‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का पहला लुक जारी:मोटी मूंछें, खून के दाग वाली शर्ट और गॉगल्स में दिखा रौबदार अंदाज
फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आया है। पोस्टर में रणबीर का इंटेंस और रॉ अंदाज नजर आ रहा है। रणबीर मोटी मूंछों, खून के दाग वाली शर्ट और गॉगल्स में दिखाई दे रहे हैं। उनका लुक किरदार के रफ और मजबूत अंदाज की झलक देता है। शर्ट पर खून के दाग फिल्म की डार्क और एक्शन से भरपूर कहानी की ओर इशारा करते हैं। वहीं, गॉगल्स उनके किरदार को स्टाइलिश लुक दे रहे हैं। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून! संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को। फिल्मों में मिलते हैं!” पोस्टर में रणबीर का यह अवतार उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग नजर आ रहा है। फिल्म में रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी नजर आएंगे। ‘लव एंड वॉर’ दुनियाभर में 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज की जाएगी। इसका निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है। ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट कई बार बदली संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट अब तक कई बार बदली जा चुकी है। सबसे पहले इसकी रिलीज की घोषणा जनवरी 2024 में हुई थी। उस समय फिल्म को क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी। बड़े स्तर पर हो रही शूटिंग और प्रोडक्शन में ज्यादा समय लगने के कारण रिलीज को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद मार्च 2026 में फिल्म रिलीज होने की बात सामने आई। इस बीच 14 अगस्त 2026 की रिलीज डेट की भी चर्चा हुई थी। हालांकि, फिल्म का काम तय समय में पूरा नहीं हो सका। खास तौर पर बड़े वीएफएक्स और हवाई एक्शन सीन्स के कारण समय बढ़ा। इसके बाद मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट तय की। 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज तय की गई है। भंसाली के साथ विक्की की पहली फिल्म संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ नजर आएंगे। हालांकि, रणबीर और आलिया इससे पहले भी भंसाली के साथ काम कर चुके हैं। रणबीर कपूर ने भंसाली के निर्देशन में ‘सांवरिया’ (2007) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उनके साथ सोनम कपूर भी मुख्य भूमिका में थीं। आलिया भट्ट ने भंसाली के साथ पहली बार ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ (2022) में काम किया। फिल्म में उन्होंने गंगूबाई का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए आलिया को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला था। वहीं, विक्की कौशल ने ‘लव एंड वॉर’ से पहले भंसाली के निर्देशन में कोई फिल्म नहीं की है। ऐसे में यह उनके लिए भंसाली के साथ पहली फिल्म है। सेट से लीक हुए थे स्टारकास्ट के लुक, देखिए तस्वीरें- ‘लव एंड वॉर’ के सेट पर जून में हादसा हुआ फिल्म ‘लव एंड वॉर’ जून 2026 में सेट पर हुए एक हादसे के बाद चर्चा में आ गई थी। 17 जून को मुंबई के फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ था। हादसे के बाद भंसाली प्रोडक्शंस ने मृतक के परिवार को 40 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने मुआवजा बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने की मांग की थी। संगठन ने परिवार के बच्चों की पढ़ाई और मृतक की पत्नी को रोजगार देने की भी अपील की थी। इसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी AICWA ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा। संगठन ने हादसे की जांच और संजय लीला भंसाली के खिलाफ FIR की मांग की। AICWA ने मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग भी रखी। संगठन ने सेट पर सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए। AICWA ने यह भी कहा था कि घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही फिल्म सेट की सुरक्षा जांच कराने की मांग की गई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...
