Uno Minda करेगी ₹1,415 करोड़ का बड़ा Investment, तमिलनाडु और हरियाणा में बढ़ेंगे प्लांट
वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी यूनो मिंडा विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और अपने प्रमुख कारोबार क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए 1,415 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि इस निवेश में तमिलनाडु के होसुर में नयी एल्युमीनियम कास्टिंग इकाई स्थापित करना और हरियाणा के खरखौदा में दोपहिया वाहनों के अलॉय व्हील कारोबार का विस्तार करना और इसका स्थानांतरण शामिल है। यूनो मिंडा के अनुसार, होसुर में मौजूदा संयंत्र के विस्तार की व्यावहारिक सीमा पूरी हो चुकी है।
ऐसे में कंपनी थल्ली रोड, होसुर में अपनी दूसरी जमीन पर एक नयी इकाई स्थापित करेगी। इस पर करीब 510 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि होसुर में मौजूदा परिचालन को नयी इकाई में एकीकृत कर स्थानांतरित किया जाएगा और यह काम वित्त वर्ष 2028-29 की पहली तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।
इसके बाद होसुर में एल्युमीनियम कास्टिंग की क्षमता मौजूदा के करीब 13,000 टन से बढ़कर अधिकतम 34,000 टन हो जाएगी। यूनो मिंडा ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने हरियाणा के खरखौदा में दोपहिया अलॉय व्हील के उत्पादन क्षमता 33 लाख इकाई सालाना वाला संयंत्र स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। इस पर 155 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया जाएगा।
परियोजना में महाराष्ट्र के सुपा में मौजूदा 20 लाख इकाई की क्षमता को खरखौदा संयंत्र में स्थानांतरित करना भी शामिल है। इसके अलावा, कंपनी ने कहा कि उसकी अनुषंगी कंपनी यूनो मिंडा क्योराकु लिमिटेड के तहत बेंगलुरु में मोल्डिंग संयंत्र के विस्तार के लिए 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया जाएगा। यूनो मिंडा के समूह मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) सुनील बोहरा ने कहा, ‘‘1,415 करोड़ रुपये के संयुक्त पूंजीगत व्यय के साथ ये विस्तार परियोजनाएं उच्च वृद्धि वाले अवसरों का लाभ उठाने और उत्पाद क्षेत्रों तथा भौगोलिक क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से विविधता लाने के लिए एक अनुशासित दृष्टिकोण को दर्शाती हैं।’’ कंपनी के प्रबंध निदेशक रवि मेहरा ने कहा कि ये परियोजनाएं यूनो मिंडा की दीर्घकालिक वृद्धि की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम हैं।
उत्तर पूर्वी Delhi में पत्नी पर ब्लेड से जानलेवा हमला, पति Majid Hussain गिरफ्तार
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में पति ने एक महिला के साथ ‘प्रेम प्रसंग’ को लेकर पत्नी के साथ हुए झगड़े के दौरान उसपर दाढ़ी बनाने वाले ब्लेड से हमला कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी माजिद हुसैन (35) को पत्नी की हत्या की कथित कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया गया है और हमले में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे सुंदर नगरी स्थित घर पर दंपति के बीच हुई कहा-सुनी के बाद हुई। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह अक्सर उससे झगड़ा और मारपीट करता है। पुलिस ने बताया कि घटना से लगभग 15 दिन पहले, बार-बार होने वाले झगड़ों के कारण वह अपने तीनों बच्चों के साथ लोनी स्थित मायके चली गई थी।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए बयान के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले, हुसैन और उसके पिता ने कथित तौर पर महिला को घर लौटने के लिए मनाया, लेकिन ससुराल आने के बाद ही पति ने फिर से झगड़ा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को हुई लड़ाई के दौरान हुसैन ने कथित तौर पर ब्लेड से पत्नी पर हमला किया, जिससे उसके मुंह और गले में कई चोटें आईं। नंद नगरी पुलिस थाना को रात करीब 11:40 बजे को सूचना मिली कि एक महिला पर उसके पति ने कथित तौर पर गर्दन पर हमला किया है।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घायल महिला को पुलिसकर्मी पहले ही राजीव गांधी अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस अस्पताल में पीड़िता से मिली, जहां उसका इलाज किया जा रहा था और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या की कोशिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और प्रकरण की जांच शुरू की गई।
उसने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए और हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल ब्लेड को बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, हुसैन का पूर्व का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










