Kerala के Nilambur पहुंचे CM Satheesan, अचानक आई बाढ़ पर SOP लाने का ऐलान
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने सोमवार को नीलांबूर का दौरा किया जहां कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों की मौत हो गई और एक महिला लापता है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी अचानक आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जल्द मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करेगी। रविवार शाम टीके कॉलोनी में अचानक आई बाढ़ में छह लोग बह गए थे।
तलाश अभियान में पांच लोगों के शव बरामद किए गए जबकि 26 वर्षीय स्थानीय महिला सजिता की तलाश जारी है। निलांबुर में पत्रकारों से बात करते हुए सतीशन ने कहा कि यह घटना अचानक हुई, जबकि उस जगह पर बारिश का कोई संकेत नहीं था। सतीशन ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के समय लोग नदी में मौजूद थे और ऊपर की तरफ से पानी आने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्यों में मदद की।
उन्होंने कहा कि यह स्थान आधिकारिक रूप से पर्यटक स्थल नहीं है लेकिन सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार के बाद यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा, सरकार परिवारों को हर ज़रूरी मदद देगी। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में इस पर फ़ैसला लिया जाएगा और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।
West Delhi में 96 घंटे के विशेष अभियान में 19 लोग पकड़े गए, 5 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त
पश्चिमी दिल्ली में 96 घंटे के एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने छह विदेशी नागरिकों सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नशीले पदार्थों की संगठित आपूर्ति शृंखलाओं और स्थानीय स्तर के वितरण नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के बाद पुलिस ने मादक पदार्थ एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 17 मामले दर्ज किए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पुलिस ने 44 किलोग्राम गांजा, 470.92 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 494 ग्राम अफीम, 168.5 ग्राम एमडी, 31.49 ग्राम एमडीएमए और 9.58 ग्राम कोकीन बरामद की। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन या आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तीन स्कूटर, एक मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा को जब्त किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए विदेशी नागरिकों के खिलाफ प्रासंगिक आव्रजन प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









