पाकिस्तान के 11 WTC पॉइंट्स कटे:स्लो ओवर रेट के लिए लगा जुर्माना, खिलाड़ियों की 50% मैच फीस भी कटी
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में स्लो ओवर रेट के लिए पाकिस्तान पर कार्रवाई हुई है। एजबेस्टन में खेले गए आखिरी टेस्ट में टीम के 11 WTC पॉइंट्स काटे गए हैं, जबकि पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया गया है। पाकिस्तान यह टेस्ट 8 विकेट से हार गया था। एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान ने 89 ओवर गेंदबाजी की थी। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद टीम को 11 ओवर कम पाया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। WTC पॉइंट और जुर्माना पाकिस्तान का WTC की मौजूदा साइकल में हर कम ओवर के लिए एक WTC पॉइंट काटा गया है। यह कार्रवाई ICC WTC की प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के तहत की गई है। वहीं, खिलाड़ियों पर हर कम ओवर के लिए मैच फीस का 5% जुर्माना लगाया गया है। यह ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत हुआ है। हालांकि, नियमों के मुताबिक किसी खिलाड़ी पर एक मैच के लिए अधिकतम 50% मैच फीस का ही जुर्माना लगाया जा सकता है। पाकिस्तान 11 ओवर कम रहा, इसलिए 5% प्रति ओवर के हिसाब से जुर्माना 55% बनता था। लेकिन अधिकतम सीमा 50% होने के कारण खिलाड़ियों पर 50% मैच फीस का ही जुर्माना लगाया गया। WTC फाइनल की रेस से बाहर पाकिस्तान पहले ही WTC पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे था। अब 4 सीरीज में 9 टेस्ट के बाद उसका पॉइंट्स परसेंटेज 4.63 हो गया है। इससे पाकिस्तान की WTC फाइनल में पहुंचने की बची हुई उम्मीद भी खत्म हो गई है। पाकिस्तान नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज की मेजबानी करेगा। इसके बाद न्यूजीलैंड 2027 में पाकिस्तान का दौरा करेगा। पाकिस्तान 3-0 से सीरीज हारा इंग्लैंड दौरे पर गए पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हार मिली। टीम को पहले मैच में इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से हराया। दूसरे मैच में 194 और तीसरे में 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी। हर घंटे कम से कम 15 ओवर फेंकने होते हैं ICC के नियमों के मुताबिक, टेस्ट मैच में गेंदबाजी करने वाली टीम को हर घंटे कम से कम 15 ओवर फेंकने होते हैं। यानी एक दिन के खेल में आमतौर पर 90 ओवर पूरे करने का लक्ष्य रहता है। अगर टीम तय समय में जरूरी ओवर पूरे नहीं करती है तो उसके खिलाफ स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि, ओवर रेट की गणना करते समय अंपायर कुछ परिस्थितियों में टीम को समय की छूट देते हैं।
रूस के नेपोम्नियाश्ची ने नंबर-1 कार्लसन को हराया:गेंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने ग्लोबल चेस लीग का खिताब जीता, एल्पाइन APL पाइपर्स को 7-5 से हराया
बेंगलुरु में रविवार को ग्लोबल चेस लीग के फाइनल में गेंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने एल्पाइन APL पाइपर्स को 7-5 से हराया। इस जीत में इयान नेपोम्नियाश्ची ने मैग्नस कार्लसन को मात देकर अहम भूमिका निभाई। दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी कार्लसन को लीग में दो दिन में दूसरी हार मिली। कार्लसन इससे एक दिन पहले अलीरेजा फिरोज्जा से हारे थे। इसके बाद फाइनल में उन्हें गेंजेस ग्रैंडमास्टर्स के रूसी खिलाड़ी नेपोम्नियाश्ची ने हराया। एल्पाइन पिछली बार की चैंपियन थी एल्पाइन APL पाइपर्स पिछली बार की चैंपियन टीम थी। हालांकि, जब पिछली बार यह टूर्नामेंट मुंबई में हुआ था, तब कार्लसन इसमें नहीं खेले थे। टीम फाइनल के पहले सेट में कार्लसन ने काले मोहरों से नेपोम्नियाश्ची के खिलाफ बाजी ड्रॉ खेली। दूसरे सेट में कार्लसन सफेद मोहरों से खेल रहे थे और जीत की स्थिति में दिखाई दे रहे थे। नेपोम्नियाश्ची ने इसके बाद जाल बिछाया। काफी समय बचा होने के बावजूद कार्लसन उसमें फंस गए। नेपोम्नियाश्ची ने तुरंत बाजी पलट दी। उन्होंने बढ़त हासिल की और टीम के लिए अहम जीत दर्ज की। इस जीत से गेंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। लीग में मेंस-विमेंस प्लेयर्स क ही टीम का हिस्सा ग्लोबल चेस लीग एक टीम-बेस्ड शतरंज प्रतियोगिता है, जिसमें दुनिया के कई बड़े शतरंज खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हैं। इसमें मेंस और विमेंस खिलाड़ी एक ही टीम का हिस्सा होते हैं। लीग में रैपिड फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाते हैं और एक मैच में टीम के सभी खिलाड़ी एक साथ बोर्ड पर उतरते हैं। इस लीग में विश्वनाथन आनंद, मैग्नस कार्लसन और हिकारू नाकामुरा जैसे बड़े नाम भी खेल चुके हैं। -------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत ने PCB चीफ से फिर ट्रॉफी नहीं ली:फैंस ने चोर कहकर चिढ़ाया भारत ने विमेंस एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार खिताब जीता। हालांकि, प्रेजेंटेशन सेरेमनी में टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान फैंस ने नकवी को 'चोर' कहकर भी चिढ़ाया। पूरी खबर…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






