuclear Power Plant: पाकिस्तान ने तो बांग्लादेश को भी नहीं छोड़ा | Nuclear Energy #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-29T08:45:29+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers