Xi Jinping US Visit: अभी तो सिर्फ ट्रेलर सामने आया है, पूरी पिक्चर दिसम्बर में सामने आयेगी, तब दुनिया का हैरान होना तय है
वॉशिंगटन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत के लिए जिस स्तर का राजकीय सम्मान दिखाया गया, उसे देखकर पूरी दुनिया हतप्रभ है। लेकिन सितम्बर में अमेरिका में दिखी यह कूटनीति सिर्फ ट्रेलर है क्योंकि पिक्चर अभी बाकी है जोकि दिसम्बर में दिखाई जायेगी। वैसे वॉशिंगटन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत का दृश्य मई में बीजिंग में हुए ट्रंप-शी शिखर संवाद की याद दिला रहा है। जिस तरह चीन यात्रा के दौरान शी जिनपिंग ने ट्रंप का भव्य स्वागत किया था और बाद में झोंगनानहाई में स्वयं उनकी अगवानी की थी, उसी तरह अब अमेरिका पहुंचने पर ट्रंप ने प्रोटोकॉल से हटकर ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर स्वयं शी जिनपिंग का स्वागत किया। सैन्य बैंड, लाल कालीन, सम्मान गार्ड और लड़ाकू विमान के फ्लाईपास्ट के बीच हुआ यह स्वागत केवल राजकीय औपचारिकता नहीं, बल्कि अमेरिका-चीन संबंधों में चल रही कूटनीतिक गर्माहट का बड़ा संकेत माना जा रहा है। साथ ही करीब छह दशक में किसी विदेशी नेता के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से बेस पर इस तरह की व्यक्तिगत अगवानी असाधारण मानी जा रही है।
देखा जाये तो शी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका और चीन के रिश्ते प्रतिस्पर्धा और सहयोग के बीच एक नए संतुलन की तलाश में हैं। व्यापार शुल्क, दुर्लभ खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ताइवान और ईरान जैसे मुद्दे दोनों देशों के बीच गंभीर मतभेदों का कारण बने हुए हैं, लेकिन दोनों पक्ष अब टकराव को नियंत्रित रखने और बातचीत जारी रखने पर जोर दे रहे हैं। व्यापार युद्ध के बाद बनी अस्थायी व्यापार-समझ को आगे बढ़ाने की कोशिश भी इसी दिशा का संकेत है।
इसे भी पढ़ें: अमेरिकी धरती पर खड़े होकर ट्रंप को घेरना आसान नहीं, मगर मैक्रों, पेजेशकियन, अहमद अल-शरा और सिल्वा ने ये कर दिखाया
शी जिनपिंग ने भी साफ संकेत दिया है कि चीन और अमेरिका को प्रतिद्वंद्वी की बजाय साझेदार के रूप में संबंधों को आगे बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा समाप्त हो गई है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अत्याधुनिक तकनीक में दोनों के बीच होड़ जारी है, ताइवान का प्रश्न बेहद संवेदनशील बना हुआ है और व्यापार तथा आपूर्ति श्रृंखला को लेकर भी मतभेद कायम हैं। इसलिए वॉशिंगटन में हो रही बातचीत को पूर्ण समझौते की बजाय तनाव कम करने और संबंधों को स्थिर रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
लेकिन इस पूरी तस्वीर का एक और महत्वपूर्ण पहलू है भारत और रूस। दिसंबर में ट्रंप की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होने की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। मोदी के दिसंबर में अमेरिका जाने की संभावना है, जहां चौदह और पंद्रह दिसंबर को फ्लोरिडा में होने वाली जी-20 बैठक के दौरान उनकी ट्रंप से द्विपक्षीय बातचीत हो सकती है।
वहीं रूस ने अभी पुतिन-ट्रंप दिसंबर शिखर बैठक की पुष्टि नहीं की है। लेकिन अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अनुसार पुतिन को दिसंबर में मियामी में होने वाली जी-20 बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है और वहां ट्रंप के साथ मुलाकात की संभावना है। हालांकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और बैठक के एजेंडे पर चर्चा करना भी जल्दबाजी होगी।
देखा जाये तो इन संभावित मुलाकातों को हाल में नई दिल्ली में संपन्न हुए अठारहवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संदर्भ में देखना खासा महत्वपूर्ण है। भारत की मेजबानी में हुए इस सम्मेलन में नरेंद्र मोदी, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के बीच जिस स्तर का संवाद और सार्वजनिक गर्मजोशी दिखाई दी, उसने वैश्विक कूटनीति में खासा ध्यान खींचा। मोदी और शी ने द्विपक्षीय संबंधों, सीमा शांति, व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की, जबकि मोदी और पुतिन ने रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।
ब्रिक्स सम्मेलन की तस्वीरें भी अपने आप में एक बड़ा कूटनीतिक संदेश थीं। एक ओर भारत और रूस के बीच मजबूत रणनीतिक संबंध, दूसरी ओर भारत और चीन के बीच लंबे तनाव के बाद संवाद की वापसी। अंतरराष्ट्रीय विश्लेषण में मोदी, पुतिन और शी की साथ दिखाई देने वाली तस्वीरों को बदलती वैश्विक शक्ति समीकरणों के प्रतीक के रूप में देखा गया।
यही वह पृष्ठभूमि है जिसमें ट्रंप की रणनीति को समझा जा सकता है। अमेरिका के सामने अब ऐसी दुनिया है जहां चीन, रूस और भारत तीनों के साथ उसके अलग-अलग स्तर के हित, मतभेद और संभावित सहयोग मौजूद हैं। चीन के साथ व्यापार और तकनीक, रूस के साथ यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा, जबकि भारत के साथ व्यापार, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग, तीनों रिश्ते एक-दूसरे से पूरी तरह अलग नहीं हैं।
भारत के मामले में रूस से उसके ऊर्जा संबंध और अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता एक साथ चल रही हैं। रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिकी दबाव ने दोनों देशों के बीच आर्थिक बातचीत को जटिल बनाया है। ऐसे में मोदी-ट्रंप वार्ता में व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक संबंध महत्वपूर्ण विषय हो सकते हैं।
इसलिए दिसंबर का संभावित कूटनीतिक दौर केवल अलग-अलग द्विपक्षीय मुलाकातों की श्रृंखला नहीं होगा। सितंबर के नई दिल्ली ब्रिक्स सम्मेलन में मोदी, पुतिन और शी की जुगलबंदी के बाद अब ट्रंप के सामने इन तीनों शक्तियों के साथ अपने संबंधों को अलग-अलग मोर्चों पर संभालने की चुनौती है। वॉशिंगटन में शी का भव्य स्वागत इसी व्यापक कूटनीतिक गणित की शुरुआत माना जा सकता है, जहां अमेरिका टकराव के साथ-साथ संवाद और समझौते के रास्ते भी खुले रखना चाहता है।
-नीरज कुमार दुबे
1972 के ऐतिहासिक वाइन टोस्ट और वाइल्ड मशरूम...मेलानिया ने तैयार किया खास मेन्यू, चीनी राष्ट्रपति Jinping के स्टेट डिनर में क्या-क्या खास?
