Haryana के पूर्व सैनिक Lal Chand Godara ने 85 साल की उम्र में IGNOU से किया MA
हरियाणा के सिरसा निवासी और पूर्व सैनिक लाल चंद गोदारा ने 85 साल की उम्र में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से परास्नातक की डिग्री हासिल की है और अब वह पीएचडी या कानून की पढ़ाई करना चाहते है। गोदारा ने 76 साल की उम्र में दोबारा पढ़ाई शुरू की थी। उनके पोते-पोतियों के सवालों ने उनमें अधूरी रह गई शिक्षा पूरी करने की इच्छा जगा दी थी।
पांच साल बाद 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की और अब परास्नातक की डिग्री भी हासिल कर ली। गोदारा के बेटे डॉ. साहिब राम गोदारा ने रविवार को बताया, ‘‘मेरे पिता ने इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले उन्होंने 2023 में स्नातक भी पूरा किया था।’’ गोदारा ने कहा कि परिस्थितियों के कारण उनकी पढ़ाई अधूरी रह गई थी और शिक्षा उनके जीवन का अधूरा अध्याय बनकर रह गई थी।
उन्होंने 20 वर्ष की उम्र से पहले सेना में भर्ती होकर देश की सेवा की। इसके बाद उन्होंने हरियाणा परिवहन विभाग में ‘यार्ड मास्टर’ के रूप में काम किया। 2002 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने खेलों में भी रुचि ली और हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक्स व अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीते।
गोदारा के बड़े बेटे ने बताया कि छोटे बेटे के दो बच्चों के सवालों के बाद उनकी (गोदारा) किताबों में रुचि फिर जागी। उनके बेटे साहिब राम ने कहा, ‘‘मेरे पिता को युवावस्था से ही किताबों में गहरी रुचि थी। वह डायरी भी लिखते थे क्योंकि लिखने से उन्हें काफी संतोष मिलता था।’’ उन्होंने कहा कि जीवन की परिस्थितियों के कारण पिता अपनी शैक्षणिक इच्छा पूरी नहीं कर सके लेकिन पोते-पोतियों के सवालों ने उनकी पढ़ने की इच्छा फिर जगा दी और उन्होंने 76 साल की उम्र में पढ़ने की दोबारा शुरुआत की।
गोदारा ने कहा कि उनकी यात्रा यह दिखाती है कि सीखने की इच्छा किसी भी उम्र में नहीं रुकनी चाहिए और शिक्षा व्यक्ति का नजरिया व्यापक बनाती है।
Gurugram के Sector 38 स्थित PG में पुलिस की छापेमारी, 21 लोग हिरासत में
हरियाणा के गुरुग्राम में एक पीजी पर छापेमारी के दौरान कथित देह व्यापार गिरोह का खुलासा हुआ और 13 पुरुषों तथा आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। गुरुग्राम पुलिस और राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 स्थित पीजी पर छापा मारा।
यह कार्रवाई शहर के सफायर 90 मॉल में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी के एक दिन बाद हुई। पुलिस ने बताया कि झारसा गांव निवासी साहिल और उसकी पत्नी को मामले में गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को बचाई गई एक लड़की से मिली जानकारी के आधार पर पीजी के बारे में पता चला था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल कथित तौर पर व्हाट्सऐप और कुछ वेबसाइट के जरिए यह गिरोह संचालित कर रहा था और उसके साथ करीब 10-12 लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे झारसा स्थित परिसर में जबरन रखा गया था। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (आईटीपीए) के नोडल अधिकारी एसीपी अभिलाक्ष जोशी की निगरानी में और हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में सेक्टर-38 के पीजी पर संयुक्त छापेमारी की गई।
इस दौरान विदेशी नागरिकों समेत 13 पुरुषों और आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आईटीपीए और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सदर थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसीपी जोशी ने कहा, ‘‘मौके से बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों जैसे मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और प्रमुख ग्राहकों की पहचान की जा सके।
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











