Responsive Scrollable Menu

मिर्जापुर ने 4 दिन में कमाए ₹154 करोड़:अल्फा, कॉकटेल-2 पीछे, साल की 8वीं सबसे बड़ी फिल्म बनी; सोमवार की कमाई में सलमान, रणबीर की फिल्में पछाड़ीं

गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने पहले सोमवार को देश में ₹16 करोड़ की नेट कमाई की। इसके साथ फिल्म का 4 दिन में भारत में नेट कलेक्शन ₹109.75 करोड़ और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹154.05 करोड़ हो गया है। महज 4 दिनों में ही ये फिल्म इस साल की 8वीं हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन चुकी है। इसने अल्फा और कॉकटेल 2 जैसी फिल्मों को पीछे कर दिया। फिल्म ने पहले सोमवार की कमाई में सलमान खान की ‘सुल्तान’, ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1 शिवा’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ चार दिन में 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। मिर्जापुर ने बनाया रिकॉर्ड फिल्म महज 4 दिनों में 2026 की 8वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। इसने अल्फा और कॉकटेल-2 जैसी फिल्मों से ज्यादा कमाई कर ली है। मौजूदा कमाई देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि ये जल्द ही अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल और आवारापन 2 से भी ज्यादा कमाई कर सकती है। सोमवार को 10,570 शोज में 38.8% ऑक्यूपेंसी सोमवार को ‘मिर्जापुर’ के 10,570 शोज में 38.8% सीटों पर दर्शक नजर आए। वहीं, भक्ति ड्रामा ‘हनुमान अंश’ के 7,343 शोज में 36.0% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। ‘हनुमान अंश’ ने सोमवार को अपने 32वें दिन ₹10 करोड़ कमाए। पहले सोमवार को ₹16 करोड़ की नेट कमाई सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने अपने पहले सोमवार यानी रिलीज के चौथे दिन देश में ₹16 करोड़ की नेट कमाई की। ओपनिंग डे की तुलना में यह 37.86% की गिरावट है। हालांकि वीकडे के लिहाज से कमाई बेहतरीन हुई है। आमतौर पर पहले दिन की तुलना में पहले कामकाजी सोमवार को कमाई 40% तक गिरती है। पहले सोमवार की कमाई में कई फिल्मों को पीछे छोड़ा देश में अब तक पहले सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 39वें नंबर पर है। हालांकि, इसने रणबीर कपूर की ‘ऐ दिल है मुश्किल’ की ₹15.65 करोड़ की कमाई को पीछे छोड़ा है। फिल्म ने सलमान खान की ‘सुल्तान’ की ₹15.54 करोड़, ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1 शिवा’ की ₹15.10 करोड़ और विवेक अग्निहोत्री की ‘द कश्मीर फाइल्स’ की ₹15.05 करोड़ की पहले सोमवार की कमाई को भी पछाड़ दिया है। विदेशी बाजार से 4 दिन में ₹22.50 करोड़ इस गैंगस्टर-एक्शन-ड्रामा को विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने चौथे दिन ओवरसीज मार्केट में ₹2.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई की। विदेशी बाजार से 4 दिन में कुल ₹22.50 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन हुआ है। भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹154.05 करोड़ तक पहुंच गया है। गाने के चलते विवादों में है फिल्म राजस्थानी रैपर और कलाकार रैपरिया बालम के गाने ‘शूरवीर’ को ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में इस्तेमाल करने पर विवाद हो गया था। रैपरिया बालम ने वीडियो जारी कर दावा किया था कि फिल्म में गाना उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल किया गया। विवाद के बीच गाने के म्यूजिक लेबल ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने बयान जारी कर कहा है कि उसने ‘शूरवीर’ को फिल्म में इस्तेमाल करने के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को आधिकारिक लाइसेंस दिया था। ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने अपने बयान में लिखा, “ट्रूपर रिकॉर्ड्स यह साझा करते हुए खुश है कि ‘शूरवीर’ को ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में इस्तेमाल करने के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को आधिकारिक तौर पर लाइसेंस दिया गया था। एक्सेल एंटरटेनमेंट और पूरी मिर्जापुर टीम को रिलीज पर बधाई।” लेबल ने इसी बयान में गाने के क्रेडिट भी साझा किए। इसमें रैपरिया बालम को ‘शूरवीर’ का गायक और कंपोजर बताया गया है। क्या था गाने पर विवाद? मिर्जापुरः द फिल्म 4 सितंबर को रिलीज हुई। फिल्म में शूरवीर गाना दिखाया गया। इसके बाद राजस्थानी सिंगर रैपरिया बालम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया कि ये गाना उनका है, जिसे बिना इजाजत इस्तेमाल किया गया। रैपर के मुताबिक, फिल्म में गाना मारधाड़ और गोलियां चलाने वाले सीन में इस्तेमाल हुआ, जिससे उनके राज्य की छवि खराब हुई। जबकि ये गाना उन्होंने महाराणा प्रताप पर बनाया था। वीडियो में उन्होंने कहा, “आप में से कुछ लोग पूछ सकते हैं कि मेरा दिल क्यों टूटा है। आप कह सकते हैं कि मुझे खुश होना चाहिए, क्योंकि मेरा गाना मिर्जापुर में है। लेकिन मिर्जापुर की टीम ने मेरा गाना इस्तेमाल करने के लिए मेरी अनुमति नहीं ली। उन्हें अनुमति किसने दी? मैंने तो नहीं दी।” उन्होंने आगे कहा, “यह गाना महाराणा प्रताप जी को समर्पित है। हम इस गाने का इस्तेमाल फिल्म के विलेन का महिमामंडन करने के लिए कर रहे हैं। क्या यह सही है? अगर मिर्जापुर की टीम मेरे पास आती और कहती कि ‘रैपरिया भाई, हम आपका गाना इस्तेमाल करना चाहते हैं’, तो हम उन्हें 10 आइडिया देते। लेकिन बिना अनुमति गाना लेना सही नहीं है।” रैपर ने ‘शूरवीर’ के कॉपीराइट और लाइसेंसिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि ये अधिकार आपको किसने दिए या आपने किससे लिए। जिसने भी आपको अधिकार दिए हैं, उससे पूछिए कि क्या उसके पास कोई कॉपीराइट है?” एक्सेल एंटरटेनमेंट की सबसे बड़ी फिल्म बनी मिर्जापुर मिर्जापुर द मूवी एक्सेल एंटरटेनमेंट की पहली बड़ी थिएट्रिकल फिल्मों में से एक है, जो एक सफल स्ट्रीमिंग फ्रेंचाइजी से आई है। 'मिर्जापुर' सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। ये एक्सेल एंटरटेनमेंट की सबसे बड़ा ओपनिंग कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है। फिल्म ने डॉन 2, गली बॉय, रईस और गोल्ड जैसी फिल्मों को पीछे कर दिया है। 'मिर्जापुर' का पहला सीजन 16 नवंबर 2018 को रिलीज हुआ था, जिसमें कुल 9 एपिसोड थे। इसके बाद दूसरा सीजन 23 अक्टूबर 2020 को आया, जिसमें 10 एपिसोड शामिल थे। वहीं, तीसरा सीजन 5 जुलाई 2024 को रिलीज किया गया। इस सीजन में भी कुल 10 एपिसोड थे। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा के अलावा श्वेता त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंग्शा बिस्वास भी नजर आ रहे हैं।