व्यापार और टेक्नोलॉजी पर बड़ी बातचीत के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप गुरुवार शाम (स्थानीय समय) व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में एक खास स्टेट डिनर की मेज़बानी करेंगे। इसमें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के साथ-साथ अमेरिका के बड़े बिज़नेस लीडर्स भी शामिल होंगे। फर्स्ट लेडी के ऑफिस ने बताया कि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, सरकार के बड़े अधिकारियों और जाने-माने कॉर्पोरेट लीडर्स की इस अहम बैठक के लिए खास तैयारियां, मेन्यू, एंटरटेनमेंट प्रोग्राम और लाल रंग की सजावट की गई है। ऑफिशियल मेन्यू में पारंपरिक अमेरिकी चीज़ों के साथ हल्के एशियाई स्वाद का मेल है। खाने की शुरुआत एक ऐतिहासिक टोस्ट के साथ होगी, जिसमें श्राम्सबर्ग "ब्लैंक डी नोयर" (Schramsberg "Blanc De Noir") सर्व की जाएगी। यह वही अमेरिकी स्पार्कलिंग वाइन है जो 1972 में बीजिंग में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और प्रीमियर झोउ एनलाई के ऐतिहासिक "टोस्ट टू पीस" के दौरान परोसी गई थी। मेलानिया ट्रंप के ऑफिस ने बताया कि पहले कोर्स में येलो स्क्वैश वेलौटे (yellow squash velouté) के साथ वाइल्ड मशरूम फ्रिकसी (wild mushroom fricassée), क्रिस्पी पैनसेटा (crispy pancetta) और स्कैलियन ऑयल (scallion oil) की हल्की बूँदें होंगी। व्हाइट हाउस के अनुसार, इस डिश में रिच फ्रिकसी के साथ क्रिस्पी पैनसेटा का स्वाद मिलता है, जो एक नमकीन और स्मोकी कंट्रास्ट देता है।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप और शी के बीच क्या पक रहा है? सुपरपावर्स की इस ‘डील’ से भारत को क्यों अलर्ट रहना होगा?
दूसरे कोर्स में तिल की परत वाली नाज़ुक 'सी बास' मछली परोसी जाती है, जिसके साथ ब्रेज़्ड बेबी बॉक चॉय, भुना हुआ बैंगन और ताज़ी जड़ी-बूटियों वाली 'सॉस वर्टे' होती है; यह मछली को नरम रखते हुए ऊपर की परत के नटी और खुशबूदार स्वाद को संतुलित करती है। डेज़र्ट के तौर पर मेहमानों को खास तरह से तैयार वनीला क्रेम्यू परोसा जाएगा, जिसके बीच में खट्टी चेरी का कॉन्फिट होगा और यह अखरोट के फ्रैंजिपैन पर रखा होगा; इसके साथ खास आइसक्रीम भी होगी जिसमें सीधे व्हाइट हाउस के छत्तों से इकट्ठा किए गए शहद का स्वाद होगा। BPCL MAK लुब्रिकेंट्स। शाम के मुख्य म्यूज़िकल परफ़ॉर्मेंस में टेनर क्रिस्टोफर मैचिओ शामिल होंगे, जिन्होंने पहले 2025 के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में गाया था। मैचिओ का साथ कई बेहतरीन मिलिट्री म्यूज़िकल ग्रुप देंगे, जिनमें "द प्रेसिडेंट्स ओन" यूनाइटेड स्टेट्स मरीन बैंड, "द कमांडेंट्स ओन" यूनाइटेड स्टेट्स मरीन ड्रम एंड बिगुल कॉर्प्स, यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी कोरस और यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी स्ट्रिंग्स शामिल हैं। ईस्ट रूम का विज़ुअल डिज़ाइन सांस्कृतिक संबंधों को दिखाने पर ज़ोर देता है, जिसमें लाल रंग के अलग-अलग शेड्स का इस्तेमाल किया गया है। फ़र्स्ट लेडी के ऑफ़िस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि शाम की सजावट "अपनापन और जश्न" का इज़हार करती है और चीनी इतिहास में लाल रंग के लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक महत्व को दर्शाती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
