Gurugram में महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला कार चालक Rajasthan से गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी
महिला बाइक सवार को टक्कर मारने के आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला को मंगलवार को राजस्थान के राजगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी घटना के दो दिन बाद हुई है।
आरोप है कि बैंसला की तेज रफ्तार सियाज कार ने महिला की अप्रिलिया आरएस 457 बाइक को टक्कर मार दी थी, जिससे वह सड़क पर घिसटती चली गई थी। दुर्घटना की शिकार शिवानी चौहान उर्फ सिया ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप जोड़ा।
गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त शिबास कविराज ने कहा, हमने कार चालक कल्याण बैंसला को आज राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज के विस्तृत विश्लेषण के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप जोड़ा गया है, जिसमें 10 साल तक की कैद का प्रावधान है। गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी के अनुसार, आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो में सिया ने सवाल किया कि अगर बैंसला दुर्घटना से वास्तव में परेशान था तो उसकी कार से मोटरसाइकिल को टक्कर लगने के बाद वह घटनास्थल पर क्यों नहीं रुका। बैंसला ने दावा किया था कि यह महज एक दुर्घटना थी।
सिया ने आरोप लगाया कि महिला बाइक सवार होने के कारण उसे निशाना बनाया गया और उसे रोकने की जानबूझकर कोशिश की गई। उसने दावा किया कि उसकी जान भी जा सकती थी और दुर्घटना के बाद आरोपी ने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित है या नहीं। सिया ने कहा कि बैंसला ने अपनी कार से टक्कर मारने के बाद एक सेकंड के लिए भी गाड़ी नहीं रोकी।
उन्होंने कहा, मुझे ऐसे लोगों पर शर्म आती है। दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। उसने कहा कि हिट-एंड-रन मामले से संबंधित सामने आए दोनों वीडियो पर्याप्त तौर पर इस मामले के सबूत हैं।
उसने कहा कि दुर्घटना पूरी तरह कैमरे में कैद हुई है, जिसमें कार को उसकी बाइक को टक्कर मारते और चालक को मौके से भागते हुए साफ देखा जा सकता है। सिया ने कहा कि ऐसे लोगों को गाड़ी चलाना सिखाया जाना चाहिए। पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय आरोपी हरियाणा के पलवल जिले के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है और किसान परिवार से ताल्लुक रखता है।
वह विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, हमारी टीम आरोपी को जल्द गुरुग्राम लाने के लिए रवाना हो गई है। दोपहर ढाई बजे होने वाली प्रेसवार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस बीच, पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक इंस्टाग्राम हैंडल से साझा किए गए वीडियो में कार चालक पहले सिया को रुकने का इशारा करता दिखाई देता है। जब उसने गाड़ी नहीं रोकी तो आरोपी ने कार उसकी स्पोर्ट्स बाइक की ओर मोड़ी और उसे साइड से टक्कर मार दी।
इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता ने कहा कि अब उन्हें गुरुग्राम महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं लगता। दिल्ली की रहने वाली सिया ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है और 2022 में कालकाजी से नगर निगम चुनाव भी लड़ा था। उसके पिता रोशन चौहान आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं।
जोशी ने कहा, हमने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीम गठित की गई हैं। इससे पहले सिया ने बताया था कि रविवार को घटना के समय वह बाइक सवारों के एक समूह के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थी। उसने आरोप लगाया था कि कार में सवार लोग उसके पास आए और दुर्व्यवहार करने लगे।
पत्रकारों से बातचीत में सिया ने दावा किया कि कार में कई लोग सवार थे और वे नशे में प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने कहा, कार चालक ने मेरा पीछा किया। पहले मैंने कार पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन वह तेज रफ्तार से मेरे पास से गुजरी।
कार में सवार लोगों ने मुझे इशारा किया और रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा, कार ने मुझे टक्कर मार दी, जिससे मैं गिर गई और बेहोश हो गई। जब मेरे साथ बाइक चला रहे व्यक्ति ने चालक को रोकने की कोशिश की और कहा कि रुक जाओ क्योंकि गलती उसकी थी, तो उसने कहा, नहीं, नहीं, नहीं, मेरी गलती नहीं थी।
सिया ने कहा कि बैंसला ने अपनी कार से टक्कर मारने के बाद एक सेकंड के लिए भी गाड़ी नहीं रोकी। उन्होंने कहा, मुझे ऐसे लोगों पर शर्म आती है। दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं।
बैंसला ने दुर्घटना के लिए अपनी गलती स्वीकार की है, लेकिन जानबूझकर सिया को टक्कर मारने से इनकार किया। उसने कहा कि एक यू-टर्न के पास उसकी कार का नियंत्रण खो गया था। बैंसला ने कहा, करीब 20 से 22 मोटरसाइकिल सवार मेरे पास से तेज गति से निकले।
मुझे पता नहीं था कि उनमें से एक बाइक एक युवती चला रही थी। मैंने उससे और उसके साथ मौजूद युवक से केवल बाइक धीमी करने को कहा था। मैंने उन्हें जानबूझकर टक्कर नहीं मारी।
उसने कहा, वह शीशे में पीछे देखे बिना मुड़ रही थी। तभी यू-टर्न के पास मैंने कार पर नियंत्रण खो दिया और टक्कर हो गई। यह मेरी गलती थी और मैं इसे स्वीकार करता हूं।
खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बताने वाले जिम संचालक बैंसला ने कहा कि वह इस डर से घटनास्थल से भाग गया कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट देगा। विवाद के बाद उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया है। उसने मीडिया से कहा, मैं अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था।
मैंने युवती की ओर कोई इशारा नहीं किया था, मैंने केवल उससे बाइक धीरे चलाने को कहा था। मैं स्वीकार करता हूं कि टक्कर हुई थी। अगर मैं उसी समय रुक जाता तो वे लोग हमें पीट देते।
बैंसला ने बताया कि वह अपनी बहन और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ यात्रा कर रहा था।
Ganesh Utsav पर बिना दाल भिगोए बनाएं Puran Poli, नोट करें आसान Recipe
हर जगह गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही हैं। घर-घर में श्री गणेश को स्थापित किया गया है। ऐसे में लोग अपने बप्पा के भोग के लिए तरह-तरह के मोदक और मिठाई का भोग लगा रहे हैं। गणेशोत्सव के दौरान बप्पा को हर दिन कुछ न कुछ भोग में अर्पित किया जाता है।
गणपति को प्रसन्न करने के लिए मीठी पूरन पोली बना सकती हैं। वैसे पूरन पोली बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को काफी पसंद आती है। हालांकि, इसे बनाने में काफी समय लगता है, क्योंकि चना दाल को भिगोने और फिर पकने में समय लग ही जाता है।
अगर आप दाल भिगोना भूल गए हैं, तो आपको परेशान होने की कोई जरुरत नहीं है। आप चना दाल को बिना भिगोए प्रेशर कुकर में अच्छी तरह पका सकते हैं और फिर इससे पूरन तैयार कर सकती हैं। कम समय में भी आपकी स्वादिष्ट पूरन पोली बन जाएगी। आइए आपको इसकी रेसिपी बताते हैं।
पूरन पोली बनाने की सामग्री
-पूरन के लिए चना दाल- 1 कप
-गुड़ या चीनी- 1 से 1 चौथाई कप
-इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
-जायफल पाउडर- 1 चुटकी
-आटे के लिए गेहूं का आटा- 2 कप
-नमक- 1 चुटकी
-पानी- जरूरत के अनुसार
-तेल या घी- 1 से 2 बड़े चम्मच
-सेंकने के लिए घी- जरूरत के अनुसार
पूरन पोली की बनाने की विधि
- सबसे पहले आप चना दाल को 2 से 3 बार पानी में अच्छे से धो लें। इस दाल को भिगोना नहीं है, बस सीधे प्रेशर कुकर में पकाना होगा। अब दाल में जरुरत के हिसाब से पानी डालें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें। इसे अच्छी तरह से गलने दें। दाल नरम हो जानी चाहिए। हालांकि, ज्यादा पानी न डालें।
- पकी हुई दाल को छान लें। अब बचा हुआ पानी फेंकने की जरुरत नहीं है। इसे अलग रख सकती हैं और जरुरत पड़ने पर आटा गूंथने या किसी दूसरी चीजों में इस्तेमाल कर सकती हैं।
- अब पकी हुए चाना डाल को कड़ाही में डालें। इसमें गुड़ या चीनी डालकर धीमी से मीडियम फ्लेम पर पकाएं। इसे लगातार चलाते रहें, जिससे दाल नीचे से चिपके नहीं। जब दाल का पानी सूख जाए, तो मिश्रण को गाढ़ा होते ही इसमें इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डाल दें।
- इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा न हो जाए कि आसानी से पोली के अंदर भरा जा सके। अब गैस बंद कर दें और पूरन को थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह अच्छे से ठंडा हो जाए, तो इसे अच्छी तरह से मैश कर लें या पूरन को छान लें।
- इसके बाद आटा को तैयार करें। इसके लिए आप गेहूं का आटा ले, इसमें थोड़ा-सा नमक और जरुरत के हिसाब से पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। इसमें थोड़ा तेल या घी लगाकर आटे को कुछ देर के लिए ढककर रख दें। ताकि आटा बेलने में आसानी हो।
- अब आटे की लोई लें और इसे थोड़ा-सा फैलाएं। बीच में तैयार पूरन रखें और आटे को चारों तरफ बंद कर दें। इसे हल्के हाथ से दबाकर थोड़ा बड़ा करें और सूखे आटा लगाकर इस बेल लें।
- इसके बाद तवा गर्म करें और उस तैयार पूरन पोली डाल दें। दोनों साइड से अच्छे घी लगाकर सेंक लें। इस बात का ध्यान रहे कि दोनों तरफ से यह करारी रहे।
- तैयार है आपकी इंस्टेंट पूरन पोली। इसे बप्पा को भोग में अर्पित करने के बाद परिवार के साथ प्रसाद के रुप में खा सकती हैं।
कैसे करें सर्व?
पूरन पोली को गरमा-गरम सर्व करने से इसका टेस्ट और भी कमाल का लगता है। इसके ऊपर थोड़ा-सा घी डालें और इसके बाद भगवान गणेश जी को अर्पित करें और इसके बाद परिवार के साथ प्रसाद के रुप में लें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









