रायसेन जेल गोलीकांड का LIVE VIDEO:कट्टा लहराते प्रहरी के पास पहुंचा कैदी; फायरिंग के बाद सिर पर दो वार किए; आंखों में मिर्ची डाली
रायसेन जिला जेल में 2 सितंबर को प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को गोली मारकर भागने की कोशिश का करीब दो मिनट का वीडियो 9 दिन बाद सामने आया है। वीडियो में हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में विचाराधीन आरोपी निलेश उर्फ छोटेल पहले प्रहरी से चाबी को लेकर बातचीत करता है। फिर कट्टा लहराते हुए उसके पास पहुंचता है। प्रहरी के विरोध करने पर दोनों के बीच झूमाझटकी होती है। इसी दौरान निलेश गोली चला देता है। गोली लगने से प्रहरी जमीन पर गिर जाते हैं। इसके बाद निलेश उनके सिर पर कट्टे से दो वार करता है और आंखों में मिर्ची डाल देता है। वह जेल से बाहर निकलने के लिए चाबी तलाशता है। घायल होने के बावजूद प्रहरी निलेश को पकड़ लेते हैं। इसके बाद अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लेते हैं। चार तस्वीरें देखिए… पहले चाबी को लेकर बातचीत, फिर प्रहरी को मारी गोली सीसीटीवी फुटेज में निलेश पहले प्रहरी दिग्विजय सिंह से चाबी को लेकर बातचीत करता दिखाई देता है। इसके बाद दिग्विजय अंदर चले जाते हैं। कुछ देर बाद निलेश बाहर आकर भागने के लिए चाबी तलाशने लगता है। इसी दौरान दिग्विजय भी बाहर आते हैं। दोनों के बीच कहासुनी होती है। इसके बाद निलेश प्रहरी को गोली मार देता है। गोली लगते ही दिग्विजय जमीन पर गिर जाते हैं। निलेश उनके सिर पर कट्टे से दो बार वार करता है। इसके बाद जेब से मिर्ची निकालकर दिग्विजय की आंखों में डाल देता है। वह फिर चाबी तलाशने लगता है। महिला कर्मचारी ने उठाया कट्टा, घायल प्रहरी ने निलेश को पकड़ा इसी दौरान एक महिला कर्मचारी बाहर आती है और जमीन पर पड़ा कट्टा उठा लेती है। घायल होने के बावजूद दिग्विजय निलेश को पकड़ लेते हैं। जेल के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचते हैं और निलेश को पकड़ लेते हैं। पुलिस के मुताबिक, झूमाझटकी के दौरान निलेश के पास से देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन नीचे गिर गए थे। जेल से भागने की साजिश, 19 अगस्त को पहुंचाया था कट्टा पुलिस जांच में सामने आया है कि निलेश ने जेल से भागने की साजिश रची थी। रिमांड पर पूछताछ में पता चला कि जेल के अंदर कट्टा और कारतूस पहुंचाने की योजना पहले ही बनाई गई थी। हथियार जेल की बाहरी दीवार के पास तय जगह पर पैकेट में फेंककर अंदर पहुंचाया गया था। पुलिस के अनुसार, निलेश करीब 11 महीने से रायसेन जेल में बंद था। वह पठारी के नेपाल सिंह की हत्या के मामले में विचाराधीन था। इससे पहले बरेली के राजकुमार राजपूत की हत्या के मामले में उसे सजा हो चुकी है। जेल में निलेश की राहुल बेदी से दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, निलेश ने राहुल से जेल से भागने के लिए हथियार की व्यवस्था कराने को कहा। राहुल ने बताया कि वह जिलाबदर है और खुद हथियार अंदर नहीं पहुंचा सकता। इसके बाद उसने अपने दोस्त शुभम बेदी के जरिए कट्टा पहुंचाने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को निलेश के मामा सुपियार सिंह ने शुभम बेदी को कट्टा और कारतूस दिए। शुभम ने जेल के बाहर से तय स्थान पर एक पैकेट अंदर फेंका। निलेश ने पैकेट उठाया। उसमें 315 बोर का देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस थे। उसने हथियार और कारतूस जेल के अंदर छिपा दिए और भागने के मौके का इंतजार करने लगा। अधीक्षक के छुट्टी पर होने की जानकारी के बाद भागने की कोशिश पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को जेल अधीक्षक के छुट्टी पर होने की जानकारी मिलने के बाद निलेश ने भागने की कोशिश की। वह फल खाने का बहाना बनाकर जेल के मेन गेट के पास पहुंचा। उसने प्रहरी दिग्विजय सिंह को कट्टा दिखाकर ताला खोलने के लिए कहा। प्रहरी ने विरोध किया तो दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। इसी दौरान निलेश ने फायर कर दिया। गोली दिग्विजय को लगी। आवाज सुनकर जेल का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा और निलेश को पकड़ लिया। VIDEO सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद सामने आया घटना का यह सीसीटीवी फुटेज जेल विभाग से जुड़े दूसरे जिले के कर्मचारी विजय के सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए जाने के बाद सामने आया। जेल का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील और गोपनीय माना जाता है। फुटेज सार्वजनिक होने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी रिकॉर्ड की गोपनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। कार्यवाहक जेल अधीक्षक निलंबित, चार आरोपी नामजद घटना के बाद कार्यवाहक जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक मामले में निलेश उर्फ छोटेल पिता निर्भय सिंह (38), राहुल बेदी पिता रतन सिंह बेदी (27) और शुभम बेदी पिता भंवरलाल बेदी (26) आरोपी हैं। तीनों वर्तमान में जेल में निरुद्ध हैं। राहुल बेदी और शुभम बेदी को कोतवाली पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। निलेश का मामा सुपियार सिंह पिता भाईजी पुरवीया (55), निवासी किबली थाना बरेली, फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… रायसेन जेल गोलीकांड: आरोपी ने भागने की रची साजिश थी रायसेन जिला जेल में 2 सितंबर को प्रहरी को गोली मारकर भागने की कोशिश के मामले में पुलिस ने सोमवार शाम जेल से फरार होने की कथित साजिश का खुलासा किया है। पूरी खबर पढ़ें...
शिवपुरी में चलती कार में लगी आग, सवारों ने कूदकर बचाई जान, गाड़ी पूरी तरह खाक
शिवपुरी के एनएच 46 पर चलती कार में आग लगने की जानकारी सामने आई है। ये घटना भैंसोंरा गांव के पास हुई है। अचानक से चलती हुई कार में आग लग गई। जैसे ही चालक ने आग की लपटे उठती हुई देखी तुरंत ही सड़क किनारे गाड़ी को रोका। कर में दो लोग सवार थे दोनों बाहर निकले, जिससे उनके साथ कोई हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक देखते ही देखते सड़क किनारे खड़ी हुई कार पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई और कुछ देर में जलकर खाक हो गई। यह घटना रात 8 बजे की बताई जा रही है।
चलती कार ने पकड़ी आग
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के रहने वाले प्रेम गुप्ता और देव करारा अपनी कार से मेडिकल से जुड़ा हुआ सामान लेने के लिए इंदौर जा रहे थे। यह दोनों जैसे ही भैंसोरा गांव पहुंचे। अचानक कर से आग की लपटे निकलने लगी। यह देखते ही दोनों तुरंत कार से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। घटना में दोनों कार सवार सुरक्षित है लेकिन उनकी गाड़ी पूरी तरह से चलकर खाक हो चुकी है। आज कैसे लगी फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डायवर्ट किया ट्रैफिक
जैसे ही हाईवे पर गाड़ी में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। वैसे ही सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यातायात प्रभावित न हो इसलिए पुलिस में अन्य वाहनों को दूसरी लेन से निकाला। मोहना से मौके पर फायर ब्रिगेड बुलवाई गई, काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Mp Breaking News






