Responsive Scrollable Menu

PM Modi 76th Birthday: केंद्रीय मंत्रियों और BJP नेताओं ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष तथा विकास, जनकल्याण व सुशासन के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी को अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन ‘‘तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है।’’ शाह ने ‘एक्स’ पर कहा, “कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है।

सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है।’’ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मोदी को राष्ट्रीय सेवा और समर्पण का प्रतीक तथा 140 करोड़ देशवासियों का नेता बताया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र प्रथम के संकल्प से प्रेरित मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन और जन कल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है।

यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।’’ नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत बुनियादी ढांचे, डिजिटल संपर्क, जनकल्याण, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में प्रगति करते हुए ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन और जनसेवा को राष्ट्र की विकास यात्रा के केंद्र में रखा है, जिससे प्रशासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बना है।

उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है।” वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मोदी को ऐसा “कर्मयोगी” बताया, जिन्होंने अपने जीवन का हर क्षण राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया है। गोयल ने कहा, “आपके नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। आपकी जनकल्याणकारी नीतियों ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं, महिलाओं को सशक्त बनाया है, किसानों को आत्मनिर्भर बनाया है, करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है और वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।” केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने आशा व्यक्त की कि मोदी देश को ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर ले जाते रहेंगे।

उन्होंने कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आप हमें ‘विकसित भारत 2047’ की ओर ले जाते रहें।” केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए सार्वजनिक सेवा, सुशासन और विकास के प्रति मोदी की प्रतिबद्धता ने भारत की प्रगति को नयी गति और व्यापक दृष्टिकोण दिया है। पाटिल ने कहा, “एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आपके नेतृत्व में जारी प्रयास देश के प्रत्येक नागरिक के लिए उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हैं।” केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का शिल्पकार बताया।

चौहान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कुछ जन्मदिन ऐसे होते हैं जो ‘‘करोड़ों-करोड़ों दिलों में खुशी और उत्साह की लहरें पैदा करते हैं’’, और मोदी का जन्मदिन ऐसा ही एक अवसर है। उन्होंने भारत के पुनः ‘विश्व गुरु’ का स्थान प्राप्त करने के स्वामी विवेकानंद के दृष्टिकोण को याद करते हुए कहा, ‘‘एक नरेन्द्र ने यह कहा था, और दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में यह साकार हो रहा है।’’ केंद्रीय कृषि मंत्री ने बृहस्पतिवार को आयोजित ‘विकसित भारत ग्राम जी’ कार्यशाला से पहले नयी दिल्ली के पूसा में देश के विभिन्न हिस्सों से आए सरपंचों के साथ पौधारोपण अभियान में भी भाग लिया। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि मोदी ने अपना पूरा जीवन जनसेवा, राष्ट्रसेवा और प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया है।

बलूनी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “इस वर्ष उनके जन्मदिन के साथ ही निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं—सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यह यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा है।” भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि एक साधारण परिवार से प्रधानमंत्री के पद तक मोदी की यात्रा संघर्ष, कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरक कहानी है। पात्रा ने कहा, “आपके नेतृत्व में भारत ने आधुनिक प्रौद्योगिकी, नवाचार और विकास की ओर कदम बढ़ाते हुए अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को आत्मविश्वास से अपनाया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज और वैश्विक भागीदारी को एक नई पहचान मिली है।” भाजपा सांसद तरुण चुग ने बृहस्पतिवार को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।

चुग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व, अटूट प्रयास और देश की सेवा के प्रति समर्पण करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है। चुग ने कहा, ‘‘आपके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप हमेशा स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों तथा आपके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहे।

Continue reading on the app

ILO के फोरम में बोले Mansukh Mandaviya, विकास और सामाजिक प्रगति साथ चलना जरूरी

केंद्रीय श्रम और रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को 'ग्लोबल कोएलिशन फॉर सोशल जस्टिस एनुअल फोरम 2026' को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने विकास के एजेंडे को सामाजिक न्याय से जोड़ने के लिए मिलकर अंतरराष्ट्रीय प्रयास करने का आह्वान किया और कहा कि आर्थिक विस्तार और सामाजिक प्रगति साथ-साथ होनी चाहिए। 'ग्लोबल कोएलिशन फॉर सोशल जस्टिस एनुअल फोरम 2026' का आयोजन 16-17 सितंबर 2026 को वर्चुअली किया गया था। इसमें सरकारों, नियोक्ताओं और श्रमिकों के संगठनों, अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों, विकास संस्थानों, निजी क्षेत्र, शिक्षा जगत और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, ताकि सामाजिक न्याय और सम्मानजनक काम के लिए सहयोग को मजबूत किया जा सके और सामूहिक कार्रवाई में तेजी लाई जा सके। फोरम के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय श्रम और रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. होंगबो, इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ एम्प्लॉयर्स की अध्यक्ष जैकलीन मुगो, इंटरनेशनल ट्रेड यूनियन कन्फेडरेशन के महासचिव ल्यूक ट्राएंगल और ब्राजील के श्रम और रोजगार मंत्री लुइज़ मारिन्हो शामिल हुए।

इसे भी पढ़ें: Hockey India की 18 सितंबर को आपात बैठक, आंतरिक विवाद और HIL पर होगी चर्चा