रूमर्ड गर्लफ्रेंड संग दिखे गोविंदा, पत्नी का बयान आया:सुनीता आहूजा बोलीं- इंसानों को जितना प्यार करो, कोई फायदा नहीं, धोखा ही देते हैं
गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा को अभिनेत्री और रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करते देखा गया। इसके बाद सुनीता आहूजा का एक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने इंसानों को धोखेबाज बताते हुए जानवरों से प्यार को बेहतर बताया। हालांकि, सुनीता ने अपने बयान में गोविंदा का नाम नहीं लिया। दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट पर पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनीता अपने पालतू कुत्ते विंटर के साथ थीं। पैपराजी से बात करते हुए सुनीता ने कहा कि इंसानों को जितना भी प्यार करो, कोई फायदा नहीं है। धोखा ही देते हैं। इनको प्यार करो, देखो, हमेशा चिपके रहते हैं। विंटर मुझे हमेशा छोड़ने आता है ना। उसको कैमरे में देखना भी बराबर आता है। इंसानों से अच्छे तो जानवर होते हैं भाई। जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। धोखेबाज होते हैं इंसान। लालबागचा राजा के दरबार में कोमल के साथ दिखे गोविंदा गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान वह अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आए थे। दोनों ने गणपति बप्पा के दर्शन किए। गणपति उत्सव में भी अलग नजर आया परिवार इस साल गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा और सुनीता साथ नजर नहीं आए। गणेश चतुर्थी के मौके पर सुनीता आहूजा के घर गणपति बप्पा का स्वागत किया गया। गणेशोत्सव के दौरान गोविंदा और सुनीता के बेटे यशवर्धन और बेटी टीना भी मौजूद थे। हालांकि, इस दौरान गोविंदा नजर नहीं आए। गणेश चतुर्थी के दिन सुनीता ने कहा था कि गोविंदा फिलहाल अमेरिका में हैं और रात तक वापस आएंगे। उन्होंने कहा था कि अगर सफर के बाद वह थके होंगे, तो आज बप्पा के दर्शन करने नहीं आएंगे। कल दर्शन करने जरूर आएंगे। बाद में गोविंदा दर्शन के लिए घर गए। वहां उनके बच्चे टीना और यशवर्धन नजर आए। हालांकि, गोविंदा पब्लिकली सुनीता के साथ नजर नहीं आए। वहीं, गणेश चतुर्थी से एक दिन पहले रविवार को सुनीता आहूजा गणपति बप्पा को घर लेकर आईं। इस दौरान वह अकेली ही ढोल की थाप पर डांस करती नजर आईं। तब भी गोविंदा उनके साथ नजर नहीं आए थे। गौरतलब है कि पिछले एक साल से गोविंदा और सुनीता की शादीशुदा जिंदगी खबरों में है। पिछले महीने सुनीता ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की याचिका वापस ले ली है। दरअसल, पिछले साल गणेशोत्सव के कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट में दावा किया था कि सुनीता ने गोविंदा से तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, गणेशोत्सव के दौरान दोनों साथ नजर आए थे। देखिए गोविंदा- सुनीता के पिछले साल के सेलिब्रेशन की झलक- वहीं, गणेश चतुर्थी से पहले सुनीता ने जूम को दिए एक इंटरव्यू में इस साल के गणेशोत्सव को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि इस बार वह खुद गणपति बप्पा को घर लेकर आएंगी। उन्होंने इसकी वजह भी बताई थी। सुनीता ने कहा था कि पिछले साल उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया और बप्पा के आशीर्वाद से उन्हें दो टीवी शोज में काम करने का मौका मिला। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने अपने बेटे के साथ एक फिल्म की है। सुनीता ने यह भी बताया था कि उन्हें सबसे ज्यादा अच्छा तब लगता है, जब लोग उनके घर आकर गणपति बप्पा के दर्शन करते हैं। इस साल उन्होंने बप्पा से अपनी और परिवार की खुशियों के लिए प्रार्थना की है। इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने यह भी बताया था कि वह इस साल गणपति बप्पा से क्या मांगना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह और उनके बच्चे यशवर्धन आहूजा और टीना आहूजा अच्छे लोगों के साथ काम करते रहें। सुनीता ने कहा, “अगले गणपति तक मुझे अपना खुद का घर लेना है। ये मैं बप्पा से मांगूंगी। मुझे बस अपने बच्चों की सफलता, अपनी सफलता और खुशी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि वह अपनी जिंदगी में किसी तरह का तनाव नहीं चाहतीं। सुनीता ने बप्पा से प्रार्थना की कि उनकी और उनके बच्चों की जिंदगी से सभी नेगेटिव लोग दूर हो जाएं। साथ ही उन्हें अच्छे लोगों के साथ अच्छा काम करने का मौका मिलता रहे। सुनीता आहूजा का वर्क फ्रंट वर्क फ्रंट की बात करें तो सुनीता आहूजा जल्द एक्टिंग में डेब्यू करने वाली हैं। वह डायरेक्टर साजिद खान की फिल्म से एक्टिंग की शुरुआत करेंगी। फिल्म में उनके बेटे यशवर्धन आहूजा, नितांशी गोयल और जेमी लीवर भी नजर आएंगे। यह फिल्म 7 जनवरी 2027 को रिलीज होने वाली है। गोविंदा की पत्नी सुनीता का भी बप्पा के आगमन का जश्न मनाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि इस दौरान न गोविंदा दिखे और न ही उनके बच्चे। उन्होंने इस दौरान चप्पल भी नहीं पहन रखी थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










