Bihar Flood: 14 जिलों में नदियां उफान पर, 44 लाख लोग घिरे
बिहार के 14 जिलों में बाढ़ से लगभग 44 लाख लोग प्रभावित हैं और गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि भागलपुर जिले में बाढ़ के कारण एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच व्यक्तियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण नदियां और जलधाराएं उफान पर हैं। भागलपुर जिले के बाइपास थाना क्षेत्र के कोइली खुटाहा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय और बक्सर शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में अब तक राज्य में 90 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक है।
इस बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वैशाली जिले के राघोपुर स्थित अपने विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी ममता चौधरी ने मुख्यमंत्री के गृह जिले मुंगेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की।
उन्होंने सामुदायिक रसोई का निरीक्षण कर राहत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उनके दौरे के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई, हालांकि ‘पीटीआई भाषा’ उनकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। इस संबंध में भाजपा का कोई नेता टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सका।
आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) के अनुसार, विभिन्न जिलों में लगातार बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर वे खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। विभाग के बयान के मुताबिक, पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया और अररिया जिलों के 85 प्रखंडों की 527 ग्राम पंचायतों में लगभग 43.64 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सितंबर में अब तक राज्य में 83.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक है।
डीएमडी के बुलेटिन के अनुसार, भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह छह बजे 36.72 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 2.22 मीटर ऊपर है। हालांकि, जलस्तर स्थिर बना हुआ है। गंडक नदी डुमरिया घाट, कोसी नदी बलतारा और कुरसेला, बूढ़ी गंडक खगड़िया तथा गंगा नदी दीघा, गांधी घाट, हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव और मुंगेर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
पुनपुन नदी श्रीपालपुर, बागमती बेनीबाद तथा घाघरा नदी दरौली और गंगपुर सिसवन में भी खतरे के स्तर से ऊपर है। विभाग ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न जिलों में 951 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा 15 राहत शिविरों में 11,255 बाढ़ पीड़ितों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अब तक प्रभावित लोगों के बीच 2.57 लाख पॉलीथीन शीट और 40,600 सूखा राशन पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 1,932 नाव संचालित की जा रही हैं, जबकि 6,692 क्विंटल पशु चारा भी वितरित किया गया है। बयान के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह छह बजे गंडक बैराज से 77,600 क्यूसेक, कोसी बैराज से 1,40,240 क्यूसेक और इंद्रपुरी बैराज (सोन नदी) से 72,095 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया।
तीनों स्थानों पर प्रवाह की स्थिति स्थिर बनी हुई है। संभावित बाढ़ और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को देखते हुए राज्य के विभिन्न जिलों में 27 एसडीआरएफ और 10 एनडीआरएफ टीम की तैनाती की गई है। बिहार मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
Gonda में सोशल मीडिया विवाद पर बर्तन व्यापारी की हत्या, Police ने 2 आरोपियों को पकड़ा
गोंडा (उप्र) 10 सितंबर गोंडा जिले में बुधवार रात दुकान से घर लौट रहे 45 वर्षीय एक व्यापारी पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया तथा अगले दिन उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस घटना से राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है।
हत्या के विरोध में भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी और विपक्षी समाजवादी पार्टी के नेता एक साथ आ गए हैं। पुलिस ने मामले में नामजद 10 आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर हुई रंजिश सामने आई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि परसपुर थानाक्षेत्र के रेक्सड़िया गांव के विनोद कुमार साहनी (45) शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे तथा बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। राय के अनुसार लल्लन यादव की दुकान के पास पहुंचते ही चार मोटरसाइकिल से आए 10 लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि विनोद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े जिसके बाद हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान विनोद ने तीन हमलावरों को पहचान लिया था। पुलिस का कहना है कि परिजन गंभीर हालत में विनोद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज, गोंडा भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। राय ने बताया कि विनोद की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह, आकाश सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ पहले जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। व्यापारी की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ाई गई है।
राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विनोद और आरोपियों के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने शुभम सिंह उर्फ गोलू और सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। इस हत्या के विरोध में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के पोस्टमार्टम गृह में विरोध प्रदर्शन हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप के साथ धरने पर बैठे।
मौत की खबर मिलने के बाद केजीएमयू के पोस्टमार्टम गृह पहुंचे निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने पारसपुर के थानाध्यक्ष , शाहपुर पुलिस चौकी प्रभारी और मामले से जुड़े अन्य कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग की। निषाद ने मीडिया से कहा, अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो हम 11 सितंबर को गोंडा में पुलिस अधीक्षक के घर और ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की। इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साहनी की हत्या की उच्च-स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की। यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि गोंडा में सपा से जुड़े हुए बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश में अपराध एवं अराजकता के चरम पर है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi





