कनाडा में विमान हादसे में 2 भारतीय छात्रों की मौत:फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा; 8 घंटे बाद मलबा मिला
कनाडा में 18 सितंबर को एक प्लेन क्रैश में 2 भारतीय छात्रों की मौत हो गई। इसकी जानकारी भारतीय दूतावास ने सोमवार को दी। यह हादसा फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुआ। इससे पहले कनाडाई न्यूज चैनल CBC ने शनिवार को इस घटना की रिपोर्टिंग की थी। इसमें बताया गया था कि सस्केचेवान प्रांत में एक विमान हादसा हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, जब विमान समय पर लैंड नहीं हुआ तो सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसके बाद करीब 8 घंटे बाद विमान का मलबा मिला। छात्रों ने किराए पर कमर्शियल प्लेन लिया था हादसे में जान गंवाने वाले दोनों भारतीय छात्रों की पहचान मनोज शिवकुमार और श्रीसरण थिरुगनानासंबंथन के रूप में हुई है। दोनों के पास पायलट लाइसेंस था और वे कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे कर रहे थे। कनाडा में कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए 200 घंटे की उड़ान पूरी करनी होती है। इन छात्रों ने विमान किराए पर लिया था। विमान रेजिना रवाना हुआ था और उसे सुबह 10:30 बजे स्टाइनबाक पहुंचना था। जब विमान वहां नहीं पहुंचा तो कनाडा के ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड को इसकी जानकारी दी गई। विमान के समय पर नहीं पहुंचने पर रेस्क्यू शुरू हुआ विमान के तय समय पर नहीं पहुंचने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। फ्लाइट स्कूल ने सर्च और रेस्क्यू टीमों को इसकी जानकारी दी। करीब शाम 6 बजे CDT टीमों ने विमान का मलबा ढूंढ लिया। विमान में सवार दोनों लोग मौके पर मृत मिले। ज्वाइंट रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (JRCC) की पब्लिक अफेयर्स के अधिकारी लेफ्टिनेंट जो हॉलैंडर ने बताया कि JRCC ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि विमान के क्रैश साइट का पता लगाने के बाद पैराशूट के जरिए सर्च और रेस्क्यू टीम के सदस्यों को वहां उतारा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मामले की जांच रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को सौंप दी गई। छात्रों के फ्लाइट स्कूल से जुड़ा यह तीसरा हादसा हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्र कनाडा के हार्व्स एयर फ्लाइट स्कूल से फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद हार्व्स एयर फ्लाइट स्कूल से जुड़ा यह तीसरा हादसा है। जनवरी 2025 में इसी स्कूल के एक इंस्ट्रक्टर को छोटे विमान के प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर चोट लगी थी। उस समय एक छात्र विमान का इंजन शुरू करने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद जुलाई 2025 में ट्रेनिंग के दौरान 2 छात्र पायलटों की मौत हो गई थी। उनका सिंगल इंजन विमान हवा में एक दूसरे विमान से टकरा गया था। ----------------- यह खबर भी पढ़ें… लंदन-ढाका फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच मारपीट लंदन से ढाका जा रही बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच बहस के बाद मारपीट हो गई। दोनों ने एक-दूसरे को घूंसे मारे। पूरी खबर पढ़ें…
पनामा कार्गो शिप ने चीनी बोट को टक्कर मारी, VIDEO:नाव टेढ़ी हुई, मुश्किल से बची लोगों की जान; ओवरटेक करने की कोशिश में हादसा
सिंगापुर के पास पनामा के झंडे वाले कार्गो शिप ने मछली पकड़ने वाली चीनी नाव को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़ा कार्गो शिप ओवरटेक करने की कोशिश में मछली पकड़ने वाली नाव से टकरा जाता है। टक्कर के बाद छोटी नाव घूम जाती है और उसके डेक पर पानी भरने लगता है। नाव पर मौजूद क्रू के सदस्य रेलिंग पकड़कर खुद को बचाते हुए नजर आते हैं। हादसा 17 सितंबर शाम करीब 5 बजे हुआ। दोनों जहाज सुबह सिंगापुर के पास एक ही पोर्ट से रवाना हुए थे और सिंगापुर स्ट्रेट के पश्चिम की ओर जाने वाले एक ही चैनल में चल रहे थे। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें… कार्गो शिप ओवरटेक करना चाहता था पनामा कार्गो शिप दरअसल मछली पकड़ने वाली नाव को ओवरटेक कर रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी रफ्तार करीब 3 नॉट ज्यादा थी। टक्कर के बाद भी मालवाहक जहाज करीब 2 घंटे तक 10 नॉट की रफ्तार से पश्चिम की ओर चलता रहा। इसके बाद वह रुका। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मछली पकड़ने वाली नाव का AIS सिग्नल टक्कर के बाद भी मिलता रहा। इससे पता चलता है कि नाव हादसे के बाद भी चलती रही और बाद में पास के एक बर्थ तक पहुंच गई। तीसरे जहाज की वजह से टक्कर हो सकती है मैरीटाइम एनालिस्ट साल मर्कोग्लियानो ने सोशल मीडिया पर कहा कि संभव है कि पनामा कार्गो शिप के रास्ते में एक तीसरा बल्क कैरियर आ गया हो। इससे छोटी मछली पकड़ने वाली नाव दो बड़े जहाजों के बीच फंस गई हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी जहाज की टक्कर के वीडियो में सिर्फ एक तरफ का दृश्य मिलता है, इसलिए केवल वीडियो देखकर पूरी स्थिति समझना मुश्किल होता है। पनामा मैरीटाइम अथॉरिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सिंगापुर की मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी की ओर से अभी सार्वजनिक बयान नहीं आया है। मलक्का स्ट्रेट दुनिया के व्यस्त समुद्री रास्तों में शामिल हादसा सिंगापुर स्ट्रेट में हुआ, यह मलक्का स्ट्रेट के करीब है। सिंगापुर और मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल हैं। ये एशिया, यूरोप और मिडिल ईस्ट के बीच समुद्री कारोबार के लिए बेहद अहम रास्ते हैं। दुनिया के करीब 40% वैश्विक व्यापार का सामान इन समुद्री रास्तों से होकर गुजरता है। इसके अलावा, समुद्र के रास्ते होने वाले दुनिया के करीब एक-तिहाई तेल परिवहन के लिए भी ये रूट अहम हैं। रोजाना बड़ी संख्या में कंटेनर शिप, तेल टैंकर और दूसरे मालवाहक जहाज यहां से गुजरते हैं। ------------------ यह खबर भी पढ़ें… AI की गलती से अमेरिका-चीन में जंग हो जाती: चैटबॉट ने चीनी जहाज में परमाणु उपकरण होने की फेक खबर दी, हमले को तैयार थी अमेरिकी सेना अमेरिका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट की गलती से चीन से जंग के करीब पहुंच गया था। ईरान युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना को एक खुफिया रिपोर्ट मिली। इसमें दावा किया गया था कि मिडिल ईस्ट में मौजूद चीन का एक जहाज परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़े उपकरण लेकर जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 







