ipl auction 2027: IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी तीन साल बाद भारत लौट रही है। IPL के चेयरमैन अरुण धूमल ने बताया कि आगामी मिनी ऑक्शन भारत में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 2024 में दुबई, 2025 में जेद्दा और 2026 में अबू धाबी में नीलामी हुई थी। हालांकि, 2027 ऑक्शन के लिए भारत में किस शहर को वेन्यू बनाया जाएगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
शादी के सीजन की वजह से विदेश में हुआ ऑक्शन अरुण धूमल ने PTI से बातचीत में बताया कि BCCI हर साल ऑक्शन भारत में कराने की कोशिश करता है, लेकिन शादी के सीजन के दौरान वेन्यू उपलब्ध नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि इस बार ऑक्शन छोटा होगा, इसलिए उम्मीद है कि भारत में उपयुक्त जगह मिल जाएगी।
धूमल 18 सितंबर को होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में IPL चेयरमैन के पद पर दोबारा चुने जाने वाले हैं। ऑक्शन किस शहर में होगा, इसका फैसला BCCI के पसंदीदा वेन्यू की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
Impact Player Rule पर भी फैसला संभव IPL 2027 से पहले Impact Player Rule को लेकर भी बड़ा फैसला हो सकता है। हाल ही में IPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस नियम पर चर्चा हुई और BCCI ने फ्रेंचाइजियों से एक बार फिर उनकी राय मांगी है।
फिलहाल यह नियम 2027 सीजन तक लागू रहने वाला है, लेकिन BCCI अब इसे रिव्यू करने के लिए तैयार है। अरुण धूमल ने कहा कि इस मामले पर सभी स्टेकहोल्डर्स से फीडबैक लिया जाएगा और इसके बाद फैसला किया जाएगा।
Impact Player Rule के तहत टीम मैच के दौरान किसी भी समय एक खिलाड़ी को दूसरे खिलाड़ी से रिप्लेस कर सकती है। हालांकि, इस नियम को लेकर कई बड़े खिलाड़ियों ने आपत्ति जताई है। भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों ने इस नियम पर अपनी चिंता जाहिर की है। खिलाड़ियों की प्रमुख दलील है कि इससे विशेषज्ञ ऑलराउंडरों की भूमिका कमजोर होती है। IPL 2026 से पहले भी ज्यादातर कप्तानों ने BCCI के सामने Impact Player Rule को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही नियम को खत्म करने की मांग फिर तेज हुई है।
इस बीच खैरुल मजूमदार भी BCCI AGM के दौरान IPL गवर्निंग काउंसिल में दोबारा चुने जाने वाले हैं।