Asian Games 2026: भारत ने कोरिया को 8-2 से रौंदा, एशियन गेम्स में दर्ज की सबसे बड़ी जीत
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत की हैट्रिक लगा दी है। क्रेग फुल्टन की टीम ने गुरुवार को काकामिगहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में दक्षिण कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी। यह एशियन गेम्स में हॉकी के मुकाबलों में कोरिया के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। टीम को सिर्फ चौथे मिनट में पहली सफलता मिल गई। अबिषेक ने शानदार ओवरहेड को नियंत्रित करते हुए हमला शुरू किया और शिलानंद लाकड़ा ने मुश्किल कोण से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
दसवें मिनट में भारत ने बढ़त दोगुनी कर दी। दिलप्रीत सिंह के प्रयास के बाद गोल का क्रेडिट आधिकारिक तौर पर सुखजीत सिंह को मिला। इसके ठीक एक मिनट बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और अपने खास ड्रैग फ्लिक से भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी।
भारतीय टीम यहीं नहीं रुकी। कोरियाई डिफेंस लगातार दबाव में नजर आया। अभिषेक ने शिलानंद के शानदार पुश को गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया। 26वें मिनट में मंदीप सिंह ने बाएं बेसलाइन से शानदार बैकहैंड क्रॉस दिया, जिसे दिलप्रीत सिंह ने आसान टच से गोल में बदल दिया।
इसके बाद दिलप्रीत ने एक और शानदार गोल दागा। उन्होंने ताकतवर टोमहॉक के जरिए गेंद को नेट में पहुंचाया। 38वें मिनट में भारत के पांच खिलाड़ी अटैकिंग सर्कल में मौजूद थे। इसका फायदा उठाते हुए अभिषेक ने गोल किया और भारत की बढ़त 7-0 हो गई।
दक्षिण कोरिया ने 42वें मिनट में खाता खोला। किम जे-हो का शॉट पोस्ट से टकराकर गोल में चला गया। इसके बाद 52वें मिनट में किम योंग बोक ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास करते हुए जरमनप्रीत सिंह को पीछे छोड़ा और तेज शॉट से दूसरा गोल कर दिया।
हालांकि आखिरी हंसी भारत की रही। मुकाबले के अंतिम चरण में राजिंदर सिंह ने सर्कल के टॉप से गोल कर भारत की जीत 8-2 से पक्की कर दी।
इस जीत के साथ भारत पूल-ए में तीन मैचों से 9 अंक लेकर शीर्ष पर है। भारत ने इससे पहले इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से हराया था। दक्षिण कोरिया के 6 अंक हैं, जबकि जापान के भी 6 अंक हैं और उसने दो मैच खेले हैं। भारत का अगला मुकाबला शनिवार को जापान से होगा। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
World Cup 2027: विश्वकप में कप्तान गिल को 'रोको' से फायदा! कोच गंभीर का बड़ा दावा
World Cup 2027: भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल के सामने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में कप्तानी के साथ बल्लेबाजी की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसी बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने गिल को लेकर बड़ा बयान दिया है। गंभीर ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का साथ युवा कप्तान के लिए काफी अहम है।
गिल पिछले साल भारत के वनडे कप्तान बने थे और अब टीम 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में रोहित और विराट की वापसी से भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम में अनुभव बढ़ेगा। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
गंभीर ने जियो स्टार से बातचीत में कहा- वनडे क्रिकेट में गिल काफी भाग्यशाली हैं कि उनके पास रोहित और विराट जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। दोनों उन्हें मैदान के अंदर ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी सलाह दे सकते हैं। गंभीर के मुताबिक युवा कप्तान के लिए भावनाओं को नियंत्रण में रखना और शांत रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि कम उम्र में कई बार खिलाड़ी मैच की परिस्थितियों के भावनात्मक असर में आ सकता है।
'गिल ने सभी बॉक्स टिक किए'
गंभीर ने गिल की कप्तानी के तरीके की भी तारीफ की। उन्होंने कहा- 26 साल के गिल ने नेतृत्व में कई जरूरी खूबियां दिखाई हैं। वह शांत रहे हैं, निस्वार्थ नजर आए हैं और जरूरत के मुताबिक आक्रामक भी रहे हैं। गंभीर के अनुसार गिल सिर्फ रन बनाकर ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और फैसलों से भी उदाहरण पेश करते हैं।
हालांकि, गंभीर ने माना कि वनडे क्रिकेट में गिल का हालिया समय थोड़ा मुश्किल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने उम्मीद जताई कि चीजें जल्द बदलेंगी, क्योंकि गिल ने कप्तानी में सही दिशा में काम किया है।
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान हैं। दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी में और तीसरा मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। इसके बाद भारत-वेस्टइंडीज दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी, जिसका आखिरी मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में गिल का रिकॉर्ड भी अच्छा है। उन्होंने 6 मैचों में 66.2 की औसत और 92.71 के स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 98 रन है। अब रोहित और विराट के अनुभव के बीच गिल अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
गौतम गंभीर ने शुभमन गिल की कप्तानी पर बात करते हुए विराट कोहली और रोहित शर्मा के अनुभव को अहम बताया। जानिए वेस्टइंडीज सीरीज और 2027 वर्ल्ड कप से पहले क्या बोले गंभीर।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








