US Dollar की मजबूती से गिरा Rupee, 11 पैसे टूटकर 95.73 पर बंद
अमेरिकी मुद्रा में व्यापक मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार के बीच रुपया बुधवार को 11 पैसे टूटकर 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख से डॉलर मजबूत हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से वर्ष 2026 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार बढ़ गए हैं।
हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख ने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.57 के स्तर तक पहुंच गया।
हालांकि, बाद में रुपया 95.76 के निचले स्तर तक आ गया और कारोबार के अंत में यह 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 16 पैसे मजबूत होकर 95.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत के दौरान कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार हो सकता है।
कच्चे तेल की कीमतों में समग्र कमजोरी भी रुपये को समर्थन दे सकती है।” उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 95.95 के दायरे में रहने के आसार हैं। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत बढ़कर 100.87 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.26 प्रतिशत बढ़कर 99.51 डॉलर प्रति बैरल पर था।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 299.17 अंक चढ़कर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117.80 अंक की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,617.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
विद्या भारती का राष्ट्रव्यापी अभियान, 25 सितंबर को 25 हजार जगहों पर होगा Vande Mataram का सामूहिक गायन
एक करोड़ से अधिक छात्र, शिक्षक, अभिभावक और नागरिक 25 सितंबर को राष्ट्रगीत के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत देशभर में 25,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ गाएंगे। विद्या भारती ने बुधवार को यह जानकारी दी। संगठन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम शुक्रवार को सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान और इसके राष्ट्रीय महत्व से जोड़ना है।
उसने बताया कि अभियान के तहत, स्कूल ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर केंद्रित चर्चाओं, प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं। बयान के मुताबिक, ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में राष्ट्रवादी भावना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के बाद, इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया गया, जबकि ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान के रूप में अपनाया गया।
संगठन ने कहा कि राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “एक आवाज-एक संकल्प-एक भारत” की भावना को व्यक्त करेगा। बयान के मुताबिक, इस कार्यक्रम को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा रिकॉर्ड प्रमाणन के लिए छात्रों और आम जनता के सदस्यों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के सबसे बड़े एक साथ सामूहिक गायन के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। दिल्ली में, एक लाख से अधिक छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और नागरिकों के लगभग 300 स्थानों पर भाग लेने की उम्मीद है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






