Nepal Flood Updates: नेपाल में जलप्रलय से भारी तबाही; मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 177 पहुंचा, 800 से अधिक लोग अब भी लापता
नेपाल के तिब्बत सीमा से सटे इलाकों में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मची तबाही में हताहतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नेपाल पुलिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, गुरुवार तक विभिन्न जिलों से 177 शव बरामद किए जा चुके हैं। इस आपदा में कई हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स, पक्के पुल और रिहायशी इमारतें जमींदोज हो चुकी हैं।
भारी तबाही के बीच नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने 826 लोगों के लापता होने की पुष्टि की है, जिनमें पर्यटक और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
100 भारतीय सुरक्षित मिले, टिमुरे से 21 का सफल रेस्क्यू
राहत दलों और आपदा प्रबंधन विभाग के गहन खोज अभियान के बाद लापता लोगों में से 100 भारतीय नागरिकों और 25 चीनी श्रमिकों को सुरक्षित खोज लिया गया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने जानकारी दी कि नेपाली सेना ने सबसे गंभीर रूप से प्रभावित टिमुरे क्षेत्र में सफल बचाव अभियान चलाकर 21 भारतीय और 95 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
इसके अलावा केरल सरकार की प्रवासी कल्याण एजेंसी नोर्का रूट्स (NORKA Roots) ने भी पुष्टि की है कि नेपाल में फंसे केरल के 53 नागरिक सुरक्षित हैं, हालांकि नेटवर्क ठप होने के कारण उनसे सीधे संपर्क में मुश्किलें आ रही हैं।
भारत सरकार ने जारी किए दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
आपदा की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के तीन विशेष आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नेपाल में फंसे भारतीय नागरिक और उनके चिंतित परिजन +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 और +977 981 032 6117 पर कॉल करके सीधे मदद मांग सकते हैं। दूतावास की टीमें स्थानीय प्रशासन और नेपाली सेना के साथ मिलकर लगातार भारतीयों की सुरक्षित निकासी और समन्वय में जुटी हैं।
नेपाल के विदेश मंत्री बोले, हाल के समय की सबसे बड़ी आपदा
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खानाल ने इस त्रासदी पर दुख जताते हुए इसे देश के हालिया इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक करार दिया है। उन्होंने बताया कि कुछ ही घंटों में कई बस्तियां और कस्बे पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। उन्होंने संकट की इस घड़ी में भारत सहित अन्य मित्र देशों द्वारा दी जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
विदेश मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पोखरा, काठमांडू, चितवन, लुंबिनी और एवरेस्ट जैसे नेपाल के प्रमुख पर्यटन क्षेत्र सुरक्षित हैं और वहां पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं।
प्रभावित इलाकों में सेना का बड़ा रेस्क्यू, पीएम ने लिया जायजा
बाढ़ से सबसे अधिक शव रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन, गोरखा, तनहुं और नवलपरासी जिलों से बरामद किए गए हैं, जिनमें से ज्यादातर शव दक्षिणी मैदानी क्षेत्र चितवन से मिले हैं। लापता लोगों में 579 पर्यटकों के अलावा नेपाली सेना के 48, पुलिस के 28 और आर्म्ड पुलिस फोर्स के 13 जवान भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नुवाकोट की बिदुर नगर पालिका सहित आपदा ग्रस्त इलाकों का दौरा कर भौतिक नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत, पुनर्वास व जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल करने के कड़े निर्देश दिए।
सलमान खान ने कैफे को दी चेतावनी:बोले- हाइजीन मेंटेन रखना, वरना उनको भेज दूंगा; क्या तुकाराम मुंढे की ओर किया इशारा
सलमान खान ने अपनी दोस्त सृष्टि साहनी के मुंबई के बांद्रा में खुले नए कैफे 'द टक शॉप एट सेवियोज' का वीडियो शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। साथ ही सलमान ने दोस्त को कैफे की हाइजीन बनाए रखने की मजाकिया अंदाज में चेतावनी दी। सलमान ने लिखा, “सृष्टि मेरी कॉफी रिफिल करना प्लीज। कीमत मत बढ़ाना, क्वालिटी मेंटेन करना। हाइजीन मेंटेन रखना, वरना मैं HIM को भेज दूंगा और काम हो जाएगा, बहन।” सलमान ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन “HIM” का इशारा महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) कमिश्नर तुकाराम मुंढे की ओर माना जा रहा है। यह बात ऐसे समय में आई है, जब महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी को लेकर कार्रवाई तेज है। सलमान ने अपने मशहूर “इट्स डन, ब्रो” कैचफ्रेज को भी अलग अंदाज में इस्तेमाल किया। उन्होंने मैसेज के आखिर में “इट्स डन, सिस” लिखा। सलमान की चेतावनी महाराष्ट्र में खाने-पीने की जगहों पर बढ़ी निगरानी के बीच आई। पिछले कुछ महीनों में FDA ने फूड सेफ्टी, हाइजीन और लाइसेंस से जुड़े उल्लंघनों को लेकर रेस्टोरेंट्स और दूसरे संस्थानों पर जांच और कार्रवाई तेज की है। तुकाराम मुंढे ने 26 मई 2026 को महाराष्ट्र FDA कमिश्नर का पद संभाला था। उनके पद संभालने के बाद विभाग ने रेस्टोरेंट्स, होटल्स, क्लब्स, फास्ट-फूड आउटलेट्स और संस्थागत किचन में जांच बढ़ाई है। मुंढे के कमिश्नर बनने के शुरुआती दो महीनों में FDA ने 3,000 से ज्यादा जांच कीं। करीब 165 फूड संस्थानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए। इस कार्रवाई में खराब हाइजीन, खाने में मिलावट, नकली पनीर, मिलावटी दूध और जरूरी लाइसेंस के बिना कारोबार करने जैसी शिकायतों पर ध्यान दिया गया। मुंढे के सख्त रवैये के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें रियल-लाइफ सिंघम का नाम भी मिला है। स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों को संबोधित करते हुए मुंढे ने फूड सेफ्टी और पब्लिक हेल्थ की जरूरत पर बात की थी। उन्होंने कहा था, “मेरा मानना है कि स्वस्थ देश के लिए स्वस्थ लोगों का होना जरूरी है। स्वस्थ लोगों के लिए अच्छा खाना और दवाइयां जरूरी हैं। इसके लिए रेगुलेटर्स को इस लक्ष्य की दिशा में काम करना चाहिए।” FDA ने शाहरुख, अजय और टाइगर को नोटिस भेजा गौरतलब है कि महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 11 अगस्त को शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इन तीनों अभिनेताओं ने 'विमल इलायची' का विज्ञापन किया था। इस मामले में अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) को अपना जवाब भेज दिया। वहीं, शाहरुख खान की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। तीनों एक्टर्स को नोटिस मिलने के 15 दिन के अंदर जवाब देने को कहा गया था। 'सीएनएन-न्यूज18' की रिपोर्ट के मुताबिक, रेगुलेटर को अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के जवाब मिल गए हैं। शाहरुख खान का जवाब अभी तक नहीं मिला है और FDA उनके रिप्लाई का इंतजार कर रहा है। रेगुलेटर ने सवाल उठाया है कि क्या यह विज्ञापन विमल पान मसाला के सरोगेट प्रमोशन के बराबर हो सकता है। FDA का कहना है कि भले ही विज्ञापन इलायची प्रोडक्ट के लिए है, लेकिन इसकी ब्रांडिंग पान मसाला ब्रांड से अप्रत्यक्ष कनेक्शन बना सकती है। तीनों एक्टर्स से मांगे गए थे सबूत FDA ने अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ से इस बात के सबूत मांगे थे कि उन्होंने विमल इलायची का जो विज्ञापन किया है, वह पूरी तरह अलग प्रोडक्ट है। इसके साथ ही उनसे यह भी साबित करने को कहा गया था कि यह विज्ञापन बैन किए गए विमल पान मसाला और तंबाकू के दूसरे प्रोडक्ट्स के प्रमोशन के लिए बनाया गया सरोगेट विज्ञापन नहीं है। FDA ने उनसे विज्ञापन से जुड़े एग्रीमेंट, कैंपेन ब्रीफ और अन्य दस्तावेज भी मांगे थे। शाहरुख ने जवाब नहीं दिया तो लगेगा जुर्माना अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ का जवाब मिलने के बाद अब FDA शाहरुख खान के जवाब का इंतजार कर रहा है। शाहरुख की तरफ से जवाब नहीं मिलने पर FDA क्या कार्रवाई करेगा, यह अभी साफ नहीं है। जानकारी के मुताबिक, समय सीमा तक जवाब न देने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। भ्रामक खाद्य विज्ञापन के मामले में FSS एक्ट की धारा 53 के तहत 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi





