Viral Video: सोशल मीडिया पर हरियाणवी गाने पर डांस करती लड़की का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लड़की ने गाने की धुन पर ताबड़तोड़ ठुमकों और शानदार डांस मूव्स से ऐसा समां बांधा कि देखने वाले बस देखते रह गए. उसके जबरदस्त एक्सप्रेशन और एनर्जी ने लोगों का ध्यान खींच लिया. वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है. इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @_tanvyyy._ नाम से शेयर किया गया है. आप भी देखें ये वायरल वीडियो..
डेनमार्क ने शुक्रवार को पुष्टि की कि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के साथ एक समझौता अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सम्मेलन के दौरान होगा। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन के कार्यालय ने बताया कि अमेरिका, डेनमार्क और ग्रीनलैंड का त्रिपक्षीय समझौता होने के बावजूद इसे लागू करने के लिए डेनमार्क और ग्रीनलैंड के संसद की मंजूरी आवश्यक होगी। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर करार होने की घोषणा करते हुए कहा कि जिस काम की इच्छा कई पूर्व राष्ट्रपतियों ने की थी, उसे उन्होंने पूरा किया है।
फ्रेडरिकसेन ने एक बयान में कहा, ‘‘यह समझौता ग्रीनलैंड और डेनमार्क की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को मान्यता देता है’’ और दोनों इकाइयों के लोगों के ‘‘स्व-निर्णय’’ के अधिकार का समर्थन करता है। वहीं ट्रंप ने घोषणा की कि उन्होंने ग्रीनलैंड में अमेरिकी सेना की मौजूदगी बढ़ाने के लिए डेनमार्क के साथ एक समझौता किया है लेकिन इस आर्कटिक द्वीप पर यूरोपीय देश की संप्रभुता कायम रहेगी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि यह करार ‘‘अमेरिका को ग्रीनलैंड में सुरक्षा एवं अन्य सभी जरूरतों पर स्थायी नियंत्रण प्रदान करता है, जिससे अमेरिका की सभी चिंताएं पूरी तरह से दूर हो जाती हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस समझौते के साथ उनका प्रशासन खनिज संपदा से संपन्न डेनमार्क के इस इलाके में बड़ी सैन्य मौजूदगी बनाने की प्रक्रिया ‘‘तुरंत’’ शुरू कर देगा।
ट्रंप ने राष्ट्रपति पद ग्रहण करने के साथ ही डेनमार्क पर नियंत्रण स्थापित करने की हर संभव कोशिश करने की बात कही थी। उन्होंने डेनमार्क को यह द्वीप बेचने की भी पेशकश की थी जिसका अमेरिका के सहयोगियों ने विरोध किया था।
Asian Games 2026: भारत एशियन गेम्स में अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाई पर ले जाने की तैयारी कर रहा है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में भारतीय दल से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारत ने रिकॉर्ड 107 मेडल जीते थे, जिसमें 28 गोल्ड शामिल थे। इस बार भारत के 503 एथलीट 36 खेलों में देश की चुनौती पेश करेंगे।
भारत की नजर अपने अब तक के सबसे बड़े मेडल टैली पर है। कबड्डी और क्रिकेट जैसे खेलों में भारतीय टीमें अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगी, जबकि शूटिंग, आर्चरी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में भी कई खिलाड़ियों से गोल्ड की उम्मीद होगी। आइए जानते हैं वे 10 खिलाड़ी और टीमें, जिन पर भारत की गोल्ड मेडल की उम्मीदें टिकी हैं।
1. कबड्डी- पुरुष और महिला टीम एशियन गेम्स में कबड्डी भारत के सबसे मजबूत खेलों में शामिल है। पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमों ने हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। दोनों टीमें 2025 कबड्डी वर्ल्ड कप में भी चैंपियन बनीं। एशियन गेम्स में भारत का शानदार रिकॉर्ड और हालिया प्रदर्शन देखते हुए इस बार भी पुरुष और महिला टीमों से गोल्ड की उम्मीद होगी।
2. क्रिकेट- पुरुष और महिला टीम एशियन गेम्स में क्रिकेट के दोनों वर्गों में भारत डिफेंडिंग चैंपियन है। हांगझोउ में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद भी दोनों टीमों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है। ऐसे में आइची-नागोया में भारतीय टीमों के सामने अपने खिताब का बचाव करने की चुनौती होगी।
