पनामा कार्गो शिप ने चीनी बोट को टक्कर मारी, VIDEO:नाव टेढ़ी हुई, मुश्किल से बची लोगों की जान; ओवरटेक करने की कोशिश में हादसा
सिंगापुर के पास पनामा के झंडे वाले कार्गो शिप ने मछली पकड़ने वाली चीनी नाव को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़ा कार्गो शिप ओवरटेक करने की कोशिश में मछली पकड़ने वाली नाव से टकरा जाता है। टक्कर के बाद छोटी नाव घूम जाती है और उसके डेक पर पानी भरने लगता है। नाव पर मौजूद क्रू के सदस्य रेलिंग पकड़कर खुद को बचाते हुए नजर आते हैं। हादसा 17 सितंबर शाम करीब 5 बजे हुआ। दोनों जहाज सुबह सिंगापुर के पास एक ही पोर्ट से रवाना हुए थे और सिंगापुर स्ट्रेट के पश्चिम की ओर जाने वाले एक ही चैनल में चल रहे थे। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें… कार्गो शिप ओवरटेक करना चाहता था पनामा कार्गो शिप दरअसल मछली पकड़ने वाली नाव को ओवरटेक कर रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी रफ्तार करीब 3 नॉट ज्यादा थी। टक्कर के बाद भी मालवाहक जहाज करीब 2 घंटे तक 10 नॉट की रफ्तार से पश्चिम की ओर चलता रहा। इसके बाद वह रुका। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मछली पकड़ने वाली नाव का AIS सिग्नल टक्कर के बाद भी मिलता रहा। इससे पता चलता है कि नाव हादसे के बाद भी चलती रही और बाद में पास के एक बर्थ तक पहुंच गई। तीसरे जहाज की वजह से टक्कर हो सकती है मैरीटाइम एनालिस्ट साल मर्कोग्लियानो ने सोशल मीडिया पर कहा कि संभव है कि पनामा कार्गो शिप के रास्ते में एक तीसरा बल्क कैरियर आ गया हो। इससे छोटी मछली पकड़ने वाली नाव दो बड़े जहाजों के बीच फंस गई हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी जहाज की टक्कर के वीडियो में सिर्फ एक तरफ का दृश्य मिलता है, इसलिए केवल वीडियो देखकर पूरी स्थिति समझना मुश्किल होता है। पनामा मैरीटाइम अथॉरिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सिंगापुर की मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी की ओर से अभी सार्वजनिक बयान नहीं आया है। मलक्का स्ट्रेट दुनिया के व्यस्त समुद्री रास्तों में शामिल हादसा सिंगापुर स्ट्रेट में हुआ, यह मलक्का स्ट्रेट के करीब है। सिंगापुर और मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल हैं। ये एशिया, यूरोप और मिडिल ईस्ट के बीच समुद्री कारोबार के लिए बेहद अहम रास्ते हैं। दुनिया के करीब 40% वैश्विक व्यापार का सामान इन समुद्री रास्तों से होकर गुजरता है। इसके अलावा, समुद्र के रास्ते होने वाले दुनिया के करीब एक-तिहाई तेल परिवहन के लिए भी ये रूट अहम हैं। रोजाना बड़ी संख्या में कंटेनर शिप, तेल टैंकर और दूसरे मालवाहक जहाज यहां से गुजरते हैं। ------------------ यह खबर भी पढ़ें… AI की गलती से अमेरिका-चीन में जंग हो जाती: चैटबॉट ने चीनी जहाज में परमाणु उपकरण होने की फेक खबर दी, हमले को तैयार थी अमेरिकी सेना अमेरिका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट की गलती से चीन से जंग के करीब पहुंच गया था। ईरान युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना को एक खुफिया रिपोर्ट मिली। इसमें दावा किया गया था कि मिडिल ईस्ट में मौजूद चीन का एक जहाज परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़े उपकरण लेकर जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
पाकिस्तानी मंत्री बोले- पेट्रोल 1000 रुपए तक पहुंच सकता है:अभी 389 रुपए लीटर; ईरान जंग के बाद 50% महंगा हुआ
