दिल्ली-गैंगरेप के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज में ऑफलाइन क्लास बंद:ऑनलाइन पढ़ाई शुरू; गेट के पास पुलिस एनकाउंटर के बाद फैसला
दिल्ली में लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने मंगलवार दोपहर से फिजिकल क्लास बंद कर ऑनलाइन क्लास शुरू कर दीं। कॉलेज ने कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की से गैंगरेप के बाद यह फैसला लिया। मंगलवार को पुलिस ने कॉलेज के पिछले गेट के पास मामले के एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस एनकाउंटर गेट से करीब 50 मीटर दूर हुई। इसके बाद कॉलेज ने पढ़ाई ऑनलाइन कर दी। कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा और उनका मानसिक-सामाजिक कल्याण उसकी प्राथमिकता है। छात्रों की मदद के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। 21 सितंबर: 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम 17 साल की लड़की अपने एक पुरुष दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह ले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और दोनों को धमकाया। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लेडी श्री राम कॉलेज के पास एनकाउंटर, आरोपी पकड़ाया पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ भी शामिल है। अमर कॉलोनी में उसे पकड़ने के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। गोली एक हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आसिफ के पैर में चोट लगी। यह घटना LSR कॉलेज के पिछले गेट से करीब 50 मीटर दूर हुई, जिससे कॉलेज के छात्रों और स्टाफ में चिंता बढ़ गई। छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता घटना के बाद LSR कॉलेज और आस्था कुंज पार्क के आसपास रहने वाली छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। कुछ छात्राओं ने अस्थायी रूप से घर लौटने की बात कही। वहीं, कई छात्राएं अकेले आने-जाने से बच रही हैं और समूह में कॉलेज आने-जाने की कोशिश कर रही हैं। कॉलेज मैनेजमेंट ने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को छात्रों के लिए उपलब्ध रहने को कहा है। स्टूडेंट यूनियन ने बुलाई बैठक LSR स्टूडेंट यूनियन ने मंगलवार रात 9 बजे ऑनलाइन इमरजेंसी जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई। इसमें छात्रों की सुरक्षा, उनकी चिंताओं और कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। यूनियन इन मुद्दों को कॉलेज प्रशासन के सामने रखेगी, खासकर कैंपस की बाहरी सीमा और आसपास के इलाकों की सुरक्षा को लेकर। --------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली में बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, ग्रेटर नोएडा से बैठाया, बस 47km दौड़ती रही, शीशे पर पर्दे लगे थे दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की है, पुलिस ने 31 अगस्त को इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बस में बैठी। आरोपियों ने उसे कश्मीरी गेट पर छोड़ा। इस दौरान बस करीब 47 किमी दौड़ती रही। बस के शीशों पर पर्दे लगे थे। पूरी खबर पढ़ें…
कर्नाटक के शख्स की UAE में हत्या:शव को 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा; कार से बरामद हुआ, पत्नी-बेटा भी लापता
कर्नाटक के उडुपी जिले के एक शख्स की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में हत्या कर दी गई। उसकी लाश 9 टुकड़ों में मिली। शव को दो बैग में भरकर एक कार में रखा गया था। मृतक की पहचान एल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मंगलवार को दी। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पत्नी और बेटा भी लापता हैं। हालांकि, उनके बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुंदर 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था प्रकाश कुंदर पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था। पिछले साल दिसंबर में वह अपने घर आया था, इसके बाद वापस शारजाह लौट गया। उसकी पत्नी टीना कुंदर उडुपी के उदयवारा की रहने वाली हैं और शारजाह के एक स्कूल में टीचर हैं। उनका बेटा भी शारजाह में 10वीं क्लास में पढ़ रहा है। मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के एसपी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की। वॉचमैन ने बताया कि प्रकाश भारत जा चुका है करीब एक हफ्ते बाद जब अनिल ने दोबारा फोन किया, तब भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शारजाह में रहने वाले प्रकाश के क्लासमेट मनोहर से संपर्क किया और प्रकाश का पता लगाने के लिए कहा। मनोहर प्रकाश को कंपनी की ओर से दिए गए फ्लैट पर पहुंचा। वहां मौजूद वॉचमैन ने बताया कि प्रकाश भारत जा चुका है। इसके बाद अनिल ने कंपनी के एचआर विभाग से संपर्क किया। वहां से भी शुरुआत में उन्हें बताया गया कि प्रकाश भारत लौट गया है। पासपोर्ट रिकॉर्ड से सामने आया कि प्रकाश शारजाह में ही था अनिल ने अगले दिन कंपनी से दोबारा संपर्क किया और बताया कि प्रकाश भारत नहीं आया है। उन्होंने कंपनी से उसके बारे में जानकारी जुटाने को कहा। कंपनी ने जब पासपोर्ट रिकॉर्ड चेक किए तो पता चला कि प्रकाश अभी भी शारजाह में था। इसके बाद उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान प्रकाश का शव ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से बरामद हुआ। शव को 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था। अनिल ने बताया कि परिवार को प्रकाश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को मिली। फिलहाल हत्या की वजह और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है। --------------- ये खबर भी पढ़ें… तेलंगाना के अस्पताल में आग, 3 नवजात की मौत:27 बच्चे एडमिट थे, AC फटने की आशंका; इस साल ऐसी 6 घटनाओं में 25 मौतें तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के सरकारी RIMS अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सोमवार रात करीब 11:50 बजे आग लग गई। हादसे में अब तक 3 नवजात की मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर है। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










