जापान में आफत की बारिश, टोक्यो के दो इलाकों में लेवल-5 भूस्खलन चेतावनी
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाएची ने बताया कि टोक्यो के ओशिमा नगर 'लेवल-5 भूस्खलन आपदा विशेष चेतावनी' जारी की गई है. इन क्षेत्रों में काफी बारिश के बाद भूस्खलन की संभावना बनी हुई है. इससे पहले टोक्यो के ही नीइजीमा गांव के लिए चेतावनी जारी की गई थी। पीएम ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी जापान से लेकर उत्तरी जापान तक प्रशांत महासागर की तरफ के बड़े हिस्से में एक 'फ्रंट' और एक 'ट्रॉपिकल डिप्रेशन' (जो पहले टाइफून था) के असर से भारी बारिश हो सकती है. लोगों से भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, नदियों के जलस्तर बढ़ने और संभावित बाढ़ को लेकर पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है. प्रधानमंत्री तकाएची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर खतरे की जानकारी साझा कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की.
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''टोक्यो के नीइजीमा गांव के अलावा अब टोक्यो के ओशिमा नगर के लिए भी 'लेवल-5 भूस्खलन आपदा विशेष चेतावनी' जारी की गई है. इन क्षेत्रों में अभूतपूर्व स्तर की भारी बारिश हो रही है. खासकर भूस्खलन जोखिम वाले इलाकों में यह संभावना बहुत अधिक है। पहले ही कई घटनाएं हो चुकी हैं.'' पीएम तकाएची ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खतरे की संभावना बनी हुई है, ऐसे में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और तुरंत अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि यदि राहत शिविर तक जाना खतरनाक हो, तो जोखिम न उठाए अपनी जान बचाने को प्राथमिकता दें. चट्टानों, पहाड़ियों की ढलानों या नदी किनारों से दूर किसी अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में अन्य नगरपालिकाओं के लिए भी 'लेवल-5' विशेष चेतावनी जारी की जा सकती है. इसके अलावा, जिन इलाकों में फिलहाल 'लेवल-5' चेतावनी जारी नहीं हुई है, वहां भी खतरा बना हुआ है.
सरकार ने कहा है कि 'लेवल-5 भूस्खलन आपदा विशेष चेतावनी' जारी होने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में स्थापित प्रधानमंत्री कार्यालय संपर्क कक्ष के माध्यम से पूरी तैयारी के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इसके तहत स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय, जनता तक समय पर और सही जानकारी पहुंचाना, किसी भी नुकसान का आकलन करना और 'सबसे पहले लोगों की जान बचाने' की नीति के आधार पर आपातकालीन राहत और बचाव उपाय लागू करना शामिल है.
Input: IANS
2026 में दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की कुल शिपमेंट 10 करोड़ यूनिट्स के पार पहुंचने की उम्मीद: रिपोर्ट
नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की कुल शिपमेंट 2026 के अंत तक 10 करोड़ यूनिट्स के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है। यह जानकारी सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।
काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, यह इस कैटेगरी के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि दुनिया में पहले व्यावसायिक रूप से उपलब्ध फोल्डेबल स्मार्टफोन को लॉन्च हुए आठ साल हो चुके हैं।
2027 में दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की शिपमेंट सालाना आधार पर 37 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। इस वृद्धि की प्रमुख वजह इस सेगमेंट में एप्पल का प्रवेश और सैमसंग एंव अन्य कंपनियों के ज्यादा चौड़ी स्क्रीन वाले बुक-टाइप फोल्डेबल डिवाइस की मजबूत मांग है।
रिपोर्ट में कहा गया कि फिलहाल फोल्डेबल स्मार्टफोन की हिस्सेदारी दुनियाभर के कुल स्मार्टफोन बाजार में केवल करीब 2 प्रतिशत है। ऐसे में इस सेगमेंट के आगे विस्तार की काफी गुंजाइश है।
एप्पल के 2026 में 60 लाख तक फोल्डेबल आईफोन की शिपमेंट करने की उम्मीद है। इससे वैश्विक फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत हो सकती है। इसके साथ ही एप्पल सैमसंग के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। सैमसंग की बाजार हिस्सेदारी करीब 38 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन निर्माता की शुरुआती बिक्री मांग के बजाय सप्लाई की कमी से ज्यादा प्रभावित हो सकती है, क्योंकि शुरुआती चरण में उत्पादन क्षमता सीमित रहने की उम्मीद है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च ने कहा कि उत्पादन बढ़ने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में फोल्डेबल आईफोन की उपलब्धता धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।
रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक ने कहा, एप्पल के प्रवेश से प्रीमियम सेगमेंट में निश्चित रूप से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। हालांकि, फोल्डेबल स्मार्टफोन अभी भी कुल स्मार्टफोन बाजार का बहुत छोटा हिस्सा हैं, इसलिए इस कैटेगरी के मौजूदा स्तर से काफी आगे बढ़ने की गुंजाइश है।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में एप्पल की फोल्डेबल स्मार्टफोन शिपमेंट दोगुने से भी अधिक हो सकती है और उसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
रिसर्च फर्म ने कहा कि फोल्डेबल स्मार्टफोन की अगली 10 करोड़ यूनिट की संचयी शिपमेंट का आंकड़ा तीन साल के भीतर हासिल किया जा सकता है। हालांकि, उसने यह भी कहा कि फोल्डेबल स्मार्टफोन अभी भी सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में काफी महंगे हैं और इनकी कीमत करीब तीन गुना तक अधिक है। इस कारण बड़े पैमाने पर उपभोक्ताओं द्वारा इन्हें अपनाने में अभी कुछ साल और लग सकते हैं।
--आईएएनएस
एबीएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation





