MP News: PM मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में जलेंगे 58 लाख दीप, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर उज्जैन के महाकाल महालोक सहित पूरे प्रदेश में 58 लाख आशीर्वाद के दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसी दिन से प्रदेश में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी होगी।
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन में सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों के प्रति प्रदेशवासियों के आभार का प्रकटीकरण बताया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा अब 25 वर्ष के महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है।
महाकाल महालोक से पूरे प्रदेश तक जलेंगे आशीर्वाद के दीप
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर होने वाले कार्यक्रमों में उज्जैन का महाकाल महालोक प्रमुख केंद्र रहेगा। इसके साथ प्रदेशभर में कुल 58 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की अपनी यात्रा में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को प्राथमिकता दी है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में पद को सेवा का माध्यम माना है और इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।
गरीब कल्याण से लेकर युवाओं तक, CM ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी योजनाओं को गरीब कल्याण से जोड़ा। उन्होंने स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों को युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने वाला बताया।
स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में बदलाव को गति दी है। महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
मध्य प्रदेश को लेकर भी सामने रखा सरकार का रिपोर्ट कार्ड
प्रधानमंत्री मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा यात्रा के साथ मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार के कामकाज का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक प्रदेश में 85 हजार से ज्यादा युवाओं को शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं और सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में हर साल एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लाड़ली बहना योजना, कृषक कल्याण वर्ष और ग्रामीण क्षेत्र में कृषि भूमि के भू-अर्जन पर बाजार दर का चार गुना मुआवजा देने के फैसले का उल्लेख किया। सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए किए जा रहे कामों को भी सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।
निवेश प्रस्तावों से मेट्रोपॉलिटिन रीजन तक का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को अब तक करीब 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश को एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश लाने वाला देश का तीसरा राज्य बताया।
सीएम ने रीवा, दतिया और सतना एयरपोर्ट, केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना का भी उल्लेख किया। इसके साथ इंदौर-उज्जैन-देवास-धार और भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा मेट्रोपॉलिटिन क्षेत्रों की दिशा में चल रहे काम को प्रदेश के भविष्य के विकास से जोड़ा।
मुख्यमंत्री के बयान में समान नागरिक संहिता, नए नियमों के तहत वक्फ बोर्ड के गठन और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश वर्ष 2030 तक अपनी ऊर्जा खपत का 50 प्रतिशत नवीकरणीय स्रोतों से पूरा करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए सेवा और सुशासन की भावना को आगे बढ़ाना है। अभियान के तहत प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण की दिशा में काम कर रही है।
Ladli Behna Yojana: 13 सितंबर को आएगी 40वीं किस्त, CM मोहन यादव आगर मालवा से 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में भेजेंगे 1,835 करोड़ रुपये
भोपाल: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के लिए सितंबर की किस्त का इंतजार रविवार को खत्म होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।
सितंबर की किस्त में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से आर्थिक सहायता मिलेगी। इस भुगतान के बाद योजना शुरू होने से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में महिलाओं के खातों में पहुंची कुल राशि बढ़कर 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।
₹1,000 से शुरू हुई थी योजना, अब मिल रहे ₹1,500
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 में राशि 250 रुपये बढ़ाकर 1,250 रुपये की गई और नवंबर 2025 से इसमें फिर 250 रुपये की बढ़ोतरी के बाद मासिक सहायता 1,500 रुपये हो गई।
योजना में उन पात्र महिलाओं के लिए भी व्यवस्था है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत हर महीने 900 रुपये मिलते हैं। ऐसी महिलाओं को प्रावधान के मुताबिक अंतर की राशि दी जा रही है।
अब तक मिल चुकी हैं 39 नियमित किस्तें
जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान हो चुका है। 13 सितंबर को मिलने वाली राशि 40वीं किस्त होगी। इसके अलावा अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में रक्षाबंधन के मौके पर लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई।
जून 2023 से अगस्त 2026 तक नियमित किस्तों के जरिए 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंच चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक योजना पर 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि पूरे वित्तीय वर्ष के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
आगर मालवा को विकास कार्यों की भी सौगात
लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28.14 करोड़ रुपये के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News






