IPL 2027 Auction: अरुण धूमल का बड़ा अपडेट, जानें इस बार कहां होगी खिलाड़ियों की नीलामी
ipl auction 2027: IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी तीन साल बाद भारत लौट रही है। IPL के चेयरमैन अरुण धूमल ने बताया कि आगामी मिनी ऑक्शन भारत में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 2024 में दुबई, 2025 में जेद्दा और 2026 में अबू धाबी में नीलामी हुई थी। हालांकि, 2027 ऑक्शन के लिए भारत में किस शहर को वेन्यू बनाया जाएगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
शादी के सीजन की वजह से विदेश में हुआ ऑक्शन
अरुण धूमल ने PTI से बातचीत में बताया कि BCCI हर साल ऑक्शन भारत में कराने की कोशिश करता है, लेकिन शादी के सीजन के दौरान वेन्यू उपलब्ध नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि इस बार ऑक्शन छोटा होगा, इसलिए उम्मीद है कि भारत में उपयुक्त जगह मिल जाएगी।
धूमल 18 सितंबर को होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में IPL चेयरमैन के पद पर दोबारा चुने जाने वाले हैं। ऑक्शन किस शहर में होगा, इसका फैसला BCCI के पसंदीदा वेन्यू की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
Impact Player Rule पर भी फैसला संभव
IPL 2027 से पहले Impact Player Rule को लेकर भी बड़ा फैसला हो सकता है। हाल ही में IPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस नियम पर चर्चा हुई और BCCI ने फ्रेंचाइजियों से एक बार फिर उनकी राय मांगी है।
फिलहाल यह नियम 2027 सीजन तक लागू रहने वाला है, लेकिन BCCI अब इसे रिव्यू करने के लिए तैयार है। अरुण धूमल ने कहा कि इस मामले पर सभी स्टेकहोल्डर्स से फीडबैक लिया जाएगा और इसके बाद फैसला किया जाएगा।
Impact Player Rule के तहत टीम मैच के दौरान किसी भी समय एक खिलाड़ी को दूसरे खिलाड़ी से रिप्लेस कर सकती है। हालांकि, इस नियम को लेकर कई बड़े खिलाड़ियों ने आपत्ति जताई है। भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों ने इस नियम पर अपनी चिंता जाहिर की है। खिलाड़ियों की प्रमुख दलील है कि इससे विशेषज्ञ ऑलराउंडरों की भूमिका कमजोर होती है। IPL 2026 से पहले भी ज्यादातर कप्तानों ने BCCI के सामने Impact Player Rule को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही नियम को खत्म करने की मांग फिर तेज हुई है।
इस बीच खैरुल मजूमदार भी BCCI AGM के दौरान IPL गवर्निंग काउंसिल में दोबारा चुने जाने वाले हैं।
WPL 2027: तारीखों का ऐलान हुआ, 14 जनवरी से शुरू होगा घमासान; 28 अक्टूबर को ऑक्शन
Womens Premier League: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीजन की तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने WPL 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट का पांचवां सीजन 14 जनवरी से शुरू होगा और 7 फरवरी 2027 तक चलेगा। यानी नए साल की शुरुआत महिला क्रिकेट के बड़े मुकाबलों के साथ होगी।
टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी पांच फ्रेंचाइजी को 28 सितंबर तक अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जमा करनी होगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को कोच्चि में खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इस बार मेगा ऑक्शन नहीं, बल्कि मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।
पिछले सीजन के मेगा ऑक्शन में दिल्ली में कुल 73 स्लॉट भरे गए थे। अब टीमों को अपनी जरूरत के हिसाब से कुछ खाली स्लॉट भरने का मौका मिलेगा। WPL की एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं और हर फ्रेंचाइजी के पास 15 करोड़ रुपये का सैलरी कैप होगा। खास बात यह है कि खिलाड़ियों को रिटेन करने की संख्या पर कोई सीमा नहीं है।
पिछले साल के मेगा ऑक्शन में दीप्ति शर्मा सबसे महंगी खिलाड़ी रही थीं। उन्हें यूपी वॉरियर्ज ने 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुंबई इंडियंस ने Melie Kerr को 3 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था, जबकि शिखा पांडे के लिए यूपी वॉरियर्ज ने 2.4 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
मिनी ऑक्शन की बात करें तो WPL 2024 में काशवी गौतम पर गुजरात जायंट्स ने 2 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। वह मिनी ऑक्शन में सबसे महंगी खिलाड़ी बनी थीं। इसके बाद 2025 के ऑक्शन में यूपी वॉरियर्ज ने सिमरन शेख को 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था।
Royal Challengers Bengaluru WPL की मौजूदा चैंपियन है। टीम ने 2024 में भी खिताब जीता था। वहीं दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में बदलाव की संभावना है। लिसा कीटली को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में नेशनल डेवलपमेंट लीड की जिम्मेदारी मिलने के बाद टीम को नया हेड कोच तलाशना पड़ सकता है।
उधर, यूपी वॉरियर्ज ने भी अपने सपोर्ट स्टाफ को मजबूत किया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर नीतू डेविड को टीम का चीफ स्काउट नियुक्त किया गया है। उन्होंने बंगाल के ऑलराउंडर राजीव दत्ता की जगह ली है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi