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1,000 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकती है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने रविवार को कहा कि अगर देश में पेट्रोल की कमी हुई तो कीमत और बढ़ सकती है। मंत्री के मुताबिक, पाकिस्तान में पेट्रोल अब तक करीब 50% महंगा हो चुका है। फिलहाल पेट्रोल 389 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और डीजल 424 रुपए प्रति लीटर है। अगर पेट्रोल की कीमत 1,000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंचती है, तो भारतीय मुद्रा में यह करीब ₹346 प्रति लीटर होगी। मिडिल ईस्ट में लड़ाई के चलते दुनिया में कच्चे तेल की कीमत बढ़ रही है। जंग 28 फरवरी को शुरू हुई थी। उस दिन पाकिस्तान में पेट्रोल 258.17 रुपए प्रति लीटर था। तब से इसमें 131 रुपए का इजाफा हो चुका है, जो कि करीब 51 फीसदी है। बाइक और छोटे वाहनों को सब्सिडी दे रही सरकार बढ़ती कीमतों के बीच पाकिस्तान सरकार ने बाइक, रिक्शा और 800 सीसी तक की कारों के लिए पेट्रोल पर सब्सिडी योजना शुरू की है। इसमें पेट्रोल पर 100 रुपए प्रति लीटर तक की सब्सिडी दी जा रही है। हर पात्र व्यक्ति को महीने में 4 टोकन मिलेंगे। हर टोकन पर 500 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। योजना में 1 जनवरी 2006 से रजिस्टर्ड मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, योजना में 17.5 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। करीब 15 लाख टोकन जारी हो चुके हैं और 6.80 लाख से ज्यादा टोकन इस्तेमाल किए जा चुके हैं। अक्टूबर तक पाकिस्तान में मिल सकता है घरेलू तेल पाकिस्तान सरकार देश में नए तेल भंडार खोजने पर काम कर रही है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के मुताबिक, तेल के कुओं पर काम शुरू हो चुका है और अक्टूबर तक कच्चा तेल मिलने की उम्मीद है। सरकार ने तेल और गैस की खोज के लिए नए ब्लॉक भी कंपनियों को दिए हैं। इसका मकसद देश में घरेलू उत्पादन बढ़ाना और विदेशों से तेल खरीदने पर खर्च कम करना है। अगर नए कुओं से व्यावसायिक स्तर पर तेल निकलता है, तो पाकिस्तान को अपनी जरूरत का कुछ हिस्सा देश में ही मिल सकेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बढ़ने पर देश पर पड़ने वाला दबाव भी कम हो सकता है। बांग्लादेश में पेट्रोल-डीजल 17% तक महंगा बांग्लादेश सरकार ने ईंधन की कीमतों में 17.4% तक बढ़ोतरी की है। नई कीमतें सोमवार, 21 सितंबर से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी से बांग्लादेश में ट्रांसपोर्ट और सामान बनाने की लागत बढ़ सकती है। इसका असर पहले से महंगाई और बिजली-गैस की कमी से जूझ रहे लोगों और कारोबार पर पड़ने की आशंका है। सरकार के नए रेट के मुताबिक, डीजल की कीमत 115 से बढ़कर 135 टका प्रति लीटर हो गई है। ऑक्टेन की कीमत 145 से बढ़कर 165 टका, पेट्रोल 140 से बढ़कर 160 टका और केरोसिन 135 से बढ़कर 155 टका प्रति लीटर हो गया है। बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, मार्च 2026 से अंतरराष्ट्रीय ईंधन की कीमतें दोगुने से ज्यादा बढ़ चुकी हैं। सरकार का कहना है कि इन बढ़ती लागतों का असर सरकारी तेल कंपनी बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPC) पर भी पड़ा है। ------------------- ये खबर भी पढ़ें… रूस संसदीय चुनाव में पुतिन समर्थक पार्टी जीती:यूनाइटेड रशिया को शुरुआती गिनती में 57.5% वोट; 2021 में 450 में से 324 सीटें मिली थीं रूस के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की समर्थक यूनाइटेड रशिया पार्टी ने जीत हासिल कर ली है। शुरुआती नतीजों में पार्टी ने 57.5% वोट के साथ अजेय बढ़त बना ली है। चुनाव के आधिकारिक नतीजे अभी आने बाकी हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









