Asian Games के लिए Sri Lanka Women Cricket टीम घोषित, चमारी अटापट्टू संभालेंगी कमान
एशियाई खेलों में श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम किस तरह मैदान पर उतरने वाली है, इसकी तस्वीर अब साफ हो गई है। श्रीलंका ने 2026 एशियाई खेलों के लिए अपनी 15 सदस्यीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज चमारी अटापट्टू के हाथों में रहेगी। टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने हाल में महिला एशिया कप में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया था।
मौजूद जानकारी के अनुसार एशिया कप की टीम की तुलना में श्रीलंका की टीम में चार बदलाव किए गए हैं। विष्मी गुणरत्ने, निलाक्षिका सिल्वा, चेतना विमुक्ति और देवमी विहांगा को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। निलाक्षिका सिल्वा का बाहर होना खास तौर पर ध्यान खींचने वाला है, क्योंकि वह एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर रही थीं। उनसे आगे भारत की शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना थीं।
चेतना विमुक्ति ने एशिया कप में श्रीलंका के लिए तीन मुकाबले खेले थे और तीन विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, विष्मी गुणरत्ने को टूर्नामेंट में दो मैच खेलने का मौका मिला था। इनमें फाइनल मुकाबला भी शामिल था। फाइनल में श्रीलंका को भारत के हाथों 72 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
इन चार खिलाड़ियों की जगह श्रीलंका ने रश्मिका सेव्वंडी, हंसिमा करुणारत्ने, निमाशा मीपेज और अनुष्का संजीवनी को टीम में शामिल किया है। रश्मिका सेव्वंडी और निमाशा मीपेज अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई सीरीज का हिस्सा थीं। हालांकि, मीपेज को एशिया कप की टीम में शामिल नहीं किया गया था। अनुष्का संजीवनी की बात करें तो उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबला मार्च 2025 में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान खेला था।
श्रीलंका ने महिला एशिया कप में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम ने ग्रुप बी में अपने सभी मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई थी। इसके बाद सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, खिताबी मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से मात दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई थी।
अब श्रीलंकाई टीम की नजर एशियाई खेलों में बेहतर शुरुआत पर होगी। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 18 सितंबर 2026 को मलेशिया की महिला टीम के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में तीसरे क्वार्टर फाइनल के तौर पर खेला जाएगा।
गौरतलब है कि एशियाई खेलों में क्रिकेट का मुकाबला छोटे प्रारूप में खेला जाता है, ऐसे में टीमों के लिए शुरुआत से ही तेजी से प्रदर्शन करना जरूरी होता है। श्रीलंका के पास चमारी अटापट्टू जैसी अनुभवी खिलाड़ी के साथ युवा और उभरती प्रतिभाओं का भी अच्छा मिश्रण है। एशियाई खेलों के लिए चुनी गई टीम में इमेशा दुलानी, संजना कविंदी, हर्षिता समरविक्रमा, कवीशा दिलहारी, हसिनी परेरा, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंधिका दासनायका, चामुडी प्रभोदा, मिथाली अयोध्या और काव्या कविंदी भी शामिल हैं।
इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई रेस्टोरेंट-प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, सैंपल लिए गए, कमियों पर नोटिस जारी
बुधवार को इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कारवाई सामने आई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और अन्य फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स की जांच की गई।
सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत के आधार पर कैट रोड स्थित सिंफनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके से जांच के लिए पनीर, नूडल्स, तैयार ग्रेवी और घी के सैंपल लिए गए है। निरीक्षण में किचन में साफ-सफाई का सही प्रबंधन नहीं पाया गया। साथ ही फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी। रेफ्रिजरेटर में आवश्यक टेंपरेचर मेंटेन नहीं पाया गया। रेफ्रिजरेटर में रखी खाद्य सामग्री पर डेट मार्किंग नहीं की गई थी। इसके अलावा खाद्य सामग्री खुली अवस्था में रखी हुई पाई गई। कमियों के संबंध में रेस्टोरेंट को आवश्यक सुधार हेतु सूचना पत्र जारी किया गया है। नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
इन खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया
रजवाड़ी रेस्टोरेंट, कैट रोड का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके से पनीर और ग्रेवी के नमूने जांच हेतु लिए गए। फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी। पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को जरूरी सुधार के लिए सूचना पत्र जारी किया गया है।
टिंबकतु रेस्टोरेंट, सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान मौके से दाल, चावल, मैदा और मूंगफली दाना के नमूने जांच के लिए कलेक्ट किए गए। निरीक्षण में वेजिटेरियन और नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा पाया गया। डस्टबिन खुले पाए गए और किचन में कॉकरोच पाए गए। किचन में साफ-सफाई एवं हाइजीन का उचित प्रबंधन नहीं पाया गया। वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं थी। फूड लाइसेंस भी उचित स्थान पर डिस्प्ले नहीं पाया गया। पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
निर्धारित समय पर सुधार न होने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। फिलहाल खाद्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए सुधार का मौका दिया गया है। सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। यदि निर्धारित समय में कमियों का निराकरण नहीं होता, तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
Mp Breaking News









