Imran Khan की PTI ने टाला इस्लामाबाद मार्च, सुरक्षा पर 1 अरब पाकिस्तानी रुपये खर्च होने का अनुमान
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 26 सितंबर जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी द्वारा राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन रविवार के बजाय चार अक्टूबर को स्थगित किए जाने की घोषणा के मद्देनजर सरकार का सुरक्षा खर्च बढ़ने की संभावना है। खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पार्टी संस्थापक की रिहाई की मांग को लेकर रविवार यानी 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने की घोषणा की थी। पूर्व क्रिकेटर से नेता बने 73 वर्षीय खान 2023 से जेल में हैं।
भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। प्रदर्शन मार्च को रोकने के लिए संघीय सरकार ने सड़कों को अवरुद्ध करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के वास्ते सैकड़ों मालवाहक कंटेनर मंगवाए थे। पीटीआई ने हालांकि प्रदर्शन चार अक्टूबर तक टाल दिया।
इसका मतलब यह हुआ कि संघीय सरकार को प्रदर्शन शुरू होने से पहले एक और सप्ताह तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखनी होगी। ‘डॉन’ अखबार ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि पीटीआई के प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पर जितनी राशि मांगी थी, वह अब लगभग दोगुनी हो सकती है और सरकारी खजाने पर एक अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक का बोझ पड़ने की संभावना है। पीटीआई द्वारा 27 सितंबर से प्रदर्शन शुरू करने की पहली घोषणा के बाद राजधानी पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी थीं और मालवाहक कंटेनरों के किराये तथा पंजाब एवं सिंध से आने वाले पुलिसकर्मियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए 82 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मांगे थे।
यह राशि एक सप्ताह की व्यवस्था के लिए थी, क्योंकि पुलिस का अनुमान था कि प्रदर्शन और मार्च चार अक्टूबर तक समाप्त हो जाएंगे। अब प्रदर्शन एक सप्ताह टलने के कारण खर्च भी बढ़ने की संभावना है। ‘ऑल पाकिस्तान गुड्स अलायंस’ के अध्यक्ष निसार हुसैन जाफरी ने कहा कि संगठन ने शुरू में 40 फुट और 20 फुट के कंटेनरों के लिए क्रमशः 40,000 और 20,000 पाकिस्तानी रुपये प्रतिदिन किराये की मांग की थी।
बाद में दोनों आकार के कंटेनरों के लिए किराया 30,000 पाकिस्तानी रुपये प्रतिदिन कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पीटीआई द्वारा मार्च टाले जाने के बाद पुलिस से कंटेनरों की आवश्यकता के बारे में पूछा गया, लेकिन अधिकारियों ने अभी यह तय नहीं किया है कि उन्हें अभी रोके रखना है या नहीं। सूत्रों के अनुसार 1,550 कंटेनर का प्रतिदिन किराया 4.65 करोड़ पाकिस्तानी रुपये है।
एक सप्ताह का किराया 32.55 करोड़ और दो सप्ताह का 65.1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये होगा। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पंजाब पुलिस से 16,000 और सिंध पुलिस से 2,000 कर्मियों की भी मांग की है। सिंध पुलिस का दस्ता राजधानी पहुंच चुका है।
प्रति व्यक्ति तीन वक्त के भोजन का खर्च 600 पाकिस्तानी रुपये है। इस तरह सिंध पुलिस के 2,000 कर्मियों के भोजन पर प्रतिदिन 12 लाख पाकिस्तानी रुपये खर्च हो रहे हैं। एक सप्ताह में यह खर्च 84 लाख और दो सप्ताह में 1.68 करोड़ पाकिस्तानी रुपये होगा।
पुलिसकर्मियों को उनके ठहरने के स्थानों से तैनाती वाले क्षेत्रों तक लाने- ले जाने के लिए वाहनों का खर्च भी बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने विभिन्न इलाकों के 13 होटल में 246 निरीक्षक, 58 पुलिस उपाधीक्षकों एवं सहायक पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, 10 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और आठ पुलिस उपमहानिरीक्षकों के लिए 175 कमरे भी बुक किए हैं। इनमें से 11 होटल के 157 कमरे निरीक्षक से लेकर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों के लिए बुक किए गए हैं।
इन कमरों का प्रतिदिन किराया 7,54,500 पाकिस्तानी रुपये है और एक सप्ताह का किराया 52,81,500 पाकिस्तानी रुपये होगा। सरकार पर दबाव बनाए रखने के लिए पीटीआई ने अपने विकल्प खुले रखे हैं और संभव है कि वह प्रदर्शन की तारीख और भी आगे बढ़ा दे। ऐसी स्थिति में सरकार के लिए मौजूदा स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय तक बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।
पाकिस्तान के अधिकारियों ने प्रदर्शन मार्च से पहले इस्लामाबाद में दो महीने के लिए सार्वजनिक सभाओं पर बुधवार को प्रतिबंध लगा दिया था।
Shubman Gill में कप्तानी का सही विजन, Virat Kohli ने West Indies ODI से पहले की तारीफ
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने कप्तान शुभमन गिल की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके पास टीम का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है। कोहली ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के पहले वनडे से पहले जियोस्टार से बात करते हुए गिल और अपनी बल्लेबाजी को लेकर विचार साझा किए। कोहली ने कहा, ‘‘ शुभमन अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं। इस भूमिका में वह अभी नए हैं, लेकिन उनके पास भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है।’’ कोहली को गिल की रणनीति बनाने में स्पष्टता और चीजों को सही तरीके से करने का इरादा प्रभावशाली लगता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैदान पर टीम की रणनीति को लेकर उनकी राय स्पष्ट होती है।
निश्चित तौर पर अधिक अनुभव लेने और परिस्थितियों की समझ के साथ वह सुधार करते रहेंगे जैसा कि प्रत्येक कप्तान करता है।’’ कोहली ने कहा, ‘‘लेकिन उनमें भारतीय क्रिकेट टीम का सही तरीके से नेतृत्व करने की इच्छाशक्ति है, जो महत्वपूर्ण होता है। इसलिए मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक कप्तानी करेंगे।’’ कोहली को लगता है कि गिल में अपने विरोधियों से एक कदम आगे रहने की योग्यता है। उन्होंने कहा, ‘‘वह बल्लेबाजों को मैदान पर उतारने के लिए नए-नए तरीके सोचते हैं, जो हमेशा कुछ अलग करने या एक कदम आगे रहने का संकेत है।
वह बल्लेबाजों पर दबाव बनाने के लिए अलग-अलग तरह से क्षेत्ररक्षण सजाते हैं और विशेष तरह का गेंदबाजी आक्रमण लाने में संकोच नहीं करते।’’ जल्द ही 38 साल के होने वाले कोहली ने पिछले 10 वनडे मैचों में तीन शतक, एक 90 से अधिक रन की पारी और चार अर्धशतक बनाए हैं। वह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे प्रारूप में खेलते हैं। अपने खेल में आए बदलाव के बारे में कोहली ने कहा, ‘‘जो सबसे महत्वपूर्ण बदलाव आया है, वह यह है कि मैंने खुद से वादा किया है कि मैं और अधिक खुलकर खेलूंगा। लोगों की मुझसे क्या उम्मीदें हैं मैं उनकी चिंता नहीं करूंगा। लंबे समय से मेरी भूमिका यही रही है कि मैं चीजों को स्थिर बनाए रखूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं।
मैं जानता हूं कि मैं शॉट लगा सकता हूं। लेकिन परिस्थितियां अनुकल न हों और आप किसी मुश्किल पिच पर खेल रहे हों, तो फिर आप ऐसी स्थिति में आ जाते हैं जहां आप सोचते हैं कि मैं शॉट तो लगा सकता हूं, लेकिन मुझे एक विशेष भूमिका निभानी होगी।’’ कोहली का मानना है कि अगर वह अंत तक टिके रहते हैं तो टीम आसानी से 350 से 360 रन तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘खेल बदल रहा है और हम 350-360 रन बना सकते हैं। मैं अब जोखिम लेने को तैयार हूं क्योंकि मुझे पता है कि अगर मैं रन बनाता हूं, तो हम आसानी से 350-360 रन बना लेंगे। और अगर मैं ऐसा करता हूं और लंबी पारी खेलता हूं तो और भी अधिक रन बना सकता हूं।’’
कोहली अब स्वच्छंद होकर खेलना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने खुद को तैयार कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने थोड़ा सा स्वच्छंद होकर खेलने का फैसला किया। इससे मुझे आईपीएल में भी मदद मिली है। मैं स्वच्छंद होकर खेल पाया क्योंकि मैं यह नहीं सोच रहा था कि अगर मैं आउट हो गया तो हमारे लिए स्थिति मुश्किल हो सकती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