3. हॉकी- पुरुष और महिला टीम भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियन गेम्स में पांच बार गोल्ड मेडल जीत चुकी है और 2023 में भी चैंपियन बनी थी। इस बार टीम की नजर छठे गोल्ड पर होगी। पाकिस्तान, मलेशिया, जापान और चीन जैसी टीमें चुनौती पेश कर सकती हैं। महिला टीम की बात करें तो भारत ने एशियन गेम्स में अपना एकमात्र गोल्ड 1982 में जीता था। 2026 वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करने वाली टीम इस बार लंबे अंतराल के बाद गोल्ड जीतने की कोशिश करेगी।
4. ज्योति सुरेखा वेन्नम- आर्चरी ज्योति सुरेखा वेन्नम हांगझोउ एशियन गेम्स में तीन गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच चुकी हैं। उन्होंने कंपाउंड व्यक्तिगत, महिला टीम और मिक्स्ड टीम स्पर्धा में गोल्ड हासिल किया था। 2025 एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में भी उन्होंने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण जीता। हालिया प्रदर्शन और एशियन गेम्स के अनुभव को देखते हुए ज्योति से एक से ज्यादा पदक की उम्मीद होगी।
5. धीरज बोम्मदेवरा- आर्चरी धीरज बोम्मदेवरा 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। भारतीय रिकर्व तीरंदाज ने आर्चरी वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा और वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बने। वह 2025 एशियन चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुके हैं। हांगझोउ में सिल्वर जीतने वाले धीरज इस बार पदक का रंग बदलने के इरादे से उतरेंगे।
6. ईशा सिंह- शूटिंग ईशा सिंह शूटिंग में भारत की प्रमुख गोल्ड मेडल उम्मीदों में शामिल हैं। 2026 में उन्होंने म्यूनिख और हांगझोउ ISSF वर्ल्ड कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड जीता। म्यूनिख में उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर भी बनाया। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल का गोल्ड भी उनके नाम रहा। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए एशियन गेम्स में उन पर खास नजर होगी।
7. मनु भाकर- शूटिंग पेरिस ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली मनु भाकर भारतीय शूटिंग की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हैं। 2026 में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल में व्यक्तिगत गोल्ड के लिए चुनौती पेश की है, लेकिन अभी इस साल इन स्पर्धाओं में व्यक्तिगत खिताब उनके नाम नहीं आया है। अब मनु की नजर एशियन गेम्स में अपने पहले व्यक्तिगत गोल्ड पर होगी। ईशा सिंह के शानदार प्रदर्शन के बीच मनु का बड़ा अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी अहम होगा।
8. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी- बैडमिंटन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भारत की सबसे बड़ी बैडमिंटन उम्मीदों में शामिल है। दोनों ने हांगझोउ एशियन गेम्स में पुरुष डबल्स का गोल्ड मेडल जीता था। 2026 में चीन मास्टर्स का खिताब जीतकर उन्होंने अपनी मजबूत फॉर्म का संकेत दिया है। आइची-नागोया में दोनों अपने एशियन गेम्स खिताब का बचाव करने उतरेंगे।
9. तजिंदरपाल सिंह तूर- शॉट पुट तजिंदरपाल सिंह तूर एशियन गेम्स में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेंगे। ऐसा करने पर वह पुरुष शॉट पुट में लगातार तीन एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। चोट की वजह से कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ था, लेकिन 2026 में उनका सीजन बेस्ट 21.03 मीटर रहा है, जो एशिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है। ऐसे में उनकी नजर फिर गोल्ड पर होगी।
10. सर्वेश कुशारे- हाई जंप सर्वेश कुशारे 2026 में अपने करियर की शानदार फॉर्म में हैं। हांगझोउ एशियन गेम्स में 2.26 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहने वाले सर्वेश ने इस साल 2.31 मीटर का प्रदर्शन किया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उन्होंने 2.25 मीटर की छलांग के साथ सिल्वर मेडल जीता। एशियन गेम्स में अब तक पदक से दूर रहे सर्वेश इस बार अपना पहला मेडल जीतने की कोशिश करेंगे, जिसमें उनकी नजर गोल्ड पर होगी।