NIA ने Saharanpur PNB करेंसी चेस्ट से जुड़े 17.29 करोड़ के जाली नोट मामले में बैंककर्मी को पकड़ा
नयी दिल्ली, आठ सितंबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट में जाली नोटों से जुड़े षड्यंत्र के मामले में बैंक कर्मचारी अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बैंक में करेंसी चेस्ट (मुद्रा रखने का स्ट्रांग रूम) प्रबंधक के पद पर तैनात अमित कुमार इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार था।
एनआईए की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 26 अगस्त 2026 को सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाने को पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये मूल्य के जाली भारतीय नोट बरामद होने की सूचना मिली थी। बयान के अनुसार, जांच के दौरान इस मामले में अमित कुमार समेत बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। अन्य दो कर्मचारियों में वरिष्ठ मंडलीय प्रबंधक रवि कुमार कसे और करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा शामिल हैं।
यह मामला शुरुआत में उत्तर प्रदेश पुलिस ने दर्ज किया था, जिसे तीन सितंबर को एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया। एनआईए ने कहा, ‘‘पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने और सह-आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।
RSS March पर Jadavpur University के चार गेट बुधवार को रहेंगे बंद
कोलकाता, आठ सितंबर यादवपुर विश्वविद्यालय ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मार्च के दौरान अपने चार मुख्य द्वार बंद रखने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक नोटिस में यह जानकारी दी गई। नोटिस के मुताबिक, नौ सितंबर को शाम चार बजे से गेट नंबर दो, तीन, चार और पांच बंद रहेंगे।
साथ ही, छात्रों, शिक्षकों और गैर शिक्षण कर्मचारियों को आने-जाने के लिए गेट नंबर एक का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यह नोटिस इसलिए जारी किया गया क्योंकि मार्च के दौरान राजा सुबोध चंद्र मलिक रोड का एक हिस्सा कुछ समय के लिए बंद रहेगा और जो द्वार बंद किए जाएंगे वे इसी मार्ग पर स्थित हैं। आरएसएस बुधवार को गोलपार्क से यादवपुर 8बी बस अड्डे तक ‘गेरुआ सम्मान मार्च’ निकालने वाला है।
यह मार्च अपराह्न तीन बजे शुरू होगा और उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि द्वार बंद करने का फैसला सिर्फ मार्ग बंद होने की वजह से लिया गया है और इसका किसी दूसरी घटना से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारी ने कहा, ‘‘चूंकि राजा सुबोध चंद्र मलिक मार्ग का एक हिस्सा बंद रहेगा इसलिए सड़क की ओर मौजूद द्वार भी बंद रहेंगे।
इसका किसी दूसरी घटना से कोई संबंध नहीं है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







