'मैं बहुत छोटी थी, मुझे पता नहीं था वो शादीशुदा हैं', Govinda संग अफेयर को लेकर Neelam Kothari ने तोड़ी चुप्पी
Neelam Kothari on Affair Govinda: हिंदी सिनेमा में 80 और 90 के दशक की कई ऐसी जोड़ियां रही हैं, जिन्हें दर्शकों ने पर्दे पर खूब पसंद किया. इन्हीं में से एक जोड़ी थी गोविंदा और नीलम कोठारी की. दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला. गोविंदा और नीलम की जोड़ी ने कुल 14 फिल्मों में साथ काम किया जिसकी शुरुआत 1986 में आई फिल्म ‘लव 86’ से हुई थी.
पर्दे पर दोनों की शानदार केमिस्ट्री के बीच उस दौर में उनके कथित अफेयर की खबरें भी खूब सुर्खियां बटोरती थीं. यहां तक कहा जाता था कि गोविंदा नीलम के प्यार में इस कदर दीवाने थे कि वो उनसे शादी करने के बारे में भी सोच रहे थे. हालांकि, उस वक्त गोविंदा पहले से शादीशुदा थे. अब कई दशक बाद नीलम कोठारी ने इन चर्चाओं पर खुलकर बात की है। 56 साल की नीलम ने बताया कि जब उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर बातें हो रही थीं तब वो खुद काफी छोटी थीं. उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें उस समय पता ही नहीं था कि गोविंदा शादीशुदा हैं.
‘मुझे पता नहीं था कि वो शादीशुदा हैं’
नीलम कोठारी हाल ही में अपने पति और एक्टर समीर सोनी के साथ ‘टाइम्स नाउ’ को इंटरव्यू दे रही थीं. इसी दौरान उनसे गोविंदा के साथ उनके कथित रिश्ते और उस दौर की खबरों को लेकर सवाल किया गया. जब नीलम से पूछा गया कि क्या गोविंदा ऑफ-स्क्रीन भी उनसे प्यार करते थे, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘मैं तब बहुत छोटी थी. मुझे पता नहीं था कि वो शादीशुदा हैं. मुझे इसके बारे में बाद में पता चला.’ नीलम के इस बयान से साफ है कि जिस दौर में उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, उस समय वो खुद काफी कम उम्र की थीं और उन्हें गोविंदा की निजी जिंदगी के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी.
उस समय फिल्मों पर था नीलम का फोकस
नीलम ने बताया कि उस उम्र में उनका ध्यान रिलेशनशिप या शादी जैसी चीजों पर नहीं था. वो उस समय अपने करियर को समझने और फिल्मों में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं. उन्होंने कहा, ‘मेरा ध्यान हिंदी सीखने और फिल्मों में काम करने पर था. मैं बहुत छोटी थी और मेरे माता-पिता बहुत सख्त थे. इसलिए रिश्ता बनाना कभी कोई ऑप्शन नहीं था.’
15 साल की उम्र में किया था बॉलीवुड डेब्यू
नीलम कोठारी का जन्म हांगकांग में हुआ था. उनके पिता शिशिर कोठारी गुजराती जैन थे, जबकि उनकी मां परवीन कोठारी पारसी थीं. नीलम जब मुंबई छुट्टियां मनाने आई थीं, उसी दौरान फिल्ममेकर रमेश बहल की नजर उन पर पड़ी. इसके बाद उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका मिला. नीलम ने साल 1984 में फिल्म ‘जवानी’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था. इस फिल्म में वो टीना मुनीम के भतीजे करण शाह के साथ नजर आई थीं. उस समय नीलम की उम्र महज 15 साल थी. इतनी कम उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने की वजह से उनका परिवार भी उनके करियर को लेकर काफी सतर्क रहता था.
शूटिंग पर परिवार का कोई सदस्य रहता था साथ
नीलम ने इंटरव्यू में अपने शुरुआती करियर के दिनों को याद करते हुए बताया कि जब भी वो शूटिंग के लिए जाती थीं, तो उनके परिवार का कोई न कोई सदस्य हमेशा उनके साथ रहता था. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा इसलिए नहीं था कि उनका परिवार फिल्म इंडस्ट्री को खराब जगह मानता था. बल्कि वो उस समय काफी छोटी थीं और परिवार को उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी. नीलम ने बताया कि छोटी उम्र में फिल्म सेट पर काम करने के दौरान सभी लोग उनका बहुत ख्याल रखते थे. उनके को-स्टार्स भी उनके साथ एक बच्चे की तरह व्यवहार करते थे.
जैकी श्रॉफ और संजय दत्त रखते थे नीलम का ख्याल
नीलम के पति समीर सोनी ने भी उनके शुरुआती करियर के दिनों को लेकर एक दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि उस दौर में जैकी श्रॉफ और संजय दत्त जैसे कलाकार भी नीलम का खास ध्यान रखते थे. दरअसल, नीलम उम्र में काफी छोटी थीं और इंडस्ट्री में नई थीं. ऐसे में सीनियर कलाकार उनके साथ काफी अपनापन रखते थे. यही वजह थी कि नीलम के परिवार को भी सेट पर उनकी सुरक्षा को लेकर कुछ हद तक भरोसा रहता था.
‘मैं पुरानी बातें पकड़कर नहीं रखता’
नीलम के साथ इंटरव्यू में उनके पति समीर सोनी भी मौजूद थे. जब गोविंदा के साथ नीलम के कथित रिश्ते और उस दौर की चर्चाओं को लेकर सवाल किया गया, तो समीर ने काफी सहज अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर कोई बात कई साल पहले हुई हो या नहीं हुई हो, तो वो उन चीजों को लेकर बैठने वाले इंसान नहीं हैं. उनके लिए अतीत की ऐसी बातें कोई मायने नहीं रखतीं. समीर का कहना था कि उन्हें अगर किसी ऐसी बात की जानकारी ही नहीं थी जो दशकों पहले हुई हो या नहीं हुई हो, तो वो उसे अपने मन में कैसे रख सकते हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







.jpg)