Continue reading on the app

पानीपत की कनिका मान की बिग बॉस में धमाकेदार एंट्री:पानीपत से बिग बॉस तक का सफर, जानिए कैसे स्टार बनीं कनिका मान

हरियाणा के पानीपत से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कनिका मान अब रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में पहुंच गई हैं। 6 सितंबर को हुए ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान ने उनका स्वागत किया। कनिका शो की पहली कंटेस्टेंट के तौर पर बिग बॉस के घर में दाखिल हुईं। कनिका ने ‘शरारत’ गाने पर धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ बिग बॉस के मंच पर एंट्री ली। उनके अंदाज और डांस ने शुरुआत में ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया। सलमान ने की परफॉर्मेंस की तारीफ कनिका की परफॉर्मेंस के बाद सलमान खान ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कनिका को टेलीविजन और फिल्म एक्टर बताते हुए हरियाणा की छोरी के तौर पर दर्शकों से मिलवाया। इसके बाद सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कनिका अब ‘बिग बॉस की मेहमान’ बन गई हैं। सलमान ने बताया कि उनकी मां भी कनिका की बहुत बड़ी फैन हैं। बातचीत के दौरान सलमान की मां द्वारा कनिका के एक पुराने किरदार को लेकर की गई मजेदार टिप्पणी का जिक्र भी हुआ। इसी पर सलमान और कनिका के बीच हंसी-मजाक का सिलसिला शुरू हो गया। ‘नागिन’ के ड्रैगन को लेकर हुआ मजेदार कन्फ्यूजन बातचीत में कनिका के ‘नागिन’ से जुड़े किरदार का भी जिक्र आया। सलमान ने मजाक करते हुए पूछा कि उनकी मां ने कनिका को ‘ड्रैगन फ्लाई’ के तौर पर याद किया है। इस पर कनिका ने हंसते हुए सफाई दी कि वह ‘ड्रैगन फ्लाई’ नहीं बल्कि ड्रैगन थीं। सलमान ने भी मजाक को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उनकी मां को शायद दोनों किरदारों में कन्फ्यूजन हो गया है। कनिका ने हंसते हुए कहा कि उन्हें देखकर शायद ऐसा नहीं लगता होगा कि वह ड्रैगन हैं। बता दें की कनिका मान ने हाल ही में ‘नागिन 7’ में राधिका का किरदार निभाया था। शो में उनके किरदार को इच्छाधारी ड्रैगन के रूप में दिखाया गया था। इसी किरदार को लेकर बिग बॉस के मंच पर सलमान खान ने कनिका से मजाक किया और उनके ‘ड्रैगन मोड’ का जिक्र किया। सलमान ने कहा- सीरियल में राइटर बताता था कब निकलेगा ड्रैगन इसके बाद सलमान ने कनिका के ‘ड्रैगन’ वाले किरदार को बिग बॉस के घर से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सीरियल में तो राइटर तय करता था कि ड्रैगन कब बाहर आएगा, लेकिन बिग बॉस के घर में कोई राइटर नहीं है। सलमान ने कनिका से कहा कि अब देखना होगा कि ‘कनिका का ड्रैगन मोड कब ऑन होगा।’ इस पर कनिका ने अपने पुराने किरदार के अंदाज में ड्रैगन की एक्टिंग करके दिखाई। सलमान ने भी मजाकिया अंदाज में उनके लिए प्रॉप मंगवाया और कनिका के साथ यह पूरा सेगमेंट हंसी-मजाक से भर गया। ‘खून खोलने’ वाली सिचुएशन में दिखेगा असली ड्रैगन इसके बाद सलमान ने कनिका को बिग बॉस के घर की असली चुनौती समझाई। उन्होंने कहा कि वह कनिका को घर के अंदर की ऐसी परिस्थितियां देंगे, जिनमें उनका ‘खून खोल’ सकता है। सलमान ने समझाया कि जब अंदर से कनिका ‘आग बबूला’ होंगी, तभी उनका असली ‘ड्रैगन मोड’ देखने को मिलेगा। कनिका ने भी इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मजाकिया अंदाज में अपना जवाब दिया। पानीपत में जन्म, पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ मॉडलिंग का सफर कनिका मान का जन्म 7 अक्टूबर 1993 को हरियाणा के पानीपत में हुआ। उन्होंने चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान मॉडलिंग और ग्लैमर इंडस्ट्री की तरफ बढ़ने लगा था। शुरुआत में मनोरंजन की दुनिया में जाना उनके लिए आसान फैसला नहीं था। परिवार की तरफ से भी पढ़ाई और करियर को लेकर चिंताएं थीं। हालांकि बाद में परिवार ने उनका साथ दिया और कनिका ने मॉडलिंग को अपना करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। पंजाबी म्यूजिक वीडियो से मिली पहली पहचान कनिका ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी म्यूजिक वीडियो से की। 