Gurugram के Sector 38 स्थित PG में पुलिस की छापेमारी, 21 लोग हिरासत में
हरियाणा के गुरुग्राम में एक पीजी पर छापेमारी के दौरान कथित देह व्यापार गिरोह का खुलासा हुआ और 13 पुरुषों तथा आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। गुरुग्राम पुलिस और राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 स्थित पीजी पर छापा मारा।
यह कार्रवाई शहर के सफायर 90 मॉल में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी के एक दिन बाद हुई। पुलिस ने बताया कि झारसा गांव निवासी साहिल और उसकी पत्नी को मामले में गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को बचाई गई एक लड़की से मिली जानकारी के आधार पर पीजी के बारे में पता चला था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल कथित तौर पर व्हाट्सऐप और कुछ वेबसाइट के जरिए यह गिरोह संचालित कर रहा था और उसके साथ करीब 10-12 लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे झारसा स्थित परिसर में जबरन रखा गया था। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (आईटीपीए) के नोडल अधिकारी एसीपी अभिलाक्ष जोशी की निगरानी में और हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में सेक्टर-38 के पीजी पर संयुक्त छापेमारी की गई।
इस दौरान विदेशी नागरिकों समेत 13 पुरुषों और आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आईटीपीए और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सदर थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसीपी जोशी ने कहा, ‘‘मौके से बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों जैसे मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और प्रमुख ग्राहकों की पहचान की जा सके।
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Kalkaji में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष, एक व्यक्ति की मौत और भाई AIIMS में भर्ती
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी में एक इमारत के निवासियों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। पुलिस ने यह रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार मध्य रात्रि को हुई।
पुलिस रात करीब 12 बजकर तीन मिनट पर कालकाजी में झगड़े की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि इमारत की भूतल और तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने बताया कि घायल भाइयों की पहचान मंजीत सिंह उर्फ बंटी और दिलबाग सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां मंजीत को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दिलबाग का उपचार हो रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इमारत के बाहर किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद कहासुनी बढ़कर झड़प में बदल गई।
इस दौरान मंजीत और दिलबाग को कथित तौर पर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच करने तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








