विकास और आस्था के समन्वय से हो समाधान: उमा भारती ने उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर पर सीएम डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर के मामले में समाधान निकालने का आग्रह किया है। उन्होंने सुझाव दिया है कि विकासकार्यों के साथ आस्था का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
पत्र में उमा भारती ने लिखा है कि मुख्यमंत्री स्वयं उज्जैन के हैं और उज्जैन शहर तथा वहां के धार्मिक स्थानों की गरिमा को वे किसी से बेहतर समझते हैं। उन्होंने कहा कि खड़े हनुमान मंदिर का समाधान मुख्यमंत्री स्वयं भी सोच रहे होंगे।
उमा भारती ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे पत्र में भोपाल का उदाहरण देते हुए कहा है कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार के समय कमलापति पार्क के आगे सड़क चौड़ीकरण हुआ था और उस दौरान मस्जिद को छुआ तक नहीं गया। तब पूरा प्लान बदलकर सड़क बनाई गई थी, क्योंकि सरकार विकास और आस्था को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा है कि यही समाधान उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर का भी हो सकता है।
क्या है मामला
उज्जैन में आगामी सिंहस्थ की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस परियोजना में सड़क को लगभग 9 मीटर से 15 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है। इसी क्रम में इस मार्ग पर स्थित लगभग 150-200 साल पुराने खड़े हनुमान मंदिर का बाहरी ढांचा, दीवारें और शिखर हटाया जा चुका है। हालांकि 8 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा अपनी जगह पर बनी हुई है।
भक्तों और स्थानीय लोगों का कहना है कि हनुमान प्रतिमा को हटाने के कई प्रयास हुए लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि प्रतिमा को हटाने या विस्थापित करने का कोई प्रयास मशीन या अन्य तरीके से नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर फैली ऐसी खबरें भ्रामक हैं।
प्रशासन ने IIT इंदौर और अन्य विशेषज्ञों की टीम से प्रतिमा की संरचनात्मक स्थिति, मिट्टी और तकनीकी पहलुओं की जांच करवाई है। अधिकारियों ने कहा है कि विशेषज्ञों की वैज्ञानिक और तकनीकी रिपोर्ट तथा संत समाज की सहमति के बिना कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ की तैयारियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उज्जैन की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, भक्तों और संतों ने प्रतिमा को यथास्थान रखने की मांग की है। कुछ लोगों ने ये चेतावनी भी दी है कि प्रशासन द्वारा प्रतिमा को हटाने की कोशिश नहीं की जाए। संत समाज का कहना है कि जब हनुमान जी स्वयं नहीं हटना चाहते तो प्रशासन को जबरदस्ती नहीं करनी चाहिए। इस बीच अब उमा भारती ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उचित समाधान निकालने की मांग की है।
देवास में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, दूध-पनीर-घी के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे, नष्ट कराईं एक्सपायरी कोल्ड्रिंक की बोतलें
देवास: मध्यप्रदेश में आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में देवास में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, पनीर एवं घी के नमूने लिए गए हैं।
बता दें कि देवास में खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुरुवार को उज्जैन रोड स्थित दूध डेयरियों का निरीक्षण किया। उज्जैन से आई चलित खाद्य प्रयोगशाला की मदद से करीब छह डेयरियों में दूध की रैपिड किट के जरिए जांच की गई। इस दौरान एक डेयरी के दूध में गड़बड़ी की आशंका सामने आने पर टीम ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा।
बता दें कि टीम ने संदिग्ध दूध के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भोपाल भेज दिया है। जानकारी अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार हरिओम ठाकुर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि जांच के दौरान ज्यादातर दुकानों पर दूध तय मानकों के अनुरूप मिला।
दूध, पनीर और घी के नमूने लिए, सैंपल भोपाल भेजे
इसके अलावा तहसीलदार हाटपिपल्या दीपाली जाधव एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा हाटपिपल्या स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान तंवर स्वीट्स एण्ड डेयरी, हाटपिपल्या, देवास से दूध, पनीर एवं घी के नमूने तथा महादेव दूध डेयरी, हाटपिपल्या, जिला देवास से दूध का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
एक्सपायरी कोल्ड्रिंक की बोतलें नष्ट कराईं
इसके साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब द्वारा देवगढ़ चौराहा स्थित सेंधव स्वीट्स एवं राजस्थान स्वीट्स में खाद्य पदार्थ तलने में उपयोग किए जा रहे तेल की मौके पर जांच की गई। उदावत रेस्टोरेंट में भी खाद्य पदार्थ तलने वाले तेल की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान उदावत रेस्टोरेंट से लगभग 500 मिलीलीटर क्षमता वाली 30 से 35 एक्सपायरी कोल्ड्रिंक्स की बोतलों को नष्ट कराया गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News






.jpg)