2015 के आसपास उन्होंने म्यूजिक वीडियो में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनका चेहरा पहचाना जाने लगा। म्यूजिक वीडियो के बाद उन्होंने पंजाबी फिल्मों का रुख किया। ‘रॉकी मेंटल’ में काम करने के बाद फिल्मों में भी उनकी मौजूदगी दर्ज हुई। इसके बाद वह ‘दाना पानी’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। ‘बढ़ो बहू’ से टीवी की दुनिया में कदम पंजाबी इंडस्ट्री में पहचान बनाने के बाद कनिका ने हिंदी टेलीविजन का रुख किया। वर्ष 2018 में उन्होंने टीवी शो ‘बढ़ो बहू’ से छोटे पर्दे पर शुरुआत की। इस शो में उन्होंने टिटली का किरदार निभाया था। हालांकि उन्हें असली पहचान इसके बाद मिले एक ऐसे किरदार से मिली, जिसने उन्हें घर-घर तक पहुंचा दिया। ‘गुड्डन’ बनीं तो घर-घर में पहचान मिली कनिका मान के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रहा ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’। जी टीवी के इस शो में उन्होंने गुड्डन का मुख्य किरदार निभाया। शो की लोकप्रियता के साथ कनिका भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गईं। उनकी एक्टिंग और किरदार को दर्शकों ने पसंद किया। यही वह दौर था, जब मॉडल और पंजाबी म्यूजिक वीडियो की दुनिया से निकली कनिका हिंदी टीवी की जानी-पहचानी अभिनेत्री बन गईं। टीवी के बाद ओटीटी और रियलिटी शो में भी आजमाया हाथ ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ के बाद कनिका ने खुद को सिर्फ टीवी तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने ओटीटी पर ‘रूहानियत’ में काम किया। इसके बाद 2022 में उन्हें रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ में भी देखा गया, जहां वह फाइनलिस्ट तक पहुंचीं। यानी कनिका ने अपने करियर में अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर खुद को आजमाया—म्यूजिक वीडियो, फिल्म, टीवी, ओटीटी और स्टंट रियलिटी शो। सोशल मीडिया पर भी कनिका की मजबूत पकड़ है कनिका मान की सोशल मीडिया पर भी मजबूत पकड़ है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 73 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर उन्हें 25 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। टीवी और फिल्मों में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ कनिका सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय रहती हैं और अपनी तस्वीरें, वीडियो और प्रोफेशनल अपडेट्स फैंस के साथ साझा करती हैं। अब बिग बॉस के घर में नई परीक्षा कनिका मान के करियर का नया पड़ाव अब ‘बिग बॉस 20’ है। 6 सितंबर 2026 को शो के ग्रैंड प्रीमियर में उन्होंने सलमान खान के सामने परफॉर्म किया और इसके बाद बिग बॉस के घर में एंट्री की। बिग बॉस में एंट्री के साथ ही कनिका को घर में एक खास भूमिका भी मिली और उन्हें ‘पपेट मास्टर’ के तौर पर पेश किया गया। अब उनके सामने चुनौती सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करने की नहीं, बल्कि घर के रिश्तों, विवादों और रणनीति के बीच खुद को मजबूत बनाए रखने की भी है।

Continue reading on the app

  Sports

अफगानिस्तान को यह क्या हुआ? सच दिखाकर डिलीट किया POK वाला मैप, पाकिस्तान था आगबबूला

भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले एक नक्शे ने पाकिस्तान की टेंशन बढ़ा दी. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमोशनल वीडियो में PoK और गिलगित-बाल्टिस्तान भारत के नक्शे में दिखे. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस पर आपत्ति जताई और मामला विदेश कार्यालय तक पहुंच गया. विवाद बढ़ने के बाद अब लेटेस्ट अपडेट है कि एसीबी ने विवादित मैप वाला वीडियो डिलीट कर दिया है. यह पूरा मामला ऐसे वक्त सामने आया जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्ते पहले से तनावपूर्ण हैं. वहीं भारत और अफगानिस्तान की तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होने वाली है. Wed, 9 Sep 2026 13:32:28 +0530

  Videos
See all

Akash Anand vs Ishan Anand: आकाश आनंद की जगह ईशान आनंद? मायावती के फैसले से BSP में नई हलचल #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-09T08:16:33+00:00

BRICS Summit 2026: PM मोदी से मिलेंगे Vladimir Putin, होगा बड़ा समझौता! | Su-57 fighter jet | N18P #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-09T08:15:10+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers