वेलकम फिल्म एक्टर मुश्ताक खान का निधन:75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस; 5 साल से कैंसर से पीड़ित थे
'वेलकम' और 'आशिकी' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने आज 24 सितंबर को अंतिम सांस ली। मुश्ताक खान पिछले पांच सालों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने आजतक से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है। उन्हें 25 सितंबर को मुंबई में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। 15 दिनों से नानावती अस्पताल में भर्ती थे मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद वे ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में यह बीमारी दोबारा लौट आई थी। इसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी थी। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने जानकारी दी कि गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से उनके परिवार और फिल्म जगत के साथियों में दुख का माहौल है। 250 से ज्यादा फिल्मों और कई टीवी शोज में किया काम मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। साल 1980 में फिल्म 'थोड़ी सी बेवफाई' और 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। अपने चार दशक से अधिक लंबे अभिनय करियर में उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर 'अदालत', 'चाचा चौधरी', 'टेढ़े-मेढ़े सपने' और 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी काम किया। कॉमिक और सपोर्टिंग रोल्स से मिली पहचान मुश्ताक खान ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए, जिनसे उन्हें घर-घर में पहचान मिली। 2007 में आई फिल्म 'वेलकम' में मजनू भाई (अनिल कपूर) के साथी 'बल्लू' के रोल से उन्हें काफी प्रसिद्धि मिली। इससे पहले 1993 की फिल्म 'हम हैं राही प्यार के' में दक्षिण भारतीय लहजे वाले 'भगवती प्रसाद मिश्रा' और 1990 की ब्लॉकबस्टर 'आशिकी' में दर्जी 'रफू मास्टर' का उनका किरदार काफी चर्चित रहा। इसके अलावा फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' में 'चुटकी बाबा', 'गदर: एक प्रेम कथा' में 'गुल खान' और 'दिल है कि मानता नहीं' में बस कंडक्टर के रोल में भी उनकी अदाकारी को बहुत सराहा गया। 90 के दशक से लेकर हालिया फिल्मों तक जारी रहा सफर 1990 के दशक में मुश्ताक खान ने 'सड़क', 'साथी', 'क्रांतिवीर', 'राजा', 'मेजर साब' और 'मन' जैसी कई बड़ी फिल्मों में अभिनय के जरिए अपनी खास जगह बनाई। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के दम पर वे आगे चलकर 'हेरा फेरी', 'जोड़ी नं. 1', 'राउडी राठौर' और 'वेलकम बैक' जैसी कॉमेडी फिल्मों का अहम हिस्सा बने। हाल के वर्षों में भी वे फिल्म 'स्त्री' और 'स्त्री 2' जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आए थे। ये खबर भी पढ़ें रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन:बंगाली सिनेमा में प्लेबैक सिंगर थीं, शाहरुख खान अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 साल की उम्र में निधन हो गया। यशराज फिल्म्स (YRF) ने आधिकारिक बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी है। पूरी खबर पढ़ें
अनुपम खेर बोले- गोविंदा अपने आसपास के माहौल से परेशान:कहा- आदतों को काम पर हावी न होने दें; रूमर्ड गर्लफ्रेंड के चलते विवाद में फंसे गोविंदा
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड और पत्नी सुनीता आहूजा के साथ जारी अनबन की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। अब अभिनेता अनुपम खेर ने गोविंदा की निजी जिंदगी पर प्रतिक्रिया दी है। फरीदून शहरयार को दिए इंटरव्यू में अनुपम खेर ने कहा कि गोविंदा बेहतरीन एक्टर हैं, लेकिन उन्हें अपनी निजी जिंदगी और आदतों को काम पर हावी नहीं होने देना चाहिए। दरअसल हाल ही में वे कोमल रानी स्वर्णकार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे, जबकि उनकी पत्नी सुनीता उसी दिन अकेली पहुंची थीं। 'आसपास के माहौल से परेशान हैं गोविंदा' अनुपम ने कहा कि गोविंदा को अपनी आदतों या निजी परेशानियों को अपनी पूरी जिंदगी और काम पर हावी होने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। अनुपम ने बताया कि वे गोविंदा पर कोई फैसला या टिप्पणी करने वाले व्यक्ति नहीं हैं और गोविंदा अपनी जिंदगी को बेहतर समझते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने गोविंदा को फोन किया था, लेकिन उन्होंने वापस कॉल करने की बात कही। अनुपम उन्हें सिर्फ यह कहना चाहते थे कि यह मुश्किल दौर भी बीत जाएगा। अनुपम के मुताबिक, हर किसी की जिंदगी में परेशानियां आती हैं। गोविंदा अपने आसपास के माहौल और परिस्थितियों से थोड़े परेशान जरूर हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी है और वापसी की पूरी उम्मीद है। 'गोविंदा की एक्टिंग और डांस में कोई मुकाबला नहीं' अनुपम खेर ने गोविंदा के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वे उन सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, जिनके साथ उन्होंने काम किया है। दोनों ने साथ में 10 से 12 फिल्मों में काम किया है। अनुपम के मुताबिक, इम्प्रोवाइजेशन, एक्टिंग और डांस के मामले में गोविंदा का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। कोमल संग दिखे गोविंदा, अकेली पहुंची थीं पत्नी सुनीता गोविंदा की पर्सनल लाइफ पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है। हाल ही में गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में गोविंदा अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गणपति के दर्शन करने पहुंचे थे। वहीं, उसी दिन उनसे पहले उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अकेले ही दर्शन के लिए पहुंची थीं। दोनों के अलग-अलग पहुंचने और कोमल के साथ दिखने के बाद से उनके रिश्ते और कथित अफेयर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सुनीता आहूजा बोलीं- इंसान धोखा ही देते हैं गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा को अभिनेत्री और रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार के साथ दिखने के बाद सुनीता आहूजा का एक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने इंसानों को धोखेबाज बताते हुए जानवरों से प्यार को बेहतर बताया। हालांकि, सुनीता ने अपने बयान में गोविंदा का नाम नहीं लिया। दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट पर पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनीता अपने पालतू कुत्ते विंटर के साथ थीं। पैपराजी से बात करते हुए सुनीता ने कहा कि इंसानों को जितना भी प्यार करो, कोई फायदा नहीं है। धोखा ही देते हैं। इनको प्यार करो, देखो, हमेशा चिपके रहते हैं। जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। धोखेबाज होते हैं इंसान। गणपति उत्सव में भी अलग नजर आया परिवार इस साल गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा और सुनीता साथ नजर नहीं आए। गणेश चतुर्थी के मौके पर सुनीता आहूजा के घर गणपति बप्पा का स्वागत किया गया। गणेशोत्सव के दौरान गोविंदा और सुनीता के बेटे यशवर्धन और बेटी टीना भी मौजूद थे। हालांकि, इस दौरान गोविंदा नजर नहीं आए। सुनीता का दावा- कोमल रानी से शादी करने वाले थे गोविंदा सुनीता आहूजा ने दिसंबर 2025 में गोविंदा से तलाक की अर्जी दाखिल की थी, हालांकि 19 अगस्त को उन्होंने अर्जी वापस ले ली है। इस दौरान राखी सावंत से कॉल पर बात करते हुए सुनीता ने दावा किया है कि तलाक के बाद गोविंदा कोमल से शादी करने वाले थे, यही वजह है कि उन्होंने तलाक का केस वापस ले लिया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