सभा को संबोधित करते हुए, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक ज़्यादा समावेशी, मज़बूत और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए सामाजिक न्याय को सभी प्रयासों के केंद्र में रखने के लिए सामूहिक कोशिशों का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि वैश्विक समुदाय का साझा लक्ष्य सहयोग को अवसरों में, विकास को साझा समृद्धि में और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धताओं को ठोस बदलाव में बदलना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत इस मंच पर बड़े पैमाने पर बदलाव लाने का अपना अनुभव और काम की एक ज़्यादा समावेशी दुनिया बनाने की अपनी प्रतिबद्धता लेकर आया है। आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति के साथ-साथ आगे बढ़ने की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए, मंत्री ने कहा कि विकास से अच्छे रोज़गार पैदा होने चाहिए, तकनीक को समावेश को बढ़ावा देना चाहिए और इनोवेशन से लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में मदद मिलनी चाहिए। मंडाविया ने कहा कि भारत तकनीक, कौशल और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के ज़रिए काम के भविष्य के लिए तैयारी कर रहा है। 

इसे भी पढ़ें: PM Narendra Modi आधुनिक भारत के निर्माता हैं, Birthday पर बोले CM Pushkar Singh Dhami

उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि काम की बदलती दुनिया में कौशल, रोज़गार की क्षमता और श्रम की गतिशीलता पर नए सिरे से ध्यान देने की ज़रूरत है। इस संदर्भ में, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए भारत, ब्राज़ील और जर्मनी में 'इंटरनेशनल रेफरेंस क्लासिफिकेशन ऑफ़ ऑक्यूपेशन्स' (कामकाज का अंतरराष्ट्रीय वर्गीकरण) को आज़माने के लिए ILO के साथ भारत की साझेदारी का ज़िक्र किया।

Continue reading on the app

  Sports

Ajit Agarkar का कार्यकाल खत्म, BCCI Chief Selector पद के लिए Parthiv Patel चर्चा में

भारतीय क्रिकेट में चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। बीसीसीआई की शुक्रवार को हुई वार्षिक आम बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि अगरकर का कार्यकाल आगे बढ़ना तय नहीं है। हालांकि, बोर्ड ने अभी इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। माना जा रहा है कि महीने के अंत तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।

बैठक के बाद बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि फैसला लेने के लिए अभी करीब 15 दिन का समय बाकी है। उन्होंने साफ किया कि अगरकर के कार्यकाल की समाप्ति की तारीख बोर्ड को पता है और इसी अवधि में आगे का निर्णय लिया जाएगा। मौजूद जानकारी के अनुसार, अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है।

देवजीत सैकिया ने कहा कि क्रिकेट में 15 दिन का समय काफी होता है और बोर्ड जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहता। उन्होंने संकेत दिया कि सही समय आने पर बोर्ड इस बारे में आधिकारिक जानकारी देगा। यानी फिलहाल अगरकर के पद पर बने रहने या हटने को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है।

अगरकर के भविष्य को लेकर अटकलें पिछले कुछ समय से लगातार चल रही हैं। इसी महीने भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए हुई बैठक में अगरकर की गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि, बोर्ड ने उनकी गैरमौजूदगी को ज्यादा तवज्जो नहीं दी थी। इसके बाद रोहित शर्मा से जुड़ा मामला भी चर्चा में रहा। लॉर्ड्स में खेले गए एकदिवसीय मुकाबले से पहले चयनकर्ताओं ने कथित तौर पर रोहित को टीम की आगे की योजनाओं में शामिल नहीं होने की जानकारी दी थी। बाद में बोर्ड के स्तर पर इस मामले में हस्तक्षेप की बात सामने आई थी।

गौरतलब है कि दिल्ली में हाल ही में हुई सेलेक्शन मीटिंग के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय मुकाबलों, ईरानी कप और भारत ए टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया था। बैठक सामान्य तरीके से हुई, लेकिन इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि शायद यह अगरकर की चयन समिति के प्रमुख के तौर पर आखिरी बैठक हो सकती है।

अगर अगरकर का कार्यकाल खत्म होता है तो बोर्ड के लिए तुरंत नया प्रमुख चयनकर्ता नियुक्त करना आसान नहीं होगा। इसके लिए पहले पद के लिए आवेदन मांगे जाएंगे, फिर उम्मीदवारों के नामों की जांच और बातचीत की प्रक्रिया होगी। इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम एक महीने या उससे ज्यादा समय लग सकता है।

मौजूदा चर्चा में भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल का नाम अगले प्रमुख चयनकर्ता के तौर पर सामने आ रहा है। वहीं अंतरिम व्यवस्था में प्रज्ञान ओझा को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना की भी चर्चा है। ओझा ने मौजूदा चार अन्य चयनकर्ताओं की तुलना में भारत के लिए ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। हालांकि, अभी इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।

बता दें कि अंतिम फैसला बीसीसीआई के पदाधिकारियों को करना है और अगले करीब 15 दिनों में इस मामले पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है। तब तक अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी हैं।

Fri, 18 Sep 2026 21:48:00 +0530

  Videos
See all

Why won't inflation go down? | BBC Newscast #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T17:00:37+00:00

Ye Bharat Ki Baat Hai: PAK में बिछी लाशें! | Khyber Pakhtunkhwa | Mamata Banerjee | TMC Vs BJP #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T17:00:37+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers